पृष्ठ : मधेपुरा अबतक

नेहरू युवा केन्द्र ग्रामीण युवाओं को जगाने एवं उनकी प्रतिभाओं को तराशने में लगा है- डॉ.मधेपुरी

स्थानीय मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा के भव्य सभागार में नेहरू युवा केंद्र द्वारा जिला युवा सम्मेलन का एक दिवसीय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन मधेपुरा कॉलेज के संस्थापक प्राचार्य डॉ.अशोक कुमार, बीएन मंडल विश्वविद्यालय में विभिन्न पदों पर कार्यरत रह चुके समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी एवं नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक अजय कुमार गुप्ता सहित अन्य अतिथियों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के पंचायती राज पदाधिकारी उप समाहर्ता मो.अल्लामा मुख्तार, मंडल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव रहे डॉ.नरेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ.बीएन सिंह, छात्र नेता राहुल यादव व अन्य ने युवाओं को संबोधित किया। सबों ने युवाओं को जगाने का काम किया।

मुख्य अतिथि प्रो.(डॉ.)भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी ने स्वामी विवेकानंद एवं भारतरत्न डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम को संदर्भित करते हुए अपने संबोधन के द्वारा उपस्थित युवाओं से यही कहा कि नेहरू युवा केंद्र ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच तक लाकर ऊपर उठाने में सतत प्रयत्नशील रहा है और ऐसे संवेदनशील समन्वयक अजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आगे भी बढ़ता रहेगा।

उद्घाटनकर्ता प्रधानाचार्य डॉ.अशोक कुमार ने युवाओं से यही कहा कि स्वामी विवेकानंद हम सबों के प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि हमें उनके आदर्शों को सामने रखकर आगे बढ़ते जाना है जिसके लिए मानसिक एकाग्रता आवश्यक है। मौके पर डॉ.भगवान कुमार मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी प्रो.मनोज भटनागर, ब्रजेश कुमार, कमल किशोर आदि मौजूद थे।

सम्बंधित खबरें


हर हाल में किसानों को मिलेगा योजनाओं का लाभ- डीएम

मधेपुरा जिला कृषि कार्यालय के संयुक्त कृषि भवन में जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक युवा एवं ऊर्जावान डीएम नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। बैठक के दरमियान डीएम ने फसल आच्छादन, उद्यान, मत्स्य पालन तथा पशुपालन सहित कई अन्य विभागों के विकास योजनाओं पर विस्तार से बिंदुवार चर्चाएं की। जिलाधिकारी ने जिले के किसानों को और अधिक संख्या में पंजीकृत कर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने का ऐलान किया।

बता दें कि जिले में पंजीकृत किसानों की संख्या 1 लाख 22 हज़ार 705 है। समीक्षा के क्रम में डीएम नवदीप शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से पंजीकृत किसानों की सूची बैंक को उपलब्ध करा दिए जांय जहां केसीसी हेतु जमा फॉर्म दो सप्ताह के बाद निष्पादित कर उसका लाभ प्रत्येक रजिस्टर्ड किसानों तक अनिवार्य रूप से पहुंच जाना चाहिए। उन्होंने विभागीय कर्मियों को सम्मान निधि योजना से संबंधित किसानों के आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर निष्पादन करने की बात कही। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने को कहा जिसके लिए प्रखंड स्तर से जिला स्तर तक नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। बंद पड़े नलकूपों को चालू करने का निर्देश भी दिया। खेतों तक बिजली पहुंचाई जाय ताकि किसान कम कीमत पर फसल की सिंचाई कर सके।

मौके पर जहां जिला कृषि पदाधिकारी राजन बालन ने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने एवं किसानों को अनुदानित दर पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की बात कही वहीं संयुक्त कृषि निदेशक यदुनंदन यादव ने कर्मचारियों को तत्परता के साथ आपसी सामंजस्य बनाकर काम करने की हिदायत दी ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक किसान को ससमय अवश्य मिले। मौके पर सभी प्रखंडों के कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक एवं गणमान्य किसान मौजूद थे।

सम्बंधित खबरें


जदयू मीडिया सेल ने बनाई डिजिटल अभियान की रणनीति

रविवार 9 फरवरी 2020 को पटना स्थित जदयू मीडिया सेल मुख्यालय में प्रदेश कार्यसमिति एवं जिला मीडिया संयोजकों की संयुक्त बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप ने की। मीडिया सेल की इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन एवं विधि प्रभारी प्रवीण तिवारी, मुख्यालय प्रभारी संतोष चौधरी, सोशल नेटवर्क प्रभारी संतोष अशर, सूचना प्रभारी प्रो. चन्द्रभूषण सिंह शशि, संवाद प्रभारी सुनील सहाय तथा प्रमंडल प्रभारी यादव उमेश कुमार, संजय कुमार, अभय विश्वास भट्ट, मिथिलेश प्रसाद निराला, विशेष आमंत्रित सदस्य डॉ. धीरज सिन्हा, विनीता स्टेफी पासवान, पिंकी भारती, तकनीकी समिति के कोऑर्डिनेटर राहुल किशोर सिन्हा एवं सॉफ्टवेयर प्रभारी आशुतोष सिंह राठौड़ समेत विभिन्न जिलों के मीडिया संयोजक मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप ने बैठक के प्रारंभ में मीडिया सेल के डिजिटल अभियान की रूप-रेखा पेश की और इसके उद्देश्य से सबको अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मार्च तक जदयू के 62 लाख 50 हजार कार्यकर्ताओं को डिजिटली कनेक्ट करने का लक्ष्य पूरा करना है। उन्होंने अपने संबोधन में विस्तार से कहा कि यह अभियान आज के समय की जरूरत है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बने इसके लिए जदयू मीडिया सेल हर बूथ पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर मिशन 2020 में सार्थक और निर्णायक भूमिका निभाएगा।
सोशल नेटवर्क प्रभारी संतोष अशर ने इस अभियान के तकनीकी पहलुओं पर अपना प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया सेल की तकनीकी टीम तय समय से पहले इस लक्ष्य को हासिल करेगी। संगठन एवं विधि प्रभारी प्रवीण तिवारी ने सोशल मीडिया के विभिन्न फॉर्मेट पर और अधिक सक्रिय होने पर जोर दिया। मुख्यालय प्रभारी संतोष चौधरी ने कहा कि मीडिया सेल मुख्यालय चौबीसों घंटे हर तरह के सहयोग के लिए तैयार है। वहीं, प्रमंडल प्रभारी यादव उमेश कुमार (पूर्णिया एवं भागलपुर), संजय कुमार (पटना), अभय विश्वास भट्ट (मगध) और मिथिलेश प्रसाद निराला (दरभंगा) ने अपने-अपने प्रमंडल में इस अभियान की तैयारी के बारे में जानकारी दी। ध्यातव्य है कि इस अभियान के सिलसिले में शीघ्र ही मीडिया सेल प्रदेश कार्यसमिति एवं जिला मीडिया संयोजकों की एक और बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें शेष प्रमंडलों के प्रभारी एवं जिला संयोजक भाग लेंगे।

सम्बंधित खबरें


नीतीश राज में भी बच्चे अब… निजी स्कूल से नाम कटवा सरकारी में ले रहे दाखिला

पटना के निजी विद्यालयों से लगभग पांच हजार बच्चे नाम कटवा कर सरकारी स्कूलों में ले चुके हैं दाखिला। कुछ सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की विशेष सुविधाओं के साथ-साथ अन्य श्रेष्ठ गतिविधियों के कारण बच्चे एवं उनके अभिभावक दिन-प्रतिदिन आकर्षित हो रहे हैं। राज्य के कई सरकारी स्कूल तो अब हर मायने में निजी स्कूलों को टक्कर देने लगे हैं।

बता दें कि पिछले सत्र में राज्य भर में 20 हजार 565 बच्चों ने निजी स्कूलों से नाम कटवा कर सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया, जिसमें वर्ग एक से आठवीं तक के बच्चे शामिल हैं। यह भी जान लीजिए कि इसमें सिर्फ पटना जिले के 5 हजार से अधिक बच्चे शामिल हैं। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की रपट के अनुसार ऐसे सरकारी स्कूलों ने अपने शैक्षणिक वातावरण को निजी स्कूलों की तरह विकसित किया है जिसमें ग्रामीण इलाकों के स्कूल ज्यादातर हैं।

यह भी जानिए कि नालंदा जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पोखरपुर की व्यवस्था ऐसी सुधरी कि निजी स्कूलों से नाम कटवा कर बच्चे उसमें आने लगे और नामांकन कराने लगे। भला क्यों नहीं, इस स्कूल से प्रत्येक साल सिमुलतला, नवोदय विद्यालय व सैनिक स्कूलों के लिए आयोजित परीक्षाओं में बच्चे सफल होने लगे हैं। अब तक इन परीक्षाओं में सफल 64 बच्चों के नाम बोर्ड पर लिखे जा चुके हैं। यहां ड्रेस कोड के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जा रहा है।

चलते-चलते बता दें कि गोपालगंज के उत्क्रमित विद्यालय में 715 बच्चे तथा पुनपुन के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में 800 बच्चे नामांकित हैं जबकि इन दोनों स्कूलों में गत वर्षों में क्रमशः 210-300 बच्चे नामांकित थे। विद्यालय प्रधान द्वारा भिन्न-भिन्न तरह की प्रतियोगिताएं व अन्य शैक्षणिक गतिविधियां शुरू किए जाने के कारण निजी स्कूलों के बच्चे सरकारी स्कूलों में नामांकन करा रहे हैं।

 

 

सम्बंधित खबरें


सूबे के 17 लाख निबंधित मजदूरों को ढाई हजार रु. मिलेंगे कपड़ों के लिए

नीतीश सरकार ने सूबे बिहार के भवन निर्माण से जुड़े रजिस्टर्ड मजदूरों को अब हर साल कपड़ा के लिए 2500 ₹ देने का प्रस्ताव किया है। बिहारी भवन निर्माण मजदूरों को नीतीश सरकार इस प्रकार का एक नायाब तोहफा देने जा रही है। पूर्व से इन मजदूरों को इलाज हेतु श्रम संसाधन विभाग द्वारा सलाना ₹3000 दिए जा रहे हैं।

बता दें कि उपर्युक्त प्रस्तावित योजना की घोषणा श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा हाल ही में नियोजन भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में की गई है। बकौल श्रम संसाधन मंत्री भवन निर्माण कार्य से जुड़े रजिस्टर्ड मजदूरों की संख्या 10 लाख 25 हजार 148 है जिनके बैंक खाते में चिकित्सा हेतु 513 करोड रुपए अब तक हस्तांतरित किए जा चुके हैं।

जानिए कि श्रम संसाधन मंत्री श्री सिन्हा ने यह भी कहा कि इस चिकित्सीय राशि के लिए मजदूरों को कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ी। विभागीय निबंधन कराने के बाद ही सरकारी तंत्र द्वारा उनके खातों में कुल 513 करोड़ की राशि भेजी जा चुकी है।

चलते-चलते यह भी बता दें कि चिकित्सा योजना के तर्ज पर ही रजिस्टर्ड मजदूरों को कपड़ा के लिए सालाना ₹2500 देने की योजना विभाग द्वारा बनाया गया है। श्रम संसाधन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की सहमति मिलते ही इस योजना की विधिवत शुरुआत कर दी जाएगी तथा राशि प्रत्येक मजदूर के खाते में जमा होने लगेगी।

सम्बंधित खबरें


इंस्पेक्टर महावीर सिंह आंतिल की अविश्वसनीय विदाई

आज जब सरकारी महकमों में चारों ओर लूट-खसोट मची है और टूल पर बैठा चपरासी भी हल्की-फुल्की जानकारी देने के एवज में दीवाल पर टंगी तस्वीर दिखाते हुए यहां तक कह डालता है कि देख नहीं रहे… बापू क्या कह रहे हैं ?… यही कि 5 रुपए से कम  लिए तो इस लाठी से…. पीठ की हड्डी पिछाड़ देंगे। वैसे माहौल में भी कुछ ऐसे सरकारी सेवक हैं जिनकी विदाई भारतीय किसानों द्वारा की जाती है….. जिसे आज की तारीख में अविश्वसनीय विदाई मानी जाती है।

हरियाणा के सोनीपत शुगर मिल में कार्यरत इंस्पेक्टर महावीर सिंह आंतिल के अच्छे, सच्चे और ईमानदार व्यवहार के चलते उनकी सेवानिवृत्ति के दिन वाले “विदाई समारोह” को किसानों ने अविश्वसनीय बना दिया। आंतिल के इनकार करने के बावजूद किसानों ने कहा कि यह समाजिक प्रतीक व ईमानदार भाईचारे का सम्मान है… इसे हर हाल में स्वीकार करना होगा… महावीर बाबू !

किसानों के इस तरह इंस्पेक्टर आंतिल पर मेहरबान होने का कारण यही रहा कि वे गन्ना अधिकारी के रूप में किसानों को गन्ने की अच्छी वैरायटी के चयन से लेकर मिल में खरीद तक उनकी मदद पूरी ईमानदारी से किया करते। तभी तो 35 साल की नौकरी पूरी करने के बाद रिटायरमेंट के दिन आसपास के गांव के 500 से ज्यादा किसान, विधायक व अधिकारी मौजूद थे।

इस आंतिल विदाई समारोह पर किसानों ने उन्हें 15 लाख रुपए की एक कार, 2.5 लाख रुपए की एक बुलेट मोटरसाइकिल, नगद 10 लाख रुपए और एक बेहतरीन हुक्का देकर विदाई दी। शुगर मिल में सुपरवाइजरी के दरमियान कभी भी किसानों के काम के लिए समय की परवाह नहीं करने वाले इंस्पेक्टर आंतिल को विधायक मोहनलाल बड़ौली अपनी कार में बिठाकर उन्हें ससम्मान घर छोड़ने गए। ऐसी अद्भुत विदाई का अवसर… खुदा जाने फिर कब….. और किसे मिलेगा ?

 

सम्बंधित खबरें


खाटू श्याम महोत्सव में रंगे मधेपुरावासी

विगत 13 वर्षों से खाटू श्याम महोत्सव को उत्साह पूर्वक मनाए जाने हेतु गठित समिति “मधेपुरा श्याम सखा संघ” के जिला अध्यक्ष आनंद प्राणसुखका के नेतृत्व में मनाया जाता है। इस बार चौदहवीं श्याम महोत्सव को लेकर बुधवार को सवेरे 9:00 बजे से सागर सेवा सदन (भूपेन्द्र चौक) से जीवन सदन तक खूबसूरत रथों पर सजी हुई राधा अपने श्याम के साथ…. और ध्वजा-पताका लिए श्रद्धालु नर-नारियों एवं बुद्धिजीवियों की “निशान यात्रा” निकलने वाली ही थी कि सागर सेवा सदन के निर्माता निरंजन प्राणसुखका ने सभी श्रद्धालुओं को रसपान करा कर विदा किया।

इस अवसर पर श्याम महोत्सव को लेकर शहर के मुख्य मार्ग से निकाली गई भव्य निशान शोभायात्रा में आगे रहे शहर के समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी, विश्वनाथ प्राणसुखका व संजय सर्राफ सहित आभाष झा, दिलीप खंडेलवाल, रविंद्र यादव, आनंद प्राणसुखका, प्रमोद अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, पशुपति सुल्तानिया, पप्पू सुल्तानिया, संजय सुल्तानिया, श्रवण प्राणसुखका, पलटू सर्राफ, सोमेश सर्राफ एवं मनीषा अग्रवाल, सरिता अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, सपना सुल्तानिया, सहेली स्नेहा सुल्तानिया, सहित खाटू श्याम की तस्वीर वाली पीले रंग का निशान लिए सैकड़ों महिलाएं… जिन्हें रास्ते में रोक-रोक कर पानी… टॉफी… फ्रूटी आदि पिलाते और खिलाते रहे श्रद्धालुजन …  अंत में दो-तीन घंटे बाद जीवन सदन पहुंचने पर निशान यात्रा का समापन ‘प्रसाद’ पाने के बाद किया गया।

Khatu Shyam Mahotsav at Jeevan Sadan, Madhepura.
Khatu Shyam Mahotsav at Jeevan Sadan, Madhepura.

जीवन सदन में खाटू श्याम के सार्वजनिक भव्य मंच की अभूतपूर्व सजावट को देख चिकित्सक डॉ.एसएन यादव, डॉ.आरके पप्पू, डॉ.डीके गुप्ता, डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी, हरि टेकरीवाल, मनीष सर्राफ, सुभाष साह, प्रदीप झा, देवेंद्र कुमार आदि चकित रह गए। कार्यक्रम रात्रि 8:00 बजे से सुबह 4:00 बजे तक चला। रात भर बेहतरीन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बांधकर रखा… पूनम सुरेखा, सरिता ओझा, अजहर अली की सर्वश्रेष्ठ गीत-भजन और झांकियों में कोलकाता के स्टार डांस ग्रुप एवं गंगा म्यूजिकल ग्रुप इस महोत्सव में रात भर चार चांद लगाते रहे। अंत में श्याम सखा संघ के अध्यक्ष आनंद प्राणसुखका ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने में संघ के सभी सदस्यों का अहम योगदान है।

सम्बंधित खबरें


विश्वविद्यालय स्तरीय खेल कुंभ 6 फरवरी से, आएंगे 14 विश्वविद्यालयों के एकलव्य

मेजबान विश्वविद्यालय टीएमबीयू सहित राज्य के 14 विश्वविद्यालयों के 2100 खिलाड़ीगण सबसे बड़ी खेलकूद प्रतियोगिता “एकलव्य” में भागलपुर में जुटेंगे। प्रतियोगिता भागलपुर विश्वविद्यालय द्वारा 6 से 9 फरवरी के बीच आयोजित की गई है। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राज्य भर के 13 विश्वविद्यालय के उन्नीस सौ से ज्यादा खिलाड़ी बुधवार की देर रात तक भागलपुर पहुंच जाएंगे। टूर्नामेंट की 14वीं टीम मेजबान टीएमबीयू है जिसके 150 खिलाड़ी खुद को एकलव्य साबित करने की जोर आजमाइश करेंगे। इससे पहले टीएमबीयू को 2009 में मेजबानी का मौका मिला था।

बता दें कि बिहार के महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति फागू चौहान इस एकलव्य महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। उनके मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का शेडूल भी प्राप्त हो चुका है। इस उत्सव में भारत सरकार के राज्य मंत्री अश्विनी चौबे, सूबे के युवा, खेल एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन वर्मा तथा प्रभारी मंत्री अशोक कुमार चौधरी के भी शामिल होने की संभावना है।

Players & Athletes from BNMU leaving for Bhagalpur.
Officers, Players & Athletes from BNMU leaving for Bhagalpur.

इधर मधेपुरा के बीएन मंडल विश्वविद्यालय के खेल सचिव डॉ. अबुल फजल एवं उप सचिव डॉ.एसके मिश्र ने बताया कि 10 पदाधिकारियों सहित 150 सदस्यीय दल भागलपुर के लिए रवाना हो चुका है। आशा की जा रही है कि इस बार भी बीएनएमयू अच्छा प्रदर्शन करेगा और पदक जीतेगा। जहां गत वर्ष तरंग में 7 विधाओं में कुल 13 पदक प्राप्त किया था वहीं उसी वर्ष एकलव्य में टेबल टेनिस में प्रथम की थी रियांशी गुप्ता तथा फुटबॉल टीम तीसरा स्थान प्राप्त किया था। इस बार भी पूरी तैयारी है।

चलते-चलते बता दें कि मेजबान टीम के क्रीड़ा सचिव डॉ.सदानंद झा ने बताया कि उद्घाटन सत्र से लेकर पहले दिन के स्पोर्ट्स इवेंट की रूपरेखा पूरी तरह तैयार कर ली गई है। खिलाड़ियों एवं संग आए पदाधिकारियों के भोजन एवं ठहराव की व्यवस्था भी कर ली गई है।

सम्बंधित खबरें


भूपेन्द्र चौक पर मनीषी भूपेन्द्र की 117वीं जयन्ती का आगाज किया कुलपति प्रो.(डॉ.)अवध किशोर राय ने

समाजवादी धरती मधेपुरा के भूपेन्द्र नारायण मंडल चौक पर उनके चरित्र एवं विचारों की राह के राही विद्वान कुलपति डॉ.अवध किशोर राय द्वारा उनकी 117वीं जयन्ती समारोह का उद्घाटन प्रातः 9:00 उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि कर किया गया। डॉ.मधेपुरी सहित सबों ने पुष्पांजलि की।

VC Dr.A.K.Ray addressing people on the occasion of Bhupendra Jayanti at Bhupendra Chowk Madhepura.
VC Dr.A.K.Ray addressing people on the occasion of Bhupendra Jayanti at Bhupendra Chowk Madhepura.

समारोह की अध्यक्षता कर रहे तथा मनीषी भूपेन्द्र के अत्यंत करीबी रह चुके समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी ने कुलपति डॉ.राय का स्वागत करते हुए यही कहा कि कुलपति सौ फ़ीसदी शिक्षाविद हैं और हमेशा इसी जुगत में लगे रहते हैं कि कैसे छात्र से भरे क्लास में शिक्षक पढ़ाते हुए दिखे… और बेपटरी हो रही शिक्षण संस्थाएं पटरी पर लौट आए। अंत में डॉ.मधेपुरी ने अंगवस्त्रम व पुष्प बुके आदि से कुलपति महोदय का बच्चों की तालियों के बीच स्वागत किया।

Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri addressing people on the occasion of Bhupendra Jayanti at Bhupendra Chowk.
Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri addressing people on the occasion of Bhupendra Jayanti at Bhupendra Chowk.

कुलपति डॉ.राय ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि सत्य के प्रति उनकी निष्ठा अद्भुत थी। हम सभी इस समाजवादी चिंतक के आदर्शों पर चलकर समाज को शक्ति प्रदान करें। आप सभी उनके नाम वाले विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाने में सहयोग करते रहें। उन्होंने साढ़े दस बजे से विश्वविद्यालय में वृहत आयोजन में शिरकत करने हेतु सबों को आमंत्रित भी किया। इस मौके पर शांति आदर्श, अधिक लाल मध्य विद्यालय, ज्ञानदीप निकेतन, रेडियंट पब्लिक स्कूल आदि स्कूली बच्चों की सहभागिता को लेकर विद्यालय प्रधान को कुलपति डॉ.राय द्वारा पुरस्कृत किया गया। मौके पर सृजन दर्पण के रंगकर्मी विकास कुमार की पूरी टीम को कुलपति डॉ.राय, डॉ.मधेपुरी एवं पूर्व कुलसचिव सचिंद्र महतो, डॉ.अरुण कुमार, डॉ.विनय चौधरी आदि ने सम्मानित किया। गायक सुरेश को सराहा गया। संजय मुखिया, महेंद्र साह एवं मनोज कुमार को कंबल देते हुए कुलपति ने उनकी सेवा व समर्पण की सराहना की। अंत में आलोक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन कर आयोजन समाप्ति की घोषणा की।

सम्बंधित खबरें


बापू की पुण्यतिथि पर समाहरणालय व विश्वविद्यालय से लेकर महाविद्यालयों में भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 73 वीं पुण्यतिथि पर समाहरणालय परिसर के गांधी पार्क में निवर्तमान डीएम मो.सोहैल द्वारा स्थापित बापू की प्रतिमा पर सर्वप्रथम युवा जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने माल्यार्पण किया… तत्पश्चात समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी, जिप की अध्यक्षा मंजू देवी सहित तमाम अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि व समाहरणालय  कर्मीगण माल्यार्पण व पुष्पांजलि में सम्मिलित हुए।

बता दें कि सर्व धर्म प्रार्थना कार्यक्रम में हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई आदि धर्म के स्थापित गीतों एवं देश की एकता एवं अखंडता के बाबत धर्मोपदेशों व विचारों को रखने के बाद सायरन बजाकर 2 मिनट का मौन रखा गया। मौन धारण की समाप्ति के बाद सभी उपस्थित लोगों को डीएम नवदीप शुक्ला के द्वारा कुष्ठ रोग के संबंध में संकल्प कराने के दरमियान विस्तार से जानकारियां दी गई। उन्होंने कहा कि बापू कुष्ठ रोगियों के प्रति स्नेह एवं सेवा भाव रखते थे इसलिए उनकी पुण्यतिथि के दिन को “कुष्ठ दिवस” के रूप में मनाया जाता है।

मौके पर अपर समाहर्ता शिवकुमार शैव, एडीएम उपेंद्र कुमार, एसडीएम वृंदा लाल, एसडीपीओ वसी अहमद, इंस्पेक्टर जयप्रकाश चौधरी, थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष रघुनंदन दास, जदयू जिला अध्यक्ष प्रो.विजेंद्र यादव, प्रमोद प्रभाकर, मो.शौकत अली आदि मौजूद थे।

उधर बीएन मंडल विश्वविद्यालय में बापू की पुण्यतिथि समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ.अवध किशोर राय, प्रति कुलपति डॉ.फारुख अली, समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी सहित सभी पदाधिकारियों ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि के दो शब्द व्यक्त किए। बापू की पुण्यतिथि पर कुष्ठ के बाबत संकल्प को दोहराया गया। स्थानीय महाविद्यालयों में बापू की पुण्यतिथि मनाई गई। दिनभर लोग सरस्वती पूजनोत्सव के प्रसाद का और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने वाले बापू के विचारों का स्वाद लेते रहे।

 

सम्बंधित खबरें