पृष्ठ : बिहार अबतक

इरादे हो नेक, हौसले सदाबहार……. आइए ! मिलकर बनायें अपना बिहार- MLC डॉ.संजीव कुमार

कोसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद डॉ.संजीव कुमार सिंह के द्वारा सदन में “नियोजित शिक्षकों के वेतन के विरुद्ध बैंक से लोन दिये जाने” के बाबत एक अल्प सूचित प्रश्न पूछा गया | सदन में MLC डॉ.संजीव ने माननीय अध्यक्ष महोदय से कहा कि जब राज्य सरकार के किसी भी कर्मी को वेतन के विरुद्ध लोन देने का प्रावधान है तो नियोजित शिक्षकों को इसके लिए इतनी परेशानी क्यों उठानी पड़ती है |

बता दें कि कोसी के शिक्षक प्रतिनिधि डॉ.संजीव कुमार सिंह के इस सवाल के जवाब में प्रभारी वित्त मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने यही कहा- “राज्य सरकार इस मामले को राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में उठायेगी |”

यह भी जानिये कि MLC डॉ.संजीव कुमार सिंह ने सदन में माननीय अध्यक्ष महोदय के समक्ष सवाल उठाते हुए कहा कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा वर्ग दशम एवं बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं की परीक्षाओं से संबंधित सारी प्रक्रियाएं ‘ऑन लाइन’ कर दी गई है जो स्वागत योग्य है | परंतु, अधिकांश विद्यालयों/महाविद्यालयों को कंप्यूटर संबंधी सुविधाएं नहीं रहने के कारण वसुधा केंद्र या साइबर कैफे पर निर्भर करना पड़ता है | जिसके फलस्वरूप पंजीयन से लेकर परीक्षा प्रपत्रों में अनेक त्रुटियां रह जाती हैं और इन गलतियों के कारण प्रभारी शिक्षकों या प्राचार्यों को बेवजह दंड भुगतना पड़ता है | महोदय, क्या सरकार उक्त समस्या के समाधान हेतु ऐसे संस्थानों में कंप्यूटर कक्ष के साथ-साथ कंप्यूटर आदि की व्यवस्था बिहार विद्यालय परीक्षा समिति में जमा राशि के माध्यम से कराना चाहेगी ?

बता दें कि विधान पार्षद डॉ.संजीव ने सदन में आगे माननीय अध्यक्ष महोदय से पुनः अनुरोध किया कि विगत माध्यमिक परीक्षाओं में परीक्षार्थियों के कभी जूते खोले गये तो कभी चश्मे उतारे गये- ऐसी स्थिति में वे सहज होकर परीक्षा कैसे दे पायेंगे ? अच्छा होगा कि भविष्य में नजदीक के केंद्रों पर परीक्षा देने की व्यवस्था हो और जिन विद्यालयों में चहारदीवारी नहीं है वहां बाउंड्रीवाल बनाया जाय | परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व यानि गेट से बाहर ही सहजतापूर्वक सघन जांच करा ली जाय |

और यह भी जानिए कि ताजिंदगी MLC रहने वाले शारदा बाबू के समय से अद्यतन उनके पुत्र एमएलसी डॉ.संजीव के कार्यकाल में भी वित्त रहित शिक्षकों एवं समान काम के लिए समान वेतन भुगतानादि की चर्चाएं करते रहने वाले बी.एन.मंडल कॉमर्स कॉलेज के फाउंडर एवं भू.ना.मंडल विश्वविद्यालय में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी द्वारा शिक्षकों के कई महीनों से वेतन/पेंशन नहीं मिलने के सवाल को उठाते हुए विधान पार्षद डॉ.संजीव कुमार सिंह ने सदन में माननीय अध्यक्ष जी से यही कहा-

“महोदय ! विभागीय लापरवाही और संवेदनशीलता की कमी के कारण ही 6 महीने से शिक्षकों को वेतन/पेंशन नहीं मिला है | क्या सरकार वेतन/पेंशन भोगियों को इस विलंब के कारण हुई परेशानियों के बाबत सूद सहित वेतन/पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करेगी- राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के उच्च न्यायालयों के न्यायादेशों के अनुसार…….!!”

यूँ कहने के लिए सरकार के पास पैसे नहीं है जबकि शिक्षा विभाग द्वारा 1625 करोड़ की राशि सरेंडर किये जाने का समाचार चंद रोज कबल दैनिक जागरण में छपा है |

नोट- एमएलसी डॉ.संजीव को शिक्षकों के हितार्थ सदन में दहाड़ते हुए देखना व सुनना चाहते हैं तो नीचे क्लिक करें |

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा की बेटी ‘ललिता’ बनेगी एक दिन पीटी उषा …..!

‘ललिता’ मधेपुरा की बेटी ! पूरा नाम सुमन भारती ‘ललिता’ ! अभावों का कुबेर है वह !  21 वर्षीय ललिता ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के बूते कोई भी मंजिल पाई जा सकती है |

बता दें कि 1997 में जन्म ग्रहण करने वाली ललिता के सिर से 2000 आते-आते माता-पिता का साया उठ गया | उसके बाद ललिता के पालनहार बने नाना-नानी को भी 2008 में आई कुसहा त्रासदी ने छीन ली | और तब से ललिता की जिंदगी में शुरू हुए संघर्ष का दौर आज तक जारी है लेकिन उसके जुनून के सामने कोई टिक नहीं पाता है | छोटी सी उम्र में अनाथ होने के बावजूद ललिता के अंदर कभी जज्बे की कमी नहीं रही | तब से जख्मों पर मरहम लगा-लगाकर ट्रैक पर नंगे पाँव दौड़ लगाती रही ललिता | मधेपुरा की बेटी अब कोसी का ही नहीं बल्कि बिहार का भी नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रही है |

यह भी जानिये कि मैराथन दौर में राष्ट्रीय स्तर पर 5 मेडल हासिल करने वाली ललिता राज्य स्तर पर 7 बार गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी है | राष्ट्रीय फलक पर कोसी का नाम रोशन करने के बाद ललिता का अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना है |

यह भी बता दें कि जहाँ 2013 में भारतीय रेल द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता एवं 2014 में ऑल इंडिया सोसाइटी की प्रतियोगिता में ललिता विनर व रनर रही वहीं 2015 के नेशनल एथलेटिक्स में प्रथम स्थान पाकर ललिता ने बिहार का नाम रोशन किया | फिर जहां 2016 में नेशनल मैराथन में गोल्ड मेडल जीतकर बिहार का परचम लहराया वहीं 2017 में पटना के गांधी मैदान में आयोजित मैराथन की विनर बनी और बंगाल में आयोजित नेशनल एथलेटिक्स की रनर रही |

ऐसी धाविका को मदद के रेस में सरकारी तंत्र भी रह जाता है पीछे, तभी तो रनिंग ट्रैक पर कमाल करने और धमाल मचाने के लिए नाइट गार्ड की नौकरी करनी पड़ती है ललिता को | फिलहाल मधेपुरा जिला के डंडारी गाँव में माता स्व. मीरा एवं पिता स्व. लक्ष्मी यादव के घर जन्मी अनाथ ललिता को उत्साहित एवं प्रोत्साहित करने के लिए गुरु सह कोच शंभू कुमार हैं जिसे ललिता अपने जीवन का आदर्श मानती है |

सम्बंधित खबरें


तय होने लगे राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम

23 मार्च को निर्धारित राज्यसभा चुनाव के नामांकन की तारीख – 12 मार्च – के निकट आते ही पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित करने शुरू कर दिए हैं। जैसा कि तयप्राय था, सत्तारूढ़ भाजपा ने वित्तमंत्री अरुण जेटली व कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद समेत अपने सभी बड़े नेताओं को पुन: उच्च सदन भेजने की घोषणा कर दी है। उधर सपा ने अपने हिस्से की एक सीट पर एक बार फिर जया बच्चन को भेजने का मन बना लिया है, जबकि संख्याबल के हिसाब से जीतने की संभावना क्षीण होने के बावजूद बसपा ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जेडीयू की बात करें तो पार्टी ने उम्मीदवारों को लेकर अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

भाजपा उम्मीदवारों की बात करें तो पार्टी ने उत्तर प्रदेश से वित्त मंत्री अरुण जेटली को उम्मीदवार बनाया है, जबकि मध्यप्रदेश की दो सीटों के लिए थावर चंद गहलोत और उर्जा मंत्री धर्मेद्र प्रधान के नाम का ऐलान किया गया है। गुजरात की बात करें तो वहां की दो सीटों के लिए मनसुख लाल मंडाविया और पुरुषोत्तम रुपाला को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया है। हिमाचल प्रदेश से स्वास्थ मंत्री जेपी नड्डा को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है। केन्द्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद को बिहार के रास्ते राज्यसभा भेजना तय हुआ है, तो वहीं राजस्थान से भूपेन्द्र यादव को उम्मीदवार बनाया गया है।

सपा की बात करें तो पार्टी ने यूपी से जया बच्चन को उम्मीदवार बनाया है। पहले चर्चा थी कि नरेश अग्रवाल को राज्यसभा का टिकट दिया जा सकता है। वहीं बसपा ने भीमराव अंबेडकर को अपना प्रत्याशी बनाया है। यहां कहा जा रहा था कि संभवत: पार्टी सुप्रीमो मायावती खुद को राज्यसभा भेजने की कोशिश कर सकती हैं। लेकिन कहा जा सकता है कि संख्याबल पर्याप्त ना होने से केवल अन्य पार्टियों के समर्थन के भरोसे उन्होंने ऐसा करना उचित नहीं समझा।

इधर बिहार से जेडीयू के राज्यसभा उम्मीदवारों की बात करें तो पार्टी ने अभी सस्पेंस बनाकर रखा हुआ है। वैसे राजनीति के जानकार बताते हैं कि दो में से एक सीट के लिए प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह का नाम तय है, जबकि दूसरी सीट के लिए हवा में कई नाम तैर रहे हैं।

बता दें कि चुनाव आयोग ने अलग-अलग राज्यों की 58 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीख 23 मार्च रखी है। वहीं नामांकन की आखिरी तारीख 12 मार्च तय की गई है। 15 मार्च तक नामांकन वापस लिया जा सकता है। यह भी जानें कि उत्तर प्रदेश से 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है तो वहीं महाराष्ट्र और बिहार से 6-6 सदस्यों का चुनाव होना है। मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल से 5-5 तो ओडिशा, राजस्थान, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से 3-3 सीटों के लिए चुनाव होना है।

सम्बंधित खबरें


106 दीपों की श्रृंखला प्रज्वलित कर मनेगा गौरवशाली बिहार दिवस- डीएम

डायनेमिक डीएम मो.सोहैल (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में समाहरणालय सभा कक्ष में 5 मार्च को आयोजित बैठक में पदाधिकारियों एवं गणमान्यों द्वारा दो दिवसीय ‘बिहार दिवस’ को हर्षोल्लास के साथ समारोह पूर्वक मनाये जाने का निर्णय लिया गया |

बता दें कि जिले के सभी विद्यालयों के बच्चे-बच्चियों द्वारा 22 मार्च को प्रभात फेरी निकाली जायेगी जिसमें बिहार के गौरव को बढ़ाने वाले नारे लगाये जायेंगे | प्रभात फेरी में बच्चों के हाथ में तख्तियों पर बाल विवाह बन्दी, दहेज बन्दी, नशान्दी के साथ-साथ शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों सहित आधुनिक बिहार के विकास का गौरवगान भी किया जायेगा | हर आम व खास जन स्वच्छता अभियान के साथ-साथ वन विभाग से सहयोग लेकर अपने-अपने क्षेत्र में वृक्षारोपण भी करेंगे |

यह भी जानिये कि शाम में सरकारी भवनों को नीली रोशनी से सजाया जायेगा | साथ ही आमजन को भी जानकारी दी जा रही है कि वे अपने-अपने भवन पर भी 106 दीपों की श्रंखला प्रज्वलित कर बिहार की गरिमा को गौरवान्वित करें | गांव में चौपाल एवं शहर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाय | प्रखंडस्तर से लेकर जिला स्तर तक दो दिवसीय विकास मेला, कृषि मेला, खेलकूद एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया | मेला में मनरेगा, जीविका……. आदि के अतिरिक्त सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाया जायेगा | खेलकूद प्रतियोगिता महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के लिए आयोजित किया जाएगा | ये सारे आयोजन कला संस्कृति एवं युवा निदेशालय के गाइड लाइन के आलोक में होगा |

दो दिनों के कार्यक्रमों को आकर्षक बनाने हेतु स्थानीय कलाकारों एवं बाहर के नामचीन कलाकारों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुति किये जाने का निर्णय लिया गया | साथ ही कला स्थायी समिति के सदस्य मो.शौकत अली के प्रस्ताव मुशायरा व कवि सम्मेलन एवं डीआरडीए उद्यान में झल्लू बाबू की प्रतिमा की स्वीकृति के साथ-साथ स्थाई समिति के सदस्य व समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी के प्रस्ताव “जिला अतिथि गृह के पूरब वाले अनामित पार्क” का नाम महामहिम डॉ.कलाम पार्क और सामने वाले चिल्ड्रेन पार्क को शहीद चुल्हाय चिल्ड्रन पार्क “नामित करने के प्रस्ताव की सहमति के साथ जिलापदाधिकारी मो.सोहैल ने कहा कि शहीद पार्क होने से शहीद दिवस और कारगिल दिवस मनाने हेतु उपयुक्त स्थान हो जायेगा | साथ ही डॉ.मधेपुरी के प्रस्ताव- “जिले के जो क्रान्तिवीर आजादी के आंदोलन में शहीद हुए हैं और उद्यतन जो सैनिक देश की रक्षा के लिए शहीद हुए हैं उनका नाम शिलापट्ट पर अंकित हो”- को अध्यक्ष ने स्वीकृति देते हुए सक्षम पदाधिकारी को निर्माण करने हेतु निर्देश दिया और डॉ.मधेपुरी से शहीदों के नाम उपलब्ध कराने का अनुरोध किया |

कलाकारों के चयन हेतु डीडीसी मुकेश कुमार की अध्यक्षता में 9 सदस्यीय कमेटी गठित की गई | इस अवसर पर जिले के कप्तान विकास कुमार (आई.पी.एस.) एवं एसडीएम संजय कुमार निराला ने कहा कि समस्त कार्यक्रमों में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी | शांति व्यवस्था पर हरवक्त प्रशासन की नजर रहेगी |

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा रेल फैक्ट्री से ट्रायल पर बाहर निकला पहला इंजन

मधेपुरा ग्रीन फील्ड रेल फक्ट्री में बना पहला AC विद्युत इंजन आखिर ट्रायल पर कारखाने से बाहर निकल ही गया | बता दें कि दौरम मधेपुरा स्टेशन के मुख्य रेल लाइन से कारखाना जानेवाला 2 किलोमीटर लंबी ट्रैक पर ट्रायल पर निकला पहला एससी विद्युत इंजन को देखने के लिए आसपास के नर-नारियों एवं बच्चे-बूढ़ों की भीड़ जुट गई जबकि 120 किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाला इंजन ट्रायल के समय मात्र 30 किलोमीटर की रफ्तार से ही दौड़ रहा था | ट्रायल के बाद इंजन पुन: रेल कारखाना लौट गया |

मधेपुरा रेल फैक्ट्री के डिप्टी चीफ इंजीनियर के.के.भार्गव ने ट्रायल को सफल बताते हुए मधेपुरा अबतक को बताया कि दो पार्ट में बटे इंजन को जोड़कर एक इंजन तैयार किया गया है | 12,000 हॉर्स पावर का एक एसी विद्युत इंजन तैयार किये जाने की जगह छह-छह हज़ार हार्स पावर के दो पार्ट को मिलाकर तैयार किया गया है | श्री भार्गव ने कहा कि इंजन चलाने के लिए चालक दोनों तरफ होते हैं, बीच में नहीं | उन्होंने यह भी कहा कि पहले जहाँ भारत में साढ़े तीन हजार टन वजन खींचने वाला इंजन बनता था वहीं मधेपुरा रेल फैक्ट्री में यह 6,000 टन वजन खींचने वाला इंजन बनकर ट्रायल पर निकला है |

यह भी जानिए कि ट्रायल पर निकले इस रेल इंजन की लंबाई लगभग 35 मीटर है जो दो पार्ट में बना है | अलग तरह का रेल इंजन चलता देखकर लोगों की भीड़ जुटना स्वाभाविक है | तभी तो दर्शक दनादन इस इंजन का अपने-अपने मोबाइल में तस्वीर कैद करने लगे |

सम्बंधित खबरें


मांझी ने आरजेडी तो चौधरी ने थामा जेडीयू का हाथ

लोकसभा चुनाव से पहले ‘राजनीतिक सुविधा’ के लिए दल और प्रतिबद्धता बदलने का सिलसिला शुरू हो गया है और शुरुआत बिहार से हुई है। जी हां, बिहार की राजनीति के लिए फरवरी का अंतिम दिन उथल-पुथल भरा रहा। एक ओर जहां बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और ‘हम’ (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने एनडीए का साथ छोड़ आरजेडी-कांग्रेस महागठबंधन का दामन थाम लिया है, वहीं पूर्व शिक्षामंत्री व बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक चौधरी सहित कांग्रेस के चार विधानपार्षदों ने कांग्रेस छोड़ जेडीयू से जुड़ने की घोषणा की है।

ख़बरों के मुताबिक जीतन राम मांझी ने आरजेडी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव से उनके घर पर बुधवार को मुलाकात कर एनडीए छोड़ने और आरजेडी के साथ महागठबंधन का हिस्सा बनने की घोषणा की। घोषणा के बाद तेजस्वी ने कहा कि मांझी उनके माता-पिता के पुराने दोस्त रहे हैं और वे मांझी का स्वागत करते हैं।

गौरतलब है कि मांझी और एनडीए के बीच तल्खी लंबे समय से चली आ रही थी। हाल में जहानाबाद उपचुनाव में टिकट न मिलने के कारण मांझी की नाराजगी और बढ़ गई थी। इसी कारण उन्होंने चुनाव के लिए प्रचार न करने का फैसला लिया था। यह भी किसी से छिपा नहीं कि मांझी के रिश्ते बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ भी ‘मधुर’ नहीं रह गए थे।

उधर एक अन्य घटनाक्रम में बिहार कांग्रेस के चार विधानपार्षद अशोक चौधरी, दिलीप चौधरी, रामचंद्र भारती एवं तनवीर अख्तर ने कांग्रेस छोड़ जेडीयू के साथ जाने की घोषणा की। बता दें कि इन चारों को कांग्रेस ने सस्पेंड कर दिया था, जिसके बाद के इन चारों ने यह निर्णय लिया। बिहार काग्रेस और आरजेडी-कांग्रेस महागठबंधन के लिए यह एक बड़ा झटका है। वैसे देखा जाय तो ये नेता जिनकी अगुआई अशोक चौधरी कर रहे थे, कांग्रेस से पहले ही से असंतुष्ट चल रहे थे। अशोक चौधरी के बुधवार के ट्वीट से यह और भी स्पष्ट हो जाता है, जिसमें उन्होंने लिखा – “कई महीनों की मानसिक प्रताड़ना और लगातार मिल रहे अपमान के बाद आखिरकार आज मैंने कांग्रेस पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया।”

बहरहाल, बिहार की राजनीति के लिए ये दोनों ही घटनाक्रम बहुत मायने रखते हैं। हालांकि राजनीति के जानकार बताते हैं कि ये तो अभी महज शुरुआत है। आने वाले दिनों में एनडीए और यूपीए दोनों ही ओर से पालाबदल के कई दृश्य अभी सामने आने हैं। खैर, आने वाले दिनों में जो भी हो, बिहार की राजनीति इतने ही से काफी गरमा गई है, इससे इनकार नहीं किया जा सकता।

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा जिले की बेटियों ने गौरवान्वित किया बिहार को

राष्ट्रीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता का 63वाँ आयोजन इसी माह फरवरी में हैदराबाद के लाल बहादुर स्टेडियम में आयोजित किया गया | फरवरी के द्वितीय सप्ताह में आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में मधेपुरा जिला के सोनाय अनुप उच्च माध्यमिक विद्यालय, भान-टेकठी, मधेपुरा की तीन छात्राओं-जूली कुमारी, शबनम प्रवीन एवं नजीरन खातून ने पहली बार जिले से राष्ट्रीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेकर जिला मधेपुरा के साथ-साथ सूबे बिहार के लिए गोल्ड मेडल प्राप्त किया |
बता दें कि बिहार को पहली बार विद्यालय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल किया गया था | सोनाय अनुप विद्यालय के खेल शिक्षक श्री दिलीप कुमार एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री रामचंद्र यादव ने मधेपुरा अबतक को बताया कि हैदराबाद में आयोजित होने वाले 63वें राष्ट्रीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में पहली बार मधेपुरा जिले की मात्र तीन छात्राओं का चयन ( बिहार ) राज्य स्तर पर किया गया | ये तीनों चयनित छात्राएं वर्ग नौवीं में पढ़ती हैं |
यह भी बता दें कि ये तीनों प्रतिभागी वर्ग 9 की छात्राएं- जूली, शबनम व  नजीरन ने इस राष्ट्रीय रग्बी फुटबॉल में अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया तथा गोल्ड मेडल पर अपने प्रथम प्रयास में ही कब्जा जमा कर बिहार को गौरवान्वित किया |
जानिये कि जिले के डायनेमिक डीएम मो.सोहैल (भा.प्र.से.) जिले के साथ-साथ सुबे बिहार को गौरवान्वित करने वाली इन तीनों धरती पुत्रियों की लगन व मेहनत पर प्रसन्नता व्यक्त की है और बधाइयाँ दी है | साथ ही इन्हें किसी युवा महोत्सव में पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन करने का भी निश्चय किया है | संभव है कि आगामी 8 मार्च को आयोजित होने वाले अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर इन तीनों प्रतिभावान खिलाड़ियों को जिले के अलावे अन्य संगठनों द्वारा भी उत्साहवर्धन हेतु सम्मानित किया जाय |
मधेपुरा अबतक के पाठकों के लिए विशेष जानकारी के तौर पर यह जानना जरूरी है कि रग्बी लीग फुटबॉल आमतौर पर रग्बी लीग लिखा जाता है | यह 13 खिलाड़ियों की दो टीमों द्वारा खेला जाता है | इसे 330 फुट लंबा एवं 224 फुट चौड़ा अंडाकार घास के मैदान पर खेला जाता है |
यूँ तो रग्बी लीग इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फ्रांस….. आदि देशों में लोकप्रिय है परंतु वर्तमान में विश्वकप विजेता का परचम तो न्यूजीलैंड की लहरा रहा है |

सम्बंधित खबरें


अन्तर्राष्ट्रीय फलक पर बिहारी कलाकारों की मौजूदगी

हेमा देवी, सुधीरा देवी और धीरेन्द्र कुमार वर्तमान में तीनों बिहारी कलाकार मिथिला पेंटिंग एवं सिक्की कला (हेंडी क्राफ्ट) को दुनिया भर में लोकप्रिय बना रहे हैं | इन्हें केन्द्र सरकार के वस्त्र मंत्रालय ने राष्ट्रीय पुरस्कार तथा नेशनल मेरिट अवार्ड के लिए चयनित किया है |

बता दें कि नेशनल अवार्ड के लिए चयनित होने वालों में मिथिला पेंटिंग की नामचीन मधुबनी जिले की 41 वर्षीय हेमा देवी और सिक्की कलाकार के रूप में मधुबनी जिले के ही 51 वर्षीय धीरेन्द्र कुमार शामिल हैं जबकि सिक्की कला में ही बेहतरीन योगदान के लिए 43 वर्षीय सुधीरा देवी का चयन नेशनल मेरिट अवार्ड के लिए हुआ है |

यह भी बता दें कि तीनों बिहार राज्य पुरस्कार प्राप्त कलाकार हैं तथा फिलहाल राजधानी पटना के उपेन्द्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान में प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं | इस संस्थान के डिप्टी एडमिनिस्ट्रेटर श्री अशोक कुमार सिन्हा ने पुरस्कृत होने वाले इन तीनों कलाकारों के चयन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बिहार के कलाकार लगातार राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय फलक पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कर रहे हैं |

यह भी जानिये कि श्री सिन्हा ने खुशी जाहिर करते हुए मधेपुरा अबतक से कहा कि इन तीनों के साथ मधुबनी जिले की एक बेटी ममता देवी को भी मिथिला पेंटिंग के लिए नेशनल अवार्ड मिलेगा जिसका चयन दिल्ली कोटे से हुआ है | उन्होंने कहा कि मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में सभी चयनित कलाकारों को केन्द्र सरकार के वस्त्र मंत्रालय की ओर से राजधानी दिल्ली में ही पुरस्कृत किया जायगा |

चलते-चलते यह भी बता दें कि प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित हेमा देवी के पति जीतेन्द्र कुमार भी मिथिला चित्रकला के नामचीन कलाकार हैं और राज्य पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं | साथ ही हेमा की सास सुभद्रा देवी तो पहले ही राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है | हेमा कहती है कि उसे मिथिला पेंटिंग का ज्ञान विरासत में मिली है | अपनी माँ से ही हेमा ने आरंभ में मिथिला चित्रकला की बारीकियाँ सीखी है |

सम्बंधित खबरें


22 से 27 फरवरी तक बिहार का सभी जिला मनायेगा- पुलिस सप्ताह ! जानिए कैसे ?

जहाँ आज राज्य के सभी जिले में मनाए जाने वाले ‘पुलिस सप्ताह’ का राज्य स्तरीय उद्घाटन सचिवालय परिसर स्थित ‘अधिवेशन भवन’ में बिहार के डीजीपी श्री.पी.के.ठाकुर करेंगे जिसमें बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ लोगों को जागरुक किया जायेगा वहीं एडीजीपी श्री.एस.के.सिंघल ने बताया कि 24 फरवरी को पुलिस सप्ताह के दौरान सीएम नीतीश कुमार द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बीएमपी परिसर में पुरस्कृत किया जायगा |

बता दें कि सीएम द्वारा पुरस्कृत होने वाले पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों में विगत स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किये गये पुलिसकर्मी भी शामिल हैं |

यह भी बता दें कि मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार (भा.पु.से) ने मधेपुरा अबतक को बताया कि 22 से 27 तक आयोजित किये जाने वाले पुलिस सप्ताह के दौरान जहाँ जिले में खेल-कूद प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा वहीं राज्यस्तर पर आइबी के संयुक्त निदेशक सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा साइबर क्राइम, विधि-व्यवस्था एवं आपराधिक मामलों की वैज्ञानिक जांच आदि विषय पर व्याख्यान दिया जाएगा |

बहरहाल पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मधेपुरा अबतक को प्रतिदिन की जानकारी देते हुए यही कहा कि-

जहाँ 22 फरवरी को स्थानीय बी.एन.मंडल स्टेडियम में सुबह 6:30 बजे से मैराथन दौड़ का आयोजन किया जायेगा वहीं भूपेन्द्र कला भवन में 11:00 बजे दिन से चित्रकला एवं वाद-विवाद का आयोजन होगा  |

और जहाँ 23 फरवरी को शहीद चुल्हाय मार्ग पर स्थित माया विद्या निकेतन परिसर में 2:00 बजे से शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा वहीं 24 फरवरी को 12:00 बजे दिन से पुलिस केन्द्र सिंहेश्वर में बॉलीबॉल का आयोजन होगा |

इसके अलावे जहाँ 26 फरवरी को सिंहेश्वर पुलिस केंद्र में 10:00 बजे दिन से यातायात जागरूकता को लेकर एक भव्य कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा वहीं समापन के दिन 27 फरवरी को बी.एन.मंडल स्टेडियम में 1:00 बजे दिन से जिला कबड्डी संघ के सचिव अरुण कुमार की देख-रेख में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा वहीं संध्या 6:00 बजे से ‘होली मिलन समारोह’ का भव्य आयोजन होगा जिसमें समस्त जिले के नर-नारी व बच्चे सादर-सस्नेह आमंत्रित हैं |

सम्बंधित खबरें


जापान दौरे से बिहार की संभावनाओं को नई उड़ान दे रहे नीतीश

मंगलवार को अपने जापान दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बिहार राज्य प्रोत्साहन संगोष्ठी को संबोधित किया, एम्बेसी ऑफ इंडिया, टोक्यो में मिथिला पेंटिंग की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और इंडियन पार्लियामेंट्रियन फ्रेंडशिप लीग की बैठक में अध्यक्ष श्री होसादा हिरोयूकी के हाथों सम्मानित हुए। इससे पूर्व सोमवार को वे जापान के प्रधानमंत्री श्री शिंजो अवे, विदेश मंत्री श्री तारो कोनो, विदेश राज्य मंत्री श्री कजायुकी नकाने और जापान में भारत के राजदूत श्री सुजान चिनौय से मिले और वहां के बिहारी प्रवासियों के साथ भी थोड़ा वक्त बिताया।

जापान के प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने बिहार में मिनी बुलेट ट्रेन के साथ ही कई अन्य बिन्दुओं पर भी चर्चा की, जिनमें पर्यटन, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण आदि प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने जापान सरकार से बिहार में हाई स्पीड रेल लिंक के निर्माण के संबंध में तकनीकी सहयोग देने की अपेक्षा भी जताई।

बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान इंटरनैशनल को-ऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीके) के माध्यम से पटना को गया, बोधगया, राजगीर और नालंदा से जोड़ने का काम चल रहा है, जिसे वैशाली तक बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इससे इसकी प्रासंगिकता और बढ़ेगी और लोगों को सभी बौद्ध स्थलों की यात्रा करने में सुविधा होगी। साथ ही दोनों देशों के बीच पर्यटन की संभावना को और बल मिलेगा।

नीतीश कुमार ने जापान के विदेश मंत्री तारो कोनो से भी मुलाकात की। इस मुलाकात में उन्होंने विदेश मंत्री से बिहार से जापान के बीच सीधी विमान सेवा के संचालन के संबंध में विस्तृत बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे जापान और बिहार के आपसी संबंध और मजबूत होंगे एवं दोनों देशों के पर्यटक यात्रा कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त उन्होंने बिहार को औद्योगिक केन्द्र बनाने की बात की और कहा कि इससे बिहार के मेधावी और मेहनती युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। कहने की जरूरत नहीं कि अपने जापान दौरे से बिहार की संभावनाओं को नई उड़ान दे रहे हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।

‘मधेपुरा अबतक’ के लिए डॉ. ए. दीप

सम्बंधित खबरें