पृष्ठ : मधेपुरा अबतक

मधेपुरा समाहरणालय में अटल बिहारी वाजपेयी की 96वीं जयंती मनी

मधेपुरा समाहरणालय के सभाकक्ष में आज प्रातः 10:30 बजे डीडीसी सह जिला पदाधिकारी विनोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में देश के प्रखर वक्ता, उत्कृष्ट कवि एवं सर्वमान्य राजनीतिक शख्सियत के रूप में तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे हर दिल अजीज अटल बिहारी वाजपेयी की 96वीं जयंती सादगी के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार (IPS), एडीएम उपेन्द्र कुमार, समाजसेवी-साहित्यकार डॉ भूपेन्द्र मधेपुरी, प्राचार्या डॉ.शांति यादव, शौकत अली,  शशि प्रभा सहित समाहरणालय के अधिकारी, पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

सर्वप्रथम, विश्व दृष्टि रखने वाले अटल जी के आकर्षक तैल चित्र पर डीडीसीए, एडीएम, मधेपुरी आदि ने माल्यार्पण व पुष्पांजलि की। पुलिस अधीक्षक ने भी माल्यार्पण किया।

विषय प्रवेश करते हुए एडीएम उपेंद्र कुमार ने विस्तार से अटल जी के प्रति उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि वे एक सर्वमान्य नेता थे और उनकी भाषा शैली से प्रभावित होकर विरोधी पार्टियों के सांसदगण भी उनके भाषण को बड़ी उत्सुकता से सुनते व प्रभावित होते थे।

Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri delivering speech on Atal Jayanti at Samaharnalya Madhepura.
Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri delivering speech on Atal Jayanti at Samaharnalya Madhepura.

इस अवसर पर उद्गार व्यक्त करते हुए डॉ.मधेपुरी ने अटल जी को एक अच्छे वक्ता, प्रखर कवि एवं समाचार पत्रों के सफल संपादक के रूप में याद किया। डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम और अटल जी के संबंधों को विस्तार से बताते हुए डॉ.मधेपुरी ने कारगिल विजय एवं पोखरण परीक्षण में उनके अटल निश्चय की चर्चा की। मौके पर विदुषी डॉ.शांति यादव एवं समाजसेवी शौकत अली ने भी विस्तार से अटल जी के प्रति उद्गार व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी।

अंत में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने अटल जी की विकासोन्मुखी नजरियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सर्व-शिक्षा अभियान, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, अंत्योदय अन्न योजना आदि की चर्चा की। अध्यक्षीय भाषण देते हुए डीडीसी सह डीएम श्री विनोद कुमार सिंह ने कहा कि अच्छी अंग्रेजी होने के बावजूद भी अटल जी UNO में हिन्दी में ही भाषण दिए थे। धन्यवाद ज्ञापन किया समाहरणालय के सामान्य शाखा के डिप्टी कलक्टर श्री दास ने।

सम्बंधित खबरें


चौधरी चरण सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन भारतीयता व ग्रामीण परिवेश की मर्यादा में जिया- डॉ.मधेपुरी

पचासी वर्षों तक जीवन के बसंत और पतझड़ के बीच जीवन को सहजता के साथ जीते हुए भारत के पांचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह भारतीय किसानों के रक्षक, रहवर और रखवाला माने जाते रहे। पांच बार यूपी विधानसभा के लिए छपरौली सीट से विधायक बनकर पंडित गोविंद बल्लभ पंत, डॉ.संपूर्णानंद, श्री सीपी गुप्ता एवं श्रीमती सुचेता कृपलानी सरकार में विभिन्न विभागों के मंत्री पदों को बखूबी संभालते रहे वे। उत्तर प्रदेश में भूमि सुधार का पूरा श्रेय उन्हें ही जाता है। चौधरी साहब ने अपना संपूर्ण जीवन भारतीयता एवं ग्रामीण परिवेश की मर्यादा को अक्षुण्ण बनाए रखने में लगा दिया। ये बातें, उनकी 119वीं जयंती ऑनलाइन मनाते हुए समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी ने कही।

डॉ.मधेपुरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने संबोधन में स्कूली बच्चों से कहा कि देश में गिने-चुने ही राजनेता ऐसे हुए जिन्होंने लोगों के बीच सहजता एवं सरलता से कार्य करते हुए इतनी लोकप्रियता हासिल की। सामाजिक न्याय में दृढ़ विश्वास रखने वाली चौधरी चरण सिंह को भारतीय किसानों ने अपना रहवर मान लिया था, क्योंकि चौधरी साहब का मानना था कि देश की उन्नति का रास्ता किसानों के खेत व खलियान होकर गुजरता है। देश तभी मजबूत होगा जब किसान खुशहाल होंगे।

अंत में बच्चों से उन्होंने यही कहा कि प्रतिभा संपन्न हुआ व्यवहारवादी सीएम रहे श्री चरण सिंह के पहल पर ही उत्तर प्रदेश में मंत्रियों के वेतन एवं उन्हें मिलने वाले अन्य लाभों को काफी कम कर दिया गया था। डॉ.मधेपुरी ने उनके अवदानों की विस्तार से चर्चा करते हुए उनके द्वारा लिखी पुस्तकों- जमींदारी उन्मूलन, भारत की गरीबी और उसका समाधान, किसानों के लिए भूमि आदि पर भी प्रकाश डाला।

चलते-चलते यह भी कि लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह दल के प्रत्याशी के प्रचार में जब मधेपुरा आए थे तो उनके संग लोक दल के तत्कालीन वरिष्ठ नेता डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी, जिलाध्यक्ष विजय कुमार वर्मा आदि हुआ करते थे। उनकी योग्यता और अनुभव की छाप हमें आज भी सत्य की राह पर चलने को प्रेरित करती है।

 

सम्बंधित खबरें


कोरोना के नए रूप से दुनिया में हड़कंप

दुनिया के 5 देशों में कोरोना के नए रूप को देखकर भारत का चिंतित होना स्वाभाविक है। ब्रिटेन में तो वायरस का नया स्ट्रेन 70% तेजी से फैल रहा है। फलस्वरूप भारत ने ब्रिटेन से आने वाली उड़ाने 31 दिसंबर तक रोक दी है।

बता दें कि भारत ने आपात बैठक कर आज से 31 दिसंबर तक ब्रिटेन-भारत के बीच की सारी हवाई उड़ानों पर रोक लगा रखी है। जहाँ ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का कहना है कि कोरोना के नए प्रकार पहले के वायरस के मुकाबले 70% अधिक तेजी से फैल रहा है, जो बेकाबू है वहीं भारत के स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन कहते हैं कि सरकार जागरुक है, घबराने की कोई जरूरत नहीं है। फिलहाल इस नए कोरोना के अधिक घातक होने के साक्ष्य नहीं प्राप्त हए हैं।

यह भी जानें कि जर्मनी, इटली, डेनमार्क, कनाडा आदि कई देशों ने जहां विमानों की आवाजाही पर रोक लगा दी है वहीं फ्रांस और सऊदी अरब ने अपनी सीमाएं सील कर ली है। वैज्ञानिकों द्वारा कयास लगाया जा रहा है कि कोरोना का नया प्रकार या तो ब्रिटेन में किसी मरीज में उत्पन्न हुआ होगा या फिर किसी ऐसे देश से आया होगा जहां कोरोना वायरस के म्यूटेशन पर निगरानी रखने की क्षमता कम है।

चलते-चलते यह भी बता दें कि किसी भी वायरस में लगातार म्यूटेशन होता रहता है यानि इसके गुण बदलते रहते हैं। कई बार यह पहले से कई गुना खतरनाक होकर सामने आते हैं। यह प्रक्रिया इतनी तेजी से परिवर्तित होती है कि वायरस के एक रूप को समझने से पहले ही नया रूप सामने आ जाता है। वायरस का नया रूप आगे कमजोर होगा या घातक, अभी कोई अध्ययन नहीं हुआ है।

अंत में समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी ने दुनिया में हुई 17 लाख लोगों की कोरोना से हुई मौत पर संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि जहां दुनिया में प्रतिदिन 10 हजार से ज्यादा मौतें हो रही हैं वहीं भारत में औसतन प्रतिदिन 350 जानें जा रही हैं। डॉ.मधेपुरी ने कहा कि स्थिति बेहद गंभीर है…. जानलेवा बीमारी है यह। संयम ही इस संक्रमण से बचाव के उपाय है। जब तक दवाई नहीं…. तब तक ढिलाई नहीं। बाहर जाने पर मास्क लगाएं….  दूरी बनाएं…… घर आने पर  हाथ धोएं और सैनिटाइजर लगाएं।

सम्बंधित खबरें


यह है सर्दी का सितम बिहार में गया शहर में तापमान सबसे कम

जानिए कि कड़ाके की ठंड हो या हो भीषण गर्मी, दोनों में से कोई जब खतरनाक स्थिति की ओर बढ़ने लगती है तब पहले मौसम विभाग की ओर से ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया जाता है और खतरनाक स्थिति पर पहुंचने के बाद ही विभाग द्वारा ‘रेड अलर्ट’ जारी किया जाता है।

बता दें कि सूबे बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दो दिनों में 2 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। पूरा प्रदेश कोल्ड वेब की चपेट में आ गया है। एक दिन कबल गया शहर में सबसे कम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार के 26 जिले… गया, डेहरी, पटना, भागलपुर, पूर्णिया, आरा, बक्सर, रोहतास, भभुआ… आदि शीतलहर की चपेट में आ गया है। दिनभर कनकनी वाली हवा दो दिनों से चल रही है। गया में 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली। गत वर्ष दिसंबर के अंतिम दिन, गया में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

इस वर्ष उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण आने वाले दिनों में कोल्ड वेब का और अधिक गहरा असर रहेगा। फिलहाल राहत की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य के न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट और आएगी। सुबह-शाम कोहरा का प्रकोप पूरे राज्य में रहेगा, जिस कारण सड़कों पर विजिबिलिटी कम रहेगी। लोगों एवं वाहन चालकों को देखने में भी परेशानियां होंगी। मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी कर दिया है। सावधान रहें ! जीवन अनमोल है… !! वाहन धीरे चलाएं…!!!

चलते-चलते यह भी कि भीषण ठंड के कारण कोल्ड डायरिया का अटैक शुरू हो गया है। कड़ाके की ठंड के चलते लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। डायबिटीज और हार्ट के मरीजों की भी ठंड में परेशानियां बढ़ने लगी है। ठंड से बचने के लिए सरकारी अस्पताल के मरीजों को अपने घरों से कंबल-रजाई मंगाने पड़ रहे हैं। शहर में अभी तक अलाव जलाने की पुख्ता व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। अलाव के प्रति प्रशासनिक उदासीनता से लोग आक्रोशित होने लगे हैं तथा बढ़ रही भीषण ठंड में चौक-चौराहों पर अलाव जलाने की मांग भी करने लगे हैं।

सम्बंधित खबरें


भारतीय क्रिकेट के लिए 19 दिसंबर काला शनिवार साबित हुआ

14 जून 1924 को दक्षिण अफ्रीका की टीम इंग्लैंड के खिलाफ पोर्ट एलिजाबेथ में टेस्ट मैच खेलते हुए एक पारी में मात्र 30 रन पर सिमट गई थी, जिसमें कोई भी खिलाड़ी दो अंकों में रन नहीं बना पाए थे। आज 96 वर्षों के बाद विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम एडिलेड में खेले जा रहे डे एंड नाइट टेस्ट मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध पहली बार 36 रन पर ऑल आउट हो गई, जिसमें सबसे अधिक स्कोर मयंक अग्रवाल का रहा, जिन्होंने कुल 9 रन बनाए। कप्तान विराट कोहली सहित कोई भी भारतीय बल्लेबाज 2 अंकों में रन नहीं बना पाए। नौ धुरंधर सिर्फ 27 रन बनाकर ढेर हुए। तीन खिलाड़ी तो खाता भी नहीं खोल पाए, वे खाली हाथ पवेलियन लौट गए।

बता दें कि भारतीय क्रिकेट के लिए शनिवार का दिन भले ही शर्मसार करने वाला काला दिन रहा, परंतु अमिताभ बच्चन के कौन बनेगा करोड़पति के लिए लाख-करोड़ वाला प्रश्न बनकर दुनिया के सामने जरूर आएगा। ऐसी हार की जिम्मेदारी लेते हुए कप्तान विराट बोले……  दर्द बयां करने को शब्द नहीं !

गुलाबी गेंद से ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज हेजलवुड ने 5 एवं कमिंस ने 4 विकेट चटकाकर भारतीय बल्लेबाजी की धज्जियां उड़ा दी। टेस्ट इतिहास में भारतीय क्रिकेट टीम का यह सबसे न्यूनतम स्कोर है। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने गेंदबाजी का शानदार नमूना दिखाते हुए मेहमानों को तबाह कर दिया। भारतीय स्कोर बोर्ड में 4,2,0,9,0,4,4,0,8,4 और 1 निजी स्कोर किसी भी भारतीय प्रशंसक को निराश और हताश करने के लिए काफी है।

चलते-चलते यह भी कि कप्तान कोहली विशेष काम से भारत लौट रहे हैं। उप-कप्तान रहाणे अब भारतीय टीम के कप्तान होंगे। मोहम्मद शमी की कलाई में चोट है। वे स्कैन के लिए अस्पताल गए हैं। देखिए  अनिश्चितताओं के इस खेल में आगे क्या होता है ?

सम्बंधित खबरें


4 जनवरी से खुलेंगे सूबे के स्कूल, कॉलेज व कोचिंग संस्थान

कोरोना जैसे वैश्विक महामारी के चलते 13 मार्च 2020 से ही बंद राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज व कोचिंग संस्थान 4 जनवरी 2021 से खुलेंगे। आरंभ में स्कूलों में 8 से 12वीं तक की कक्षाएं और कॉलेजों में अंतिम वर्ष की कक्षाएं शुरू होंगी।

बता दें कि रोटेशन में चलेंगी कक्षाएं यानि आधे बच्चे एक दिन और शेष आधे दूसरे दिन बुलाए जाएंगे। एक दिन इवन क्रमांक तो दूसरे दिन आॅड क्रमांक वाले छात्र स्कूल आएंगे। ऐसा करने से सोशल-डिस्टेंसिंग मेंटेन किया जा सकेगा। सरकार द्वारा शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों में प्रत्येक छात्र व शिक्षक को दो-दो मास्क मुफ्त दिए जाएंगे।प्रत्येक छात्र व शिक्षक को मास्क पहनना अनिवार्य होगा।

जानिए कि सूबे के सारे कोचिंग संस्थानों को वहां के डीएम से लेनी होगी अनुमति। ऐसा इसलिए कि प्रायः कोचिंग संस्थानों के साथ हॉस्टल जुड़े होते हैं अतः कोविड-19 के नियमों के आलोक में संस्थान शुरू करने से पहले कोरोना से बचाव के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी देकर कार्य योजना को मंजूर कराना होगा। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद ही कोचिंग संस्थान और उनके हॉस्टल शुरू होंगे। स्वीकृत कार्य योजना एवं दिए गए गाइडलाइन का पालन करना सभी कोचिंग संस्थानों के लिए अनिवार्य होगा।

चलते-चलते यह भी कि किसी भी रुप में नियमों का उल्लंघन हुआ तो संस्था-प्रधान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बकौल मुख्य सचिव सरकारी तंत्र सतर्क रहेगी और प्रत्येक सप्ताह स्कूल, कॉलेज व कोचिंग के संचालन की समीक्षा की जाएगी। समीक्षोपरांत यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो 18 जनवरी से स्कूलों में 1 से 8 तक की कक्षाएं तथा कालेज की सभी कक्षाएं खोल दी जाएगी। याद रखें कि राज्य सरकार के मुख्य सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में राज्य आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में विशेष शर्तों के साथ शिक्षण संस्थानों को खोलने का फैसला लिया गया है।

सम्बंधित खबरें


एसपी-एसडीपीओ द्वारा वैज्ञानिक तरीके से किए गए अनुसंधान में कपड़े की दुकान में हुई चोरी का हुआ खुलासा

मधेपुरा जिला व्यापार संघ के पूर्व अध्यक्ष योगेंद्र प्राणसुखका के पुत्र एवं व्यापार संघ के वर्तमान उपाध्यक्ष आनंद प्राणसुखका द्वारा संचालित आनंद टेक्सटाइल के नाम से प्रसिद्ध वृंदावन कपड़ा दुकान में 2 दिसंबर की रात में चोरी हुई थी। चोरों ने तीन दरवाजों को तोड़कर गल्ले से 75 हजार नगद, चांदी के कुछ सिक्के, दो कार्टून में 10 पेंट, 10 शर्ट, 10 जैकेट यानि कुल लगभग 20 हजार का कपड़ा एवं डीवीआर चुरा ली थी।

बकौल एसपी योगेंद्र कुमार IPS घटना की जानकारी मिलते ही पूरी टीम के साथ वे घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारियां ली। सदर एसडीपीओ अजय नारायण यादव के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए घटना के उद्भेदन तक दिनभर की गई छापेमारी की जानकारियां प्रत्येक रात को एसपी को दी जाती थी। इस काम में 30 से अधिक सूचक को भी लगाए गए थे।

छापेमारी के दौरान एसडीपीओ अजय नारायण यादव की टीम ने नगर परिषद क्षेत्र के भिरखी टोले में अंतर जिला चोर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इन चोरों के घरों से चुराई गई 2 कार्टून समेत ₹9500 नकद भी बरामद कर लिया गया है। उक्त जानकारी के साथ-साथ एसपी योगेंद्र कुमार ने यह भी बताया कि चोरी की घटना में उपयोग किए गए टेंपो की बरामदगी एवं गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने हेतु भी छापेमारी जारी है। बरामद की गई राशि तथा कार्टून की टीआईपी भी कराई जाएगी।

चलते-चलते यह भी बता दें कि एसडीपीओ अजय नारायण यादव की टीम के सदस्यों को पुरस्कृत करने हेतु एसपी योगेंद्र कुमार द्वारा डीआईजी को अनुशंसा पत्र भी लिखा जाएगा। श्री कुमार ने चोरी रोकने के लिए बीट गश्ती का गठन किया है जिससे चोरी की घटना पर अंकुश भी लगा है।

अंत में शहर के संवेदनशील समाजसेवी-साहित्यकार व मधेपुरा नगरपालिका के पूर्व उप-अध्यक्ष रहे डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी ने एसपी एवं एसडीपीओ सहित सदर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार एवं गठित टीम के सारे सदस्यों को समस्त  शहरवासियों की ओर से हार्दिक साधुवाद प्रेषित किया है, क्योंकि इनके जगे रहने पर ही शहरवासी चैन से रात भर सो पाते हैं।

 

सम्बंधित खबरें


नीतीश ने गांव और टोलों तक सड़क निर्माण के लिए राज्यव्यापी सर्वे एवं निर्माण हेतु लिया फैसला

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जगमग नगरों से दूर बापू के गांव की ओर तेजी से नजर दौड़ाया है और गांव-टोलों में बनी सड़कों के राज्यव्यापी भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही यह भी कहा है कि अगर कहीं भी सड़कें नहीं बनी है तो उसे तेजी से पूरा किया जाए तथा बनी हुई सड़कों का निरंतर मरम्मत विभाग द्वारा ही किए जाएं।

बता दें कि ग्रामीण लोगों को सुलभ संपर्कता प्रदान करने के लिए नीतीश सरकार इस बार चौकन्ना दिख रही है। ग्रामीण टोला संपर्क निश्चय योजना के तहत सभी टोलों को सड़कों से जोड़ा जा रहा है। साथ ही यह भी कोशिश की जा रही है कि सड़कें हमेशा अच्छी हालत में रहे।

जानिए कि निरंतर अबाधित बिजली की तरह ही सुंदर सड़कों से ग्रामीण संपर्कता बनाए रखने हेतु मुख्यमंत्री ने ग्रामीण कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ-साथ मुख्य सचिव दीपक कुमार, वित्त विभाग के प्रधान सचिव एस सिद्धार्थ, सीएम के सचिव मनीष कुमार वर्मा, खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग के सचिव विजय कुमार एवं मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार भी उपस्थित थे।

समीक्षा बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि टोलों-बसावटों को जाकर देखें और जो सड़क से नहीं जुड़े हैं उन्हें बिना देर किए जोड़ें। अतिरिक्त संपर्कता के लिए कार्य योजना बनाएं और उस पर तेजी से काम हो। सीएम ने विभागीय वरीय इंजीनियरों को इस कार्य को गंभीरता से लेने और गति प्रदान करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि एक भी टोला और बसावट संपर्क पथ से छूटने नहीं पाए। इस तरह सीएम नीतीश कुमार ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी है।

चलते-चलते यह भी कि सीएम नीतीश के द्वारा गांवों एवं ग्रामीणों की ओर दिए जा रहे ध्यान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए समाजसेवी डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने अपनी चंद पंक्तियों में बस इतना ही कहा-

नवभारत का तीर्थराज है

मंडल-ग्राम, सितावदियारा।

लेकिन सुख सुविधा से वंचित

टोला और ये गांव हमारा।।

सम्बंधित खबरें


डॉ.मधेपुरी 30 वर्षों से याद दिलाते आ रहे हैं कि सदन में पिंजरे बनवाए जाएं

आये दिन देश के लगभग सभी राज्यों की विधान सभाओं, परिषदों तथा संसद के दोनों सदनों में भी सत्ता और विपक्षी दलों के सदस्यों के बीच जूते-चप्पल फेंकने से लेकर माइक तोड़ोउवल, कुर्सी फेंकउअल….. और महिला विधायिका की साड़ी सदन के अंदर खींचना भी लाखों लोगों के जनप्रतिनिधि के लिए अब शर्मनाक बातों के घेरे में नहीं आते देखने के बाद प्रो.(डॉ.)भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी ने 30 वर्ष पूर्व से ही प्रत्येक सदन में सदस्यों की सीट के चारों ओर पिंजरे बनवाए जाने की मांग तब शुरू की थी जब तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष की नेता सुश्री जयललिता की साड़ी एक मंत्री जी द्वारा खींचे जाने के बाद भारतीय संस्कृति को शर्मसार करने वाली ये बातें उन्होंने कही थी- “…आगे वह विधानसभा में तभी प्रवेश करेगी जब उनका शील अक्षुण्ण रहने की पूर्ण गारंटी सरकार देगी।”

जानिए कि दो दिन कबल यानि मंगलवार को कर्नाटक विधान परिषद में सत्ता और विपक्ष के सदस्यों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई…. अराजकता की ऐसी स्थिति उत्पन्न हो गई कि सदन में ही उप-सभापति एसएल गौड़ा को कुर्सी से खींच कर फर्श पर पटक दिया, जिन्हें मार्शल द्वारा उठाते हुए टीवी पर दुनिया के लोगों ने देखा। भला क्यों नहीं, जिन सदनों में आधे से अधिक सदस्य वैसे होते हैं जिन पर लूट, अपहरण….. मर्डर तक के केस चल रहे हैं…. जो बाहुबली कहे जाने पर गर्व महसूस करते हैं, वैसों ही के कारण पार्लियामेंट महीनों चल नहीं पाते और देशवासियों के टैक्स के करोड़ों-करोड़ रूपए बेमतलब बर्बाद होते रहते हैं। सारी परंपराएं तेजी से टूटती जा रही हैं। एक साथ होने वाला लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव का क्रम टूटा और करोड़ों रुपए का अतिरिक्त भार जनता पर पड़ा। क्या यही रहेगी हमारी संसदीय परंपरा?

बकौल समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.मधेपुरी,  संसदीय परंपरा के निर्वहन के लिए, महिला सदस्यों सहित अन्य सदस्यों की हिफाजत तथा विकास को गति देने के लिए प्रत्येक सदन में सदस्यों की सीट पर कुर्सी के चारों तरफ लोहे के पिंजरे बनें। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सदस्यों को उसमें बंद हो जाना पड़े। पिंजरे में ऑटोमेटिक लॉक हो जिसका रिमोट स्पीकर के पास दिया जाए। सदस्य पिंजरे के अंदर से ही विचार व्यक्त करें……।

सम्बंधित खबरें


ठंड एवं कोहरे के बीच जनहित में चौकन्ना रहते हैं डीएम नवदीप शुक्ला

पारा के लगातार गिरने के कारण वातावरण में बड़ी ठंड व कनकनी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बढ़ रहे कनकनी और ठंड को देखते हुए जिला के मुखिया नवदीप शुक्ला (भाप्रसे) ने जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीण इलाकों एवं शहरी क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी अंचलों को राशि आवंटित करने के साथ-साथ आवश्यक निर्देश भी जारी किए हैं। इसके अलावा दोनों अनुमंडल के एसडीएम को सामाजिक सुरक्षा के तहत कंबल खरीद कर गरीबों एवं असहाय लोगों के बीच वितरण करने के लिए राशि भी मुहैया करा दी है।

बता दे कि ठंड  व कोहरे में दूर-दूर से आने वाले गरीब व असहाय लोगों को बिना इलाज कराए लौट जाने को मजबूर ना होना पड़े इसलिए डीएम नवदीप शुक्ला ने डीडीसी विनोद कुमार सिंह व अन्य को अपनी टीम में शामिल कर सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों का जायजा लेने के क्रम में कुछ चिकित्सक व कर्मचारी के ड्यूटी पर मौजूद नहीं रहने को लेकर डीएम शुक्ला ने अस्पताल प्रशासन को फटकार लगाई तथा अनुपस्थित कर्मियों की उपस्थिति काटने का निर्देश दिया।

चलते-चलते यह भी बता दें कि डीएम के निर्देश पर दोनों अनुमंडल के एसडीएम ने अनुमंडलीय अस्पताल व सीएचसी का निरीक्षण किया। उदाकिशुनगंज अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण एसडीएम राजीव रंजन कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। उन्होंने अस्पताल बंद पाया। पता लगाने पर दूरभाष पर प्रभारी ने बताया कि कोरोना केंद्र बनाया गया था। फिलहाल कोरोना मरीज नहीं है। वहीं सिंहेश्वर सीएचसी का सदर एसडीएम नीरज कुमार ने निरीक्षण किया तो पाया कि कई स्वास्थ्य कर्मी सहित चिकित्सक भी अनुपस्थित हैं। एसडीएम नीरज कुमार ने सिंहेश्वर स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति  अत्यंत दयनीय बताई। कई सप्ताहों से नहीं आने वाले कर्मियों की उपस्थिति काट दी गई। साथ ही बेपटरी हुए स्वास्थ्य केन्द्र की स्थिति पर दुख जताते हुए एसडीएम नीरज कुमार ने कहा कि जनहित में इसे पटरी पर लाने की आवश्यकता है।

चर्चा के क्रम में शहर के समाजसेवी-शिक्षाविद डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी ने अलाव जलाने के संबंध में विशेष सुझाव देते हुए कहा कि अन्य जगहों के अतिरिक्त शहर के भूपेन्द्र चौक, मस्जिद चौक, पानी टंकी चौक, शिवनंदन चौक, पूर्णिया गोला चौक, कर्पूरी चौक एवं पश्चिमी बाईपास में शहीद चुल्हाय चौक और खेदन चौक को अवश्य शामिल किया जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने डीएम नवदीप शुक्ला एवं एसडीएम नीरज कुमार को जनहित के लिए चौकन्ना रहने हेतु साधुवाद भी दिया।

सम्बंधित खबरें