All posts by Dr. A Deep

दो हजार करोड़ की कमाई करने वाली पहली भारतीय फिल्म बनी ‘दंगल’

आमिर खान के लिए इससे यादगार ईद भला क्या हो सकती है! ईद के दिन 2.5 करोड़ की कमाई कर उनकी फिल्म ‘दंगल’ दुनिया भर में 2000 करोड़ की कमाई करने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है। वैसे तो प्रभास अभिनीत व एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित ‘बाहुबली-2’ भी इस आंकड़े की ओर तेजी से बढ़ रही है, लेकिन 2000 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली पहली भारतीय फिल्म कहलाने का सौभाग्य ‘दंगल’ को मिला।

23 दिसंबर 2016 को रिलीज हुई ‘दंगल’ की इस रिकॉर्डतोड़ सफलता का सबसे अहम पहलू यह है कि इसमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी चीन की है। वहां इस साल 5 मई को रिलीज होने वाली ‘दंगल’ अब तक कुल 1154 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है। बड़ी बात यह कि इसका प्रभाव वहां अब भी बरकरार है। बता दें कि आमिर की फिल्म पीके ने भी चीन में काफी अच्छी कमाई की थी। इससे साफ है कि वहां बॉलीवुड के इस खान की खासी फैन फॉलोइंग है।

चीन के अलावा बाकी मुल्कों में भी ‘दंगल’ ने अच्छी कमाई की है, वहीं भारत में इसने अब तक 387 करोड़ रुपए कमाए हैं। बात जहां तक पड़ोसी पाकिस्तान की है, वहां इसे रिलीज ही नहीं किया गया, क्योंकि आमिर किसी भी सूरत में इस फिल्म से राष्ट्रगान वाला हिस्सा हटाने को तैयार नहीं थे।

बहरहाल, आमिर की सफलता ने साबित कर दिया है कि संजीदगी और शिद्दत से कोई काम किया जाय तो देश की सीमाएं भी छोटी पड़ जाती हैं। आमिर से पहले विदेशों में अगर किसी भारतीय अभिनेता के लिए इस तरह का क्रेज देखा गया था तो वे राज कपूर थे। लेकिन तब सौ, दो सौ, पांच सौ, हजार और दो हजार करोड़ के क्लब कल्पना से परे थे।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप

 

सम्बंधित खबरें


अमेरिका में इन 21 कंपनियों के सीईओ से मिल रहे हैं मोदी

डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद अपनी पहली अमेरिका यात्रा पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाशिंगटन पहुंच गए हैं। ट्रंप से उनकी मुलाकात सोमवार को होगी, लेकिन उससे पहले ही ट्रंप ने अपने आधिकारिक वेबसाईट से मोदी का स्वागत किया। मोदी को सच्चा दोस्त बताते हुए उन्होंने ट्वीट किया कि भारतीय प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए व्हाइट हाउस तैयार है। अहम रणनीतिक मुद्दों पर अपने सच्चे दोस्त से चर्चा होगी।

गौरतलब है कि सोमवार को होनेवाली ट्रंप-मोदी मुलाकात में दोनों देशों के बीच कई अहम करार होने की उम्मीद है। इस दौरान द्विपक्षीय हितों के अतिरिक्त दोनों नेताओं के बीच जिन मुद्दों पर बातचीत संभावित है, उनमें एच-1बी वीजा, पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन जैसे बड़े मुद्दे शामिल हैं।

बहरहाल, सोमवार की इस बहुप्रतीक्षित मुलाकात पर जहां भारत समेत पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हैं, वहीं प्रधानमंत्री मोदी की रविवार को दुनिया के टॉप 21 सीईओ से हो रही मुलाकात भी कम महत्वपूर्ण नहीं। इस समय जब ये पोस्ट लिखा जा रहा है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया के शीर्ष बिजनेस लीडर्स के साथ संवादरत हैं।

भारतीय प्रधानमंत्री के बातचीत में मौजूद बिजनेस वर्ल्ड के 21 बड़े नाम इस प्रकार हैं – शांतनु नारायण (एडोब), जेफ बेजोस (अमेजन), जिम टैक्लेट (अमेरिकन टावर कार्पोरेशन), टिम कुक (एप्पल), जिम उम्प्लेबाई (कैटरपिलर), जॉन चैंबर्स (सिस्को), पुनित रेंजेन (डेलॉइट ग्लोबल), डेविड फार (इमर्सन), मार्क वेनबर्गर (अर्नेस्ट एंड यंग), सुंदर पिचाई (गूगल), एलेक्स गोरस्की (जॉनसन एंड जॉनसन), जेमी डिमोन (जेपी मॉर्गन चेज एंड कंपनी), मेरिलिन ए ह्यूसन (लॉकहीड मॉर्टिन), आर्ने सोरेनसन (मैरियट इंटरनेशनल), अजय बंगा (मास्टरकार्ड), इरेन रोसेनफील्ड (मोंडेलेज इंटरनेशनल), डेविड रुबेन्स्टेन (द कार्लाइल ग्रुप), डग मैकमिलन (वॉलमॉर्ट), चार्ल्स काये (वारबर्ग पिनकस), डेनियल यार्गिन (आईएचएस मार्किट) और मुकेश आघी (यूएसआईसीबी)।

गौरतलब है कि मोदी ने 2015 में भी कई कंपनियों के सीईओ के साथ राउंड टेबल मीटिंग की थी और कई संभावनाओं का बीजारोपण किया था। उम्मीद की जानी चाहिए कि इस बार की मुलाकात के बाद वे संभावनाएं ठोस आकार लेंगी। मोदी दुनिया की इन दिग्गज कंपनियों को जीएसटी जैसे ऐतिहासिक सुधार के बाद बनी भारत की माकूल स्थिति से अवगत कराना चाहेंगे। साथ ही उन्हें ‘मिनिमम गवर्नमेंट और मैक्सिमम गवर्नेंस’ का भरोसा देंगे। मोदी ये अच्छी तरह जानते हैं कि उनके कार्यकाल के तीन वर्ष बीत चुके हैं और उनका देश उन्हें बड़ी उम्मीदों से देख रहा है। जाहिर है, अपनी कोशिशों में वे कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे।

‘मधेपुरा अबतक’ के लिए डॉ. ए. दीप

 

सम्बंधित खबरें


नीतीश ने ठुकराई लालू की अपील

राष्ट्रपति पद के लिए मीरा कुमार के विपक्ष की साझा उम्मीदवार बनते ही जहां एकतरफा दिख रहा चुनाव दिलचस्प हो गया है, वहीं बिहार की राजनीति पर भी ‘अनिश्चितता’ और ‘अविश्वास’ के बादल मंडराने लगे हैं। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने नीतीश द्वारा कोविंद को समर्थन दिए जाने को ‘ऐतिहासिक भूल’ करार दिया और मीरा की उम्मीदवारी की घोषणा के तत्काल बाद नीतीश से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की। लालू की इस अपील पर अपनी स्थिति साफ करने में जेडीयू ने वक्त नहीं लगाया और कहा कि राजनीतिक फैसले मिनट और सेकेंड में नहीं बदले जाते हैं। जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी ने स्पष्ट किया कि रामनाथ कोविंद को समर्थन देने का फैसला कई बातों पर विचार करने के बाद लिया गया है। हमारी पार्टी की सर्वोच्च समिति ने यह तय किया है, इसलिए इसे बदलने का, इस पर फिर से विचार करने का कोई सवाल ही नहीं है।

बहरहाल, विपक्ष के उम्मीदवार के चयन के लिए दिल्ली में हुई 17 विपक्षी दलों की बैठक में मीरा कुमार का नाम तय किए जाने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में लालू ने कहा था कि “मैं नीतीश कुमार से अपील करता हूं और शुक्रवार को पटना जाकर भी अपील करुंगा कि वह ऐतिहासिक भूल न करें। उनकी पार्टी से गलत निर्णय हो गया, उसे बदलें।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी नीतीश कुमार से यह अपील की है। यह पूछे जाने पर कि क्या नीतीश के एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने से बिहार सरकार पर खतरा पैदा हो गया है और क्या उन्हें धोखा दिया गया है, लालू ने कहा कि “धोखा दिया या नहीं यह नीतीश जानें। सरकार चलती रहेगी। उस पर कोई खतरा नहीं है।”

बात जहां तक महागठबंधन सरकार की है, तो उसमें बने रहना तीनों घटक दलों की जरूरत है। इन दिनों एक साथ कई मुश्किलों से घिरे लालू के लिए तो शायद सबसे अधिक। हां, इतना जरूर है कि कांग्रेस और लालू नीतीश की ओर से इस तरह के निर्णय के लिए बिल्कुल ‘तैयार’ नहीं थे। हालांकि जेडीयू का कहना है कि कोविंद का नाम आना नीतीश के लिए ‘धर्मसंकट’ की तरह था और विपक्ष को उनके इस निर्णय को इसी परिप्रेक्ष्य में लेना चाहिए। उनके इस निर्णय से संघमुक्त भारत की उनकी लड़ाई पर किसी को संदेह नहीं होना चाहिए।

कुल मिलाकर राजनीति शह और मात का खेल है और नीतीश ने अपनी चाल चल दी है। अब अपने निर्णय को वापस लेना उनके लिए ‘घर का न घाट का’ होने जैसा होगा। इसलिए तय है कि वे ऐसा नहीं करेंगे। लेकिन इतना जरूर है कि मीरा कुमार के सामने होने से वे कहीं-न-कहीं थोड़े ‘असहज’ जरूर होंगे। कारण यह कि मीरा कुमार कोविंद की तरह दलित होने के साथ-साथ महिला भी हैं और सबसे बड़ी बात यह कि वो बिहार से हैं। उधर मतों के हिसाब से कोविंद की जीत में मोदी-शाह को अब शायद संदेह न हो, लेकिन मीरा कुमार हर लिहाज से इतनी ‘सक्षम’ उम्मीदवार हैं कि भारतीय राजनीति की ये कद्दावर जोड़ी भी ‘जश्न’ परिणाम आने के बाद ही मना पाएगी।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप   

 

 

सम्बंधित खबरें


राष्ट्रपति चुनाव में नीतीश एनडीए के साथ

जैसी कि संभावना थी, बिहार के मुख्यमंत्री व जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को समर्थन देने का ऐलान कर दिया। बुधवार को पार्टी विधायकों की मीटिंग में नीतीश ने कहा कि वे सभी कोविंद के लिए वोट करें। नीतीश के इस निर्णय के साथ ही विपक्ष बिखर-सा गया। कांग्रेस ने अंत तक नीतीश को विपक्ष में बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन वे अपने निर्णय पर अडिग रहे। बदली हुई परिस्थितियों में कांग्रेस क्या निर्णय लेती है और किसे अपना उम्मीदवार बनाती है, यह देखने की बात होगी। उधर कोविंद को लेकर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का क्या रुख रहता है, यह देखना भी दिलचस्प होगा, क्योंकि अब उनके एक तरफ कांग्रेस है तो दूसरी तरफ नीतीश। और इन सबके बीच महागठबंधन सरकार कितनी ‘निर्विघ्न’ रह पाती है, इस पर भी सबकी निगाहें रहेंगी।

बहरहाल, नीतीश के समर्थन के बाद रामनाथ कोविंद की स्थिति और मजबूत हो गई है। अब उन्हें 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिल सकते हैं। यही नहीं, नीतीश की घोषणा के बाद डीएमके भी ‘धर्मसंकट’ में है। कोई आश्चर्य नहीं कि डीएमके समेत कुछ अन्य पार्टियां भी कोविंद को समर्थन दे दें। अगर ऐसा होता है तो एनडीए उम्मीदवार को 70 प्रतिशत तक मत मिल सकते हैं।

ये नीतीश ही थे, जिन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष को एकजुट करने की पहल की थी। अब जबकि वे एनडीए उम्मीदवार के साथ खड़े हो गए हैं, विपक्षी एकता ताश के पत्तों-सी बिखरती दिख रही है। हालांकि नीतीश कुमार ने कांग्रेस को भरोसा दिलाया है कि उनका निर्णय केवल राष्ट्रपति चुनाव की बाबत है, अन्यथा वे विपक्ष के साथ बने हुए हैं। गौरतलब है कि मंगलवार को उनकी इस मुद्दे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आज़ाद से लंबी चर्चा हुई थी।

गौरतलब है कि नीतीश द्वारा कोविंद को समर्थन देने के दो स्पष्ट कारण हैं। पहला यह कि बतौर राज्यपाल कोविंद ने नीतीश सरकार के लिए कभी कोई मुश्किल पैदा नहीं की। जब शराबबंदी का मामला कानूनी विवादों में आया तब भी वे नीतीश के साथ मजबूती से थे। कुलपतियों की नियुक्ति को लेकर भी पूर्व के राज्यपाल की तरह उन्होंने कोई नुक्ताचीनी नहीं की थी। दूसरा, यह कि कोविंद का विरोध कर नीतीश किसी भी स्थिति में यह संदेश नहीं दे सकते थे कि वे दलितविरोधी हैं। बिहार में उन्होंने अपनी जो राजनीतिक जमीन तैयार की है, उसमें दलितों-महादलितों की भूमिका छिपी नहीं है।

कुल मिलाकर ये कि राष्ट्रपति चुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में खलबली-सी मच गई है। अब बाकी जो हो, कोविंद का राष्ट्रपति बनना और उधर मोदी का और इधर नीतीश का फायदे में रहना तय है, इसमें कोई दो राय नहीं।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप

सम्बंधित खबरें


कोविन्द की उम्मीदवारी और दलों के समीकरण

देश के सर्वोच्च पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाए जाने के ठीक बाद बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने मंजूर कर लिया है। कोविंद की जगह पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी बिहार के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। इस बीच कोविंद ने अपने नाम की घोषणा होते ही दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व एनडीए के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और अपना आभार जताया। यही नहीं, कोविंद बिहार के लोगों को भी धन्यवाद देना नहीं भूले।

उधर राष्ट्रपति पद के लिए कोविंद के उम्मीदवार बनते ही विपक्ष के सारे समीकरण धरे के धरे रह गए। मोदी के इस मास्टर स्ट्रोक का जवाब फिलहाल किसी दल को नहीं सूझ रहा। कांग्रेस, शिवसेना और तृणमूल कांग्रेस ने अपनी ‘नाखुशी’ जरूर जाहिर की, लेकिन कोविंद के नाम का सीधा विरोध करना उनके लिए भी कठिन है। सच यह है कि शिवसेना, जिसने इस फैसले को ‘वोटबैंक’ की राजनीति करार दिया, वो भी उस ‘महादलित’ समुदाय का विरोधी कहलाना नहीं चाहेगी, जिससे कोविंद ताल्लुक रखते हैं।

वैसे जहां तक वोटबैंक की बात है, तो कोविंद से जिस पार्टी का वोटबैंक सबसे अधिक प्रभावित हो सकता है, वो है बहुजन समाज पार्टी। मायावती की तो पूरी राजनीति ही इस वोटबैंक पर टिकी है। अब बदले हालात में वो भाजपा को चाहे लाख कोस लें, लेकिन कोविंद का विरोध करने की भूल वो चाह कर भी नहीं कर सकतीं। उनका ऐसा करना अपना वोटबैंक दांव पर लगाने जैसा होगा।

इधर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चन्द्रशेखर राव सहित कई नेताओं ने भाजपा के इस फैसले का स्वागत किया। नीतीश कुमार ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ये मेरे लिए गर्व की बात है कि बिहार के राज्यपाल राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं। हालांकि, कोविंद को समर्थन देने की बाबत उन्होंने जरूर कहा कि इसका फैसला वो पार्टी की मीटिंग के बाद करेंगे, लेकिन ये तय माना जा रहा है कि नोटबंदी की तरह इस मामले में भी वे विपक्ष से अपनी राह अलग करेंगे।

राजनीति के जानकार बताते हैं कि नीतीश कोविंद को समर्थन देकर एक तीर से कई निशाने साधना चाहेंगे। सबसे पहले तो यह कि वे ऐसा कर कोविंद से अब तक अच्छे रहे रिश्ते को और ‘प्रगाढ़’ करना चाहेंगे। दूसरा, महागठबंधन से अलग भी उनके पास एक ‘विकल्प’ रहेगा और तीसरा, महादलितों के बीच इससे ‘पॉजिटिव’ मैसेज जाएगा। कुल मिलाकर ये कि राजनीति का निराला खेल देखिए, अभी हाल-हाल तक नीतीश राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी एकता की पहल कर रहे थे, और अब संभवत: विपक्षी दलों में से कोविंद को समर्थन देने की पहल भी वही करें।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप

सम्बंधित खबरें


सचमुच मोदी के पेट में था राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का नाम

एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के संबंध में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपने अंदाज में बड़ा दिलचस्प बयान दिया था कि उनके उम्मीदवार का नाम और कहीं नहीं, नरेन्द्र मोदी के पेट में है। आज एनडीए द्वारा देश के सर्वोच्च पद के लिए अपने उम्मीदवार का नाम घोषित करते ही लालू की बात बिल्कुल सही साबित हुई। लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, मोहन भागवत, सुषमा स्वराज, सुमित्रा महाजन, द्रौपदी मुर्मू जैसे कई नाम बस कयास बनकर हवा में तैरते रहे और आज घोषणा हुई रामनाथ कोविंद के नाम की। पेशे से वकील रहे कोविंद वर्तमान में बिहार के राज्यपाल हैं। साफ-सुथरी छवि वाले, शालीन और अनुभवी व्यक्ति हैं कोविंद। राज्यपाल बनने से पूर्व दो बार राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके हैं, लेकिन उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाएगा, ये स्वयं उनके लिए भी कल्पनातीत बात रही होगी। राजनीति के जानकार बताते हैं कि उन्हें राज्यपाल भी ‘अचानक’ ही बनाया गया था और अब राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार भी वे ‘अचानक’ ही बने हैं।

बहरहाल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज रामनाथ कोविंद के नाम का ऐलान किया। इससे पहले राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार तय करने को लेकर राजधानी दिल्ली में भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत सभी बड़े नेता इस बैठक में पहुंचे। मीटिंग में सांसदों और विधायकों को मौजूद रहने को कहा गया ताकि वे उम्मीदवार के नॉमिनेशन पेपर पर दस्तखत कर सकें। करीब 45 मिनट की मीटिंग के बाद शाह और मोदी ने अकेले में बैठक की। इसके बाद ही कोविंद के नाम का ऐलान कर दिया गया।

बता दें कि 1 अक्टूबर 1945 को कानपुर देहात में जन्मे कोविंद दलित समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कानपुर यूनिवर्सिटी से बीकॉम और एलएलबी की डिग्री हासिल की। दिल्ली हाईकोर्ट में वकील रहे कोविंद 1994 में यूपी से राज्यसभा के लिए चुने गए और लगातार दो बार यानि 2006 तक राज्यसभा के सदस्य रहे। वे कई संसदीय कमिटियों के चेयरमैन भी रहे। यह भी गौरतलब है कि कोविंद ऑल इंडिया कोली समाज और भाजपा दलित मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं।

कोविंद को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाकर मोदी ने एक तीर से कई निशाना साधने की कोशिश की है। सबसे पहले तो यह कि मोदी के आभामंडल को कोविंद से दूर-दूर तक कोई ‘चुनौती’ नहीं मिल सकती। दूसरा यह कि कोविंद के दलित समुदाय से होने के कारण उनका सीधा विरोध करने से पहले हर पार्टी को कई बार सोचना पड़ेगा, यानि कि उनकी जीत सुनिश्चित। और तीसरा यह कि 2019 के चुनाव में उत्तर प्रदेश में, जहां से सबसे ज्यादा सांसद चुने जाते हैं, इससे बड़ा लाभ मिलेगा, क्योंकि कानपुर से आने वाले कोविंद के राष्ट्रपति बनने से वहां की दलित नेता मायावती की राजनीतिक धार कमोबेश कुंद जरूर होगी, जिससे भाजपा फायदे में रहेगी।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप

सम्बंधित खबरें


मदर्स डे का पूरक है फादर्स डे

पिता यानि हमारे सर्जक, हमारे निर्माता, हमारे ब्रह्मा… जिनकी ऊंगलियों के इशारे से हमारी दुनिया आकार लेती है, जिनके दिए संस्कार से हमारे विचार व्यवहार में ढलते हैं, जिनकी तपस्या से हम सम्पूर्ण मनुष्य बनते हैं… और दुनिया का क्रम चलता रहता है। जिस तरह मां के लिए कहा जाता है कि ईश्वर स्वयं हर जगह नहीं हो सकते, इसीलिए उन्होंने मां को बनाया, उसी तरह पिता के लिए कहना गलत न होगा कि मां के रूप में हर जगह होकर भी ईश्वर के लिए संसार चलाना संभव न था, इसीलिए उन्होंने अपनी पूर्णता के लिए अपनी ही असंख्य प्रतिकृतियां बनाईं और उन्हें पिता का नाम दे दिया। इन्हीं पिता को समर्पित दिन है – फादर्स डे। संतान के लिए पिता के अवदान के प्रति, उनके प्रेम, संघर्ष और त्याग के प्रति श्रद्धा से सिर झुकाने का दिन। दूसरे शब्दों में मदर्स डे का पूरक दिन।

फादर्स डे की मूल परिकल्पना अमेरिका की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक फादर्स डे सर्वप्रथम 19 जून 1909 को मनाया गया था। वाशिंगटन के स्पोकेन शहर में सोनोरा डॉड ने अपने पिता की स्मृति में इस दिन की शुरुआत की थी। इसकी प्रेरणा उन्हें मदर्स डे से मिली थी।

आगे चलकर 1916 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति वुडरो विल्सन ने इस दिन को मनाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। धीरे-धीरे इस दिन को मनाने का चलन बढ़ता गया और 1924 में राष्ट्रपति कैल्विन कुलिज ने इसे राष्ट्रीय आयोजन घोषित किया। इसके उपरान्त 1966 में राष्ट्रपति लिंडन जॉनसन ने इसे जून के तीसरे रविवार को मनाने का फैसला किया और 1972 में राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने इस दिन को नियमित अवकाश के रूप में घोषित किया।

माता-पिता इस धरती के साक्षात ईश्वर हैं। उन्हें सम्मान हम चाहे जिस बहाने से दें वो गलत नहीं, लेकिन अगर सम्मान केवल दिनविशेष में सिमट कर रह जाए तो ये अनैतिकता की पराकाष्ठा होगी। पर आज हो कुछ ऐसा ही रहा है। समय बीतने के साथ मदर्स डे और फादर्स डे का व्यवसायीकरण होता गया। ग्रीटिंग कार्ड और उपहार तो हमें याद रहे लेकिन इन दिनों के सार, संदर्भ और संदेश को हम भुला बैठे। आज दुनिया के लगभग हर हिस्से में ये दिन मनाए जाते हैं और विरोधाभास देखिए कि दुनिया के हर हिस्से में ओल्ड एज होम भी बढ़ रहे हैं। आज हमारे पास अपने माता-पिता के लिए वक्त नहीं, लेकिन फेसबुक और व्हाट्स एप पर ये जताने में हम सबसे आगे होते हैं कि हम उन्हें कितना चाहते हैं, हमें उनकी कितनी फिक्र है और वो हमारे लिए क्या मायने रखते हैं। आईये, इस विरोधाभास को दूर करें। माता-पिता के लिए अपने सम्मान को केवल औपचारिकता न बन जानें दें।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप

सम्बंधित खबरें


क्या मोदी के लिए ओबामा जैसी गर्मजोशी दिखाएंगे ट्रंप ?

अपनी विदेश यात्राओं के लिए खास तौर पर चर्चा रहने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर अमेरिका जा रहे हैं। पर ये यात्रा उनकी पिछली यात्राओं की तरह ‘चकाचौंध’ वाली नहीं होगी। इस बार वे साल 2014 के बहुचर्चित मैडिसन स्कवॉयर कार्यक्रम की तरह भारतीय मूल के लोगों से हाई-प्रोफाइल मुलाकात नहीं करेंगे। बल्कि 25 और 26 जून को राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात के दौरान भारतीय समुदाय के एक छोटे से तबके के साथ बातचीत में हिस्सा लेंगे। बताया जा रहा है कि ऐसा ‘समय की कमी’ और ‘अनुकूल वातावरण न होने’ के कारण किया जा रहा है। वैसे प्राप्त जानकारी के मुताबिक इससे पहले ह्यूस्टन में एक सामुदायिक इवेंट की योजना बनाई गई थी जिसके लिए भारतीय समुदाय के लोग खासे उत्साहित थे। लेकिन वर्तमान राजनीतिक माहौल को देखते हुए इसे टाल दिया गया।

डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का ये पहला अमेरिकी दौरा है। हालांकि इससे पहले दोनों नेताओं के बीच करीब तीन बार फोन पर बातचीत हो चुकी है। विदेश मंत्रालय ने 25 जून को शुरू होने वाली प्रधानमंत्री की इस अमेरिकी यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 26 जून को राष्ट्रपति ट्रंप के साथ आधिकारिक बातचीत करेंगे। उनकी चर्चा पारस्परिक हित के मुद्दों पर गहरे द्विपक्षीय संबंधों और भारत-अमेरिका के बीच बहुआयामी रणनीतिक भागीदारी को मजबूत बनाने के लिए नई दिशा प्रदान करेगी।

ट्रंप और मोदी की मुलाकात के दौरान जिन मुद्दों पर बातचीत संभावित है उनमें एच-1बी वीजा का मुद्दा भी शामिल है। इस संबंध में भारत अपनी चिन्ता जता सकता है। गौरतलब है कि इस वीजा का इस्तेमाल भारतीय आईटी कंपनियां करती हैं और ट्रंप ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान इस वीजा प्रोग्राम के ‘दुरुपयोग’ को बड़ा मुद्दा बनाया था। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन समझौता भी चर्चा के लिए एक बड़ा मुद्दा है।

बहरहाल, ओबामा शासन के दौरान मोदी और ओबामा की रिकॉर्ड आठ बार मुलाकात हुई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाशिंगटन का तीन बार दौरा किया था, जबकि साल 2015 में तत्कालीन राष्ट्रपति ओबामा भारत आए थे। अब जबकि दोनों देशों के संदर्भ व हालात में खासा बदलाव आ चुका है, ये देखना दिलचस्प होगा कि ट्रंप मोदी के लिए कितनी गर्मजोशी और आत्मीयता दिखाते हैं। कहना गलत न होगा कि मोदी के इस अमेरिकी दौरे पर उनके समर्थकों और विरोधियों की नज़र एक साथ टिकी होगी।

‘मधेपुरा अबतक’ के लिए डॉ. ए. दीप

 

सम्बंधित खबरें


और नीतीश ने किसानों का दिल जीत लिया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजधानी पटना के गांधी मैदान स्थित ज्ञान भवन के अशोक कन्वेंशन सेंटर में किसान समागम का उद्घाटन किया। इस समागम का आयोजन कृषि विभाग ने राज्य के लिए तीसरा कृषि रोड मैप 2017-2022 तैयार करने के लिए किया था। बता दें कि पहला कृषि रोड मैप 2008-2012 और दूसरा कृषि रोड मैप 2012-2017 के लिए तैयार किया गया था।

शुक्रवार से शुरू हुए इस किसान समागम में राज्य के सभी जिलों से आए कृषि से संबंधित 534, पशुपालन से 75, मत्स्य से 25, वन व पर्यावरण से 25, सहकारिता से 25 एवं गन्ना से 15 किसानों द्वारा दिए गए सुझावों पर तीसरा कृषि रोड मैप तैयार किया जाएगा। रोड मैप तैयार कर लिए जाने के बाद बिहार में बीज हब की स्थापना की जाएगी ताकि किसानों को बीजों की समस्या से निजात मिल सके और राज्य में अबाध गति से कृषि का विकास हो।

किसान समागम का खास आकर्षण रहा दोपहर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीब 1400 किसानों के साथ जमीन पर बैठकर खाना। नीतीश ने कृषि विभाग को इसकी व्यवस्था करने का विशेष निर्देश दिया था। राज्य भर से आए किसानों पर इसका सकारात्मक असर भी तुरत देखने को मिला। नीतीश के इस कदम से उत्साहित जमुई के एक किसान ने कहा कि एक तरफ सरकारें किसानों पर गोलियां चलवा रही हैं और दूसरी ओर नीतीश किसानों के बीच बैठकर भोजन कर रहे हैं।

इस कार्यक्रम में जुटे किसानों ने खुलकर अपनी बातें कहीं और मुख्यमंत्री उन्हें डूब कर सुनते रहे। अच्छी बात यह कि उन्होंने कृषि योजनाओं की खूबियों और खामियों दोनों को समभाव से सुना। किसानों ने जहां खूबियों को रेखांकित किया, वहीं कमियों की ओर भी इशारा किया। माहौल एकदम दोस्ताना था। यहां तक कि मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ हंसी-ठिठोली भी की। मुख्यमंत्री के साथ इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, मंत्री जय कुमार सिंह, आलोक मेहता और अवधेश सिंह तथा तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप

सम्बंधित खबरें


जी हां, बिहार में ‘आईआईटीयन वाला गांव’ भी है !

एक तरफ जहां बिहार 12वीं में 65 प्रतिशत छात्रों के फेल होने से शर्मसार हो रहा है और साथ ही लगातार दूसरे साल रिजल्ट घोटाले का दंश झेल रहा है, वहीं ऐसे उदाहरण भी यहां मौजूद हैं जो सीने को चौड़ा और सिर को ऊंचा कर देते हैं और ये विश्वास दिलाते हैं कि क्षणविशेष में चाहे अंधेरा कितना ही घना क्यों न हो जाय, उजाले की कमी यहां न रही है और न रहेगी। चलिए आपको लिए चलते हैं गया के मानपुर प्रखंड के पटवा टोली गांव में जहां से इस साल एक नहीं, दो नहीं पूरे 20 छात्रों ने आईआईटी की परीक्षा में कामयाबी पाई है। आपको सुखद आश्चर्य होगा कि 10 हजार की आबादी वाले इस गांव से पिछले 25 सालों में 300 से ज्यादा इंजीनियर निकल चुके हैं और देश-दुनिया में बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं। आज इस गांव को लोग बड़े फक्र से ‘आईआईटीयन वाला गांव’ कहते हैं।

पटवा टोली की ये उपलब्धि तब और बड़ी दिखेगी आपको जब आप जानेंगे कि इस गांव में ज्यादातर आबादी बुनकरों की है। इन बुनकरों की जेब में पैसे चाहे हों या न हों लेकिन उनके पास जो चीज आपको निश्चित तौर पर दिख जाएगी, वो है उनके दिल में अपने बच्चों को इंजीनियर बनाने की ललक और इसके लिए दिन-रात मेहनत करने का जज्बा।

बुनकरों के इस गांव के सुनहले सफर की शुरुआत 1992 में हुई थी, जब इस गांव के जितेन्द्र प्रसाद ने सबसे पहले आईआईटी की परीक्षा पास की। ये वो वक्त था जब पटवा टोली और आसपास के गांव आर्थिक मंदी से जूझ रहे थे और पुश्तैनी पेशे में संभावना न देख यहां के बुनकर अपने बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने लगे थे। जितेन्द्र प्रसाद की सफलता से उनमें उम्मीद और विश्वास की ऐसी लौ जगी कि अब हर साल यह गांव अपने होनहारों के कारण चर्चा में रहता है।

एक और अहम बात यह कि आज जबकि सिवाय अपनी सफलता और सुख के लोग अपने परिवार के अन्य सदस्यों तक का ख्याल आमतौर पर नहीं रखते, ऐसे में यहां के पूर्व इंजीनियरिंग छात्रों ने मिलकर ‘नवप्रयास’ नाम की एक संस्था बनाई है जो आईआईटी की परीक्षा देने वाले छात्रों को पढ़ाई में मदद करती है। कहना गलत न होगा कि बुद्ध की इस ज्ञानभूमि में उनका अंश आज भी मौजूद है। धर्म और आध्यात्म की दुनिया के उस इंजीनियर के खोजे ‘मध्यममार्ग’ पर चलकर आज की पीढ़ी अगर इंजीनियरिंग का झंडा फहरा रही है, तो आश्चर्य क्या है!

चलते-चलते

इस साल जेईई एडवांस्ड की परीक्षा में यहां के जिन 20 छात्रों ने सफलता का परचम लहराया है, वे हैं – सन्नी कुमार, केदार नाथ, विनित कुमार, रंजन कुमार, कृष्णा कुमार, डॉली राज, गौतम राज, रंजीत कुमार, अभय कुमार, राहुल कुमार, रौशन कुमार, चेतन कुमार, अंकित कुमार, अमर कुमार, बबलू कुमार, गोपी कुमार, अमन कुमार, सरस्वती कुमारी, परमानंद कुमार और रंजीत कुमार। ‘मधेपुरा अबतक’ की ओर से इन सबको हार्दिक बधाई! और साथ में सलाम पटवा टोली की मिट्टी को!!

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप

सम्बंधित खबरें