All posts by Admin

समाजवादी चिन्तक भूपेन्द्र नारायण मंडल की 42वीं पुण्यतिथि मनी

जिला मुख्यालय के भूपेन्द्र चौक पर प्रखर स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजवादी चिन्तक भूपेन्द्र नारायण मंडल की 42वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक भूपेन्द्र विचार मंच के बैनर तले प्रो. श्यामल किशोर यादव की अध्यक्षता में मनाई गई। शहर के समाजसेवियों एवं समाजवादी सोच के पूर्व विधायकों राधाकान्त यादव एवं परमेश्वरी प्रसाद निराला की उपस्थिति में बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री प्रो. चन्द्रशेखर ने उनकी प्रतिमा पर सर्वप्रथम माल्यार्पण किया और फिर उपस्थित गणमान्यों प्रो. सच्चिदानन्द यादव, डॉ. आलोक कुमार, गणेश मानव, समाजसेवी शौकत अली आदि ने भी पुष्पांजली अर्पित कर संक्षेप में अपने-अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर आपदा प्रबंधन मंत्री प्रो. चन्द्रशेखर ने कहा कि भूपेन्द्र बाबू जैसे समाजवादी नेता केवल सैद्धांतिक रूप में गरीबों के हक की लड़ाई नहीं लड़ते थे बल्कि अपने जीवन की कार्यशैली में भी इसका बखूबी पालन करते थे। वे विधायक व सांसद रहते हुए सोशलिस्ट पार्टी को मजबूत आधार देने के लिए बैलगाड़ी की सवारी कर गांव-गांव में लोगों के बीच अलख जगाते रहे।

अन्त में विचार मंच के सचिव डॉ. आलोक कुमार द्वारा विशेष रूप से आनंद, विकास, दिलखुश, धीरेन्द्र कुमार आदि युवाओं सहित सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

बता दें कि इस अवसर पर जिला मुख्यालय की कई संस्थाओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही विभिन्न प्रखंडों में भी भूपेन्द्र बाबू की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया गया।

सम्बंधित खबरें


कोसी त्रासदी 2008 के बाद भी अब तक क्यों नहीं बना ध्वस्त पुल- बापू के गांवों का

2008 के इस कुसहा जल-प्रलय में ध्वस्त हुए हजारों-हजार घर, सड़कों के अनेक पुल एवं वह गई रेल की पटरियों में कुछ-कुछ सुधार व कार्य तो हुए हैं- फिर भी केंद्र सरकार द्वारा घोषित इस राष्ट्रीय आपदा में पुनर्वास के लिए हजारों लोग प्रखंड की ओर, कई गाँवों के लोग पुल के लिए प्रतिनिधियों की ओर तथा क्षेत्रीय जनता मधेपुरा से पूर्णिया रेल की सवारी करने के लिए केंद्र सरकार की ओर टकटकी लगाकर देख रही है|

जल-प्रलय के 8 वर्ष बीत गए | आज की तारीख में भी यदि आप किसी पार्क आदि सार्वजनिक स्थल पर जाएंगे तो आपको सुलझे सोच वाले व्यक्तियों से यही सुनने को मिलेगा –

यह कि जापान भी तो एक छोटा सा देश है जो क्षेत्रफल में अमूमन हमारे राजस्थान जैसा और जनसंख्या में लगभग यू.पी. जैसा माना जा सकता है | वहीं के हिरोशिमा एवं नागाशाकी को 6 एवं 9 अगस्त 1945 को अमेरिका द्वारा परमाणु बम से ध्वस्त ही नहीं बल्कि राख में तब्दील कर दिया गया | जब उसी राख पर एक महिला कुछ बच्चों को पढ़ाती हुई नजर आई तो दुनिया ने जापान एवं जापानियों के हौसलों को सलाम किया |

आखिर हमारे भारत को, भारतीय प्रदेशों को तथा विधायक, सांसद व जनप्रतिनिधियों को हो क्या गया है ? राष्ट्रवाद की भावना कहां खो गई है ?  हमारे भारत में जापान की तरह सूरज की प्रथम किरण कब आएगी जो यहां के नर-नारियों व बच्चे-बूढ़ों को जगाती रहेगी |

सोचिए तो सही, राष्ट्रीय आपदा घोषित किए जाने के बावजूद आज भी 20% लोग पुनर्वास के लिए भटक रहे हैं |

मुरलीगंज प्रखंड के रघुनाथ-भेलाही स्थित बेंगा नदी का यह ध्वस्त पुल 8 साल बाद भी विधायक-सांसद द्वारा कोई पहल नहीं किए जाने पर आंसू बहा रहा है | और गांव के लोगों को प्रखंड मुख्यालय तक जाने के लिए आज तक कई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है |

मधेपुरा के लोग तो 8 साल में रेल से मुरलीगंज ही पहुंच पाए हैं | पता नहीं कब तक पूर्णिया पहुंच पाएंगे | एक अकेला क्या करेगा ? पार होने के लिए कोटि करों में जबतक नहीं होगा पतवार  !

सम्बंधित खबरें


संस्थापक कुलपति डॉ.रवि ने किया लोकार्पित- ‘उजाले का सफर’

बी.एन.मंडल वि.वि. के संस्थापक कुलपति व पूर्व सांसद डॉ.रमेन्द्र कुमार यादव रवि ने डॉ. सिद्धेश्वर काश्यप के गीत-संग्रह ‘उजाले का सफर’ का लोकार्पण किया | लोकार्पणकर्ता डॉ.रवि ने कहा कि अंधेरे की त्रासदी में ‘उजाले का सफर’ करनेवाले सिद्धहस्त कवि डॉ.सिद्धेश्वर परिवर्तन के मार्ग को प्रशस्त करने में सक्षम हैं| उन्होंने कहा कि डॉ.काश्यप की मानवीय प्रतिबद्धता और मूल्यपरकता  सराहनीय है |

मुख्य अतिथि के रुप में प्रधानाचार्या डॉ.रेणु सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ.काश्यप रचनात्मक धर्म को नया स्वर देते हैं | उन्होंने यह भी कहा कि डॉ.सिद्देश्वर मानवीय जिजीविषा और मुक्ति चेतना को अभिव्यक्त करने में सिद्धहस्त है और सक्षम भी |

लोकार्पण समारोह के संचालक डॉ.विनय कुमार चौधरी ने कहा कि डॉ.काश्यप रचनात्मक प्रतिभा के साथ-साथ आलोचनात्मक प्रतिभा से भी संपन्न हैं | उन्होंने कहा कि निरंतर रचनात्मक लेखन सुकवि सिद्धेश्वर की मूल पहचान है |

हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ.इंद्र नारायण यादव ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि डॉ.सिद्धेश्वर समय का साक्षात्कार करते हैं और अनुभूत सत्य का उद्घाटन भी | उन्होंने संस्थापक कुलपति एवं मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए दूसरे सत्र में काव्य गोष्ठी का श्रीगणेश किया | काव्य गोष्ठी में डॉ. रवि, डॉ.रेणु एवं डॉ.सिद्धेश्वर काश्यप सहित संचालक डॉ.चौधरी ने अपनी प्रतिनिधि कविता का पाठ किया |

जिले के उद्यान पदाधिकारी राजन बालन ने अपनी कविता से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया और बटोर ली तालियां भी | काव्य पाठ करने वालों में डॉ.सीताराम शर्मा, प्रो.गीता यादव, डॉ.आलोक कुमार, सियाराम यादव मयंक, डॉ.प्रवीण, रश्मि-प्रीति-विकास आदि प्रमुख रहे | सुधी श्रोताओं के रुप में सोमनाथ, सियाराम, कृष्ण मुरारी, राम कृष्ण, सुनील, आनंद जी आदि अंत तक कविता का रसास्वादन करते रहे |प्रो.इंद्र नारायण यादव के धन्यवाद के साथ ही समारोह के समापन का उद्घोष किया गया |

सम्बंधित खबरें


अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन किया मंत्री प्रो.चन्द्रशेखर ने

स्थानीय विधायक एवं बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री प्रो.चन्द्रशेखर ने मधेपुरा अबतक को चंद रोज पूर्व ही बताया था कि बिहार को भूकंप, बाढ़, सुखाड़, आग आदि अन्य विभिन्न तरह की आपदाओं से सुरक्षित रखने एवं आपदा जोखिम न्यूनीकरण रोडमैप के क्रियान्वयन के लिए दो दिवसीय (20-21 मई) कार्यशाला का आयोजन राजधानी पटना के होटल पाटलिपुत्र अशोका में आयोजित किया जाएगा |

आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव व्यासजी ने बताया कि कार्यशाला का उद्घाटन माननीय विभागीय मंत्री प्रो.चन्द्रशेखर द्वारा किया जाएगा | उन्होंने यह भी कहा कि कार्यशाला में रोडमैप के क्रियान्वयन के लिए विभिन्न योजनाओं पर चर्चाएं होंगी जिससे ‘सुरक्षित बिहार’ बनाने के कार्यक्रमों का निर्धारण एवं कार्यान्वयन द्रुत गति से किया जा सकेगा |

साथ ही नीतीश कुमार द्वारा ‘सुरक्षित बिहार’ बनाने हेतु जो कार्यक्रम निर्धारित किए जायेंगे उसमें राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्यों श्री आर.के.जैन, कमल किशोर सहित संस्थान के कार्यकारी निदेशक प्रो.संतोष कुमार व अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों के मूल्यवान विचारों को बिहार आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्राथमिकता के आधार पर अमलीजामा पहनाने का संकल्प प्राधिकरण के अधिकारियों अनिल कुमार सिन्हा, डॉ.उदयकांत मिश्र व प्रो.आनंद स्वरुप आर्य आदि द्वारा लिया जाएगा |

सम्बंधित खबरें


यू.वी.के. कॉलेज कड़ामा में 12 दिवसीय यू.जी.सी. स्पोन्सर्ड अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित

यू.जी.सी. प्रायोजित 12 दिवसीय एजुफेस्ट का शुभारम्भ 16 मई को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ | राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष कामेश्वर झा एवं मंडल वि.वि. के कुलपति डॉ.विनोद कुमार व सिंडीकेट सदस्य, एमएलसी डॉ.संजीव कुमार सिंह के कृपापूर्ण आशीर्वचनों से युक्त प्रधानाचार्य सह आयोजन समिति के चेयरमेन डॉ.माधवेन्द्र झा आदि द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया |

सेमिनार में आतंकवाद, आपदा-प्रबंधन……महात्मा गाँधी के अन्तर्राष्ट्रीय स्वरुप, क्लीन एंड ग्रीन इंडिया…..सोलर विंड पॉवर आदि विषयों पर शोधपूर्ण चर्चा करने के लिए पधारे त्रिभुवन वि.वि.काठमांडू नेपाल के डॉ.कुशेश्वर झा, बिहार विश्वविद्यालय के डॉ.अमर नाथ झा, राष्ट्रभाषा परिषद् के निदेशक डॉ.जयकृषण मेहता, सम्बन्धन प्राप्त महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य संघ के संयोजक डॉ.अशोक कुमार, प्राचार्या डॉ.पूनम यादव आदि को आयोजन समिति के अध्यक्ष प्राचार्य डॉ.माधवेन्द्र झा द्वारा स्वागत में पाग, चादर, माला व बुके दिया गया | साथ ही कॉलेज की छात्राओं द्वारा पीले वस्त्र में मंत्रोच्चारण करते हुए सेमिनार स्थल को सुशोभित किया गया तथा अपने सुरीले स्वागत गान से अतिथियों का स्वागत किया गया|

इस अवसर पर यूवीके कॉलेज कड़ामा का ध्वजा रोहन करने के बाद विधान पार्षद डॉ.संजीव कुमार सिंह ने सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा कि जो भी वित्तरहित महाविद्यालय क्रियाशील हैं उनके संस्थापकों द्वारा करोड़ों रूपये लगाये गये हैं, सरकार का एक पैसा भी नहीं लगा है | उन्होंने रूसा के चेयरमेन व वायस चेयरमेन से भी ऐसे शिक्षकों को सरकार द्वारा वेतन देने के बाबत प्रयास करने की चर्चा की | डॉ.संजीव ने अपना हृदयोद्गार व्यक्त करते हुए यह भी कहा कि शिक्षकों की सेवा का सामंजन सबसे पहली बाधा है जिसे कॉलेज प्रबंधक द्वारा संवेदनशील होकर करने की जरुरत है | विधान पार्षद ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में इतना बड़ा सेमिनार आयोजित करने के लिए कॉलेज के शिक्षकों-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष प्राचार्य डॉ.माधेवेंद्र झा को हृदय से कोटि-कोटि शुभकामनाएँ अर्पित की|

आगत अतिथियों द्वारा प्रथम दिन के विषय-‘21वीं सदी में आतंकवाद’ पर विचार व्यक्त करते हुए यही कहा गया कि आतंकवाद का कोई धर्म और मजहब नहीं होता | जहाँ किसी ने यह कहा कि आतंकवाद के कई पहलू हैं– सामाजिक आतंकवाद, धार्मिक आतंकवाद एवं राजनैतिक आतंकवाद तो वहीँ अन्य विद्वान् वक्ताओं ने आतंकवाद की जड़ को धर्म, राजनीति एवं आधुनिकता से जुडी हुई बताया |

इस अवसर पर आतंकवाद पर आधारित देश-विदेश के विद्वानों एवं शोध कर्मियों द्वारा दिये गये आलेखों से तैयार की गई स्मारिका का भी विमोचन किया गया |

मौके पर ललन झा, डॉ.प्राण मोहन सिंह, सुशीला कुमारी, श्याम किशोर यादव एवं कॉलेज शिक्षकों सहित छात्र-छात्राओं की भारी उपस्थिति अंत तक बनी रही| सेमिनार का सफल संचालन डॉ.अरुण कुमार ने किया |

 

सम्बंधित खबरें


पत्रकारों की हत्या लोकतंत्र की हत्या है

अच्छी सड़कें एवं अच्छी बिजली की व्यवस्था, परन्तु खराब हो रहे लॉ एंड आर्डर से बिहार की छवि कलंकित होने लगी है जबकि बिहार के हर कोने से प्रतिवर्ष आई.ए.एस. व आई.पी.एस. निकलने लगे हैं- यहाँ तक कि टॉप टेन में भी दो स्थान पाने लगे हैं | अर्द्धशतक बना बनाकर अब शतक बनाने की कोशिश में कदम बढ़ाने लगे हैं |

‘कमेटी टू प्रोटेक्ट जार्नलिस्ट’ के शोधानुसार भारत में 1992 से अबतक लगभग 100 पत्रकारों की हत्याएं हो चुकी हैं | सवाल यह नहीं कि कितने मामलों में इन्साफ मिला और कितने अपराधियों को माफ़ी मिल गई ! सवाल यह है कि वैसे सैकड़ों आहत परिवार की तरह और कबतक इस लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ की हत्याएं होती रहेंगी | सीवान में हिन्दुस्तान के ब्यूरोचीफ राजदेव रंजन और झारखंड के पत्रकार इन्द्रदेव यादव के बच्चों के सपने कब तक भूलुंठित होते रहेंगे ! कब तक विदेशों में भी ऐसी मर्माहत करने वाली हत्याओं की भर्त्सनाएँ की जाती रहेंगी ! तथा देश के कोने-कोने में पत्रकारों द्वारा काले बिल्ले लगा-लगाकर धरना दिये जाते रहेंगे ?

वरिष्ठ पत्रकार धर्मेन्द्र भारद्वाज की अध्यक्षता में जिले के प्रतिष्ठित पत्रकार अमिताभ एवं रुपेश कुमार सहित प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के सभी पत्रकारों ने राजदेव एवं इन्द्रदेव की दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए सम्मिलित रूप से दो मिनट का मौन रखा | श्रधांजलि सभा में पत्रकारों द्वारा सुरक्षा की मांग के साथ-साथ इन दोनों पत्रकारों को राजकीय शहीद का दर्जा देते हुए उसके तहत मिलने वाली सुविधाएँ उनके परिजनों को मुहैया कराने की मांग भी की गई |

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा अब विकास की नई इबारत लिखने लगा है

जिला स्थापना के दिन व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद डायनेमिक डी.एम. मो.सोहैल ने नीतीश सरकार के सात निश्चयों में से- ‘अवसर बढे, आगे बढ़ें’ के तहत जिले में रोजगारोन्मुखी छह शिक्षण संस्थानों के निर्माण हेतु समय निकालकर टीम के साथ स्थल निरीक्षण हेतु चल दिये | जिलाधिकारी की टीम में सिविल सर्जन डॉ.गदाधर पाण्डेय सहित जिला शिक्षा पदाधिकारी बद्री नारायण मंडल, अंचलाधिकारी मिथिलेश कुमार एवं भवन निर्माण के अभियंता मधुसूदन कुमार कर्ण भी मौजूद थे|

निरीक्षोपरान्त डी.एम. मो.सोहैल ने मधेपुरा अबतक को बताया कि जिले में दो आई.टी.आई., एक महिला आई.टी.आई., एक एएनएम स्कूल, एक जेएनएम स्कूल और एक पारा मेडिकल प्रशिक्षण संस्थान यानी कुल छह संस्थान खोले जाने हैं | उन्होंने यह भी बताया कि पड़रिया गाँव में केशव कन्या गर्ल्स स्कूल की 22 बीघे जमीन के कुछ हिस्से में एएनएम कॉलेज, जीएनएम (एग्रेड नर्स) कॉलेज तथा पारा मेडिकल कॉलेज खुलेगा|

इसके अलावे उन्होंने कहा कि धुरगाँव पंचायत के नरसिंहबाग़ गाँव में 4 एकड़ 23डी. सरकारी भूमि पर महिला एवं पुरुष आईटीआई के लिए दो मंजिला भवन के साथ-साथ छात्राओं का हॉस्टल भी बनेगा- जिसके लिए सरकारी स्वीकृति भी मिल चुकी है| डी.एम. मो.सोहैल ने बताया कि एक साल के अंतर्गत दोनों जगह भवन निर्माण का कार्य पूरा का लिया जायगा|

विकास के लिए चौकस रहने वाले डी.एम. मो.सोहैल के अनुसार चौसा में बनेगा आईटीआई संस्थान और मधेपुरा प्रखंड के मछबखरा गाँव में रासबिहारी उच्च विद्यालय की 29बीघे जमीन पर उक्त विद्यालय के नाम का सरकारी कॉलेज भवन बनाये जाने हेतु प्रस्ताव बनाने के लिए डी.ई.ओ. बद्री नारायण मंडल को कहा गया है |

सम्बंधित खबरें


मनीषियों की तपोभूमि है मधेपुरा- मंत्री प्रो. चंद्रशेखर

जिला स्थापना के 35वें वर्षगांठ पर बी.एन.मंडल स्टेडियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया | यूँ तो 9मई को दिन भर तेरहो प्रखंड में उत्सवी माहौल रहा | शाम में स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह का उद्घाटन दीप प्रज्जवलित कर सम्मिलित रूप से बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री प्रो.चन्द्रशेखर, विधान पार्षद विजय कुमार वर्मा, अपर जिला न्यायाधीश मिथिलेश कुमार दिवेदी, जिलाधिकारी मो.सोहैल एवं समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.मधेपुरी ने किया|

मंत्री प्रो.चंद्रशेखर ने दर्शकों से अपील की कि जातिवाद एवं छुवाछूत से हटकर विकास को गति प्रदान करें | उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज विश्वकर्मा बनकर बिहार को सजा रहे हैं, उनके सात निश्चयों को मंजिल तक ले जाने में सहयोग करें |

विधान पार्षद विजय कुमार वर्मा ने पूर्ण नशामुक्त एवं विकसित बिहार बनाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राष्ट्रीय नेता शरद यादव को हृदय से बधाई दी |

जिला के डायनेमिक डी.एम. मो.सोहैल ने कहा कि अब मधेपुरा ‘रोशनी ’ की नई इबारत लिखने लगा है- रेल फैक्ट्री, मेडिकल-इंजिनीयरिंग – पारा मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ दो आई टी आई एवं एएनएम- जेएनएम स्कूल……. के लिए जमीन हो गई है तथा सरकारी स्वीकृति भी मिल चुकी है | शीघ्र निर्माण कार्य आरम्भ होगा |

डॉ.मधेपुरी ने 135 वर्षो तक सबडिविजन रहने के बाद मधेपुरा को जिला का दर्जा देने वाले तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ.जगन्नाथ मिश्र को मधेपुरा वासियों की ओर से तथा सामाजिक न्याय की धरती की ओर से धन्यवाद् ज्ञापित करते हुए जिला बनने की विस्तृत जानकारियाँ दर्शकों को दी|

Cultural Programs being performed by students of schools and colleges .
Cultural Programs being performed by students of schools and colleges .

स्थानीय स्कूली कलाकारों के भव्य प्रदर्शन का रसास्वादन लेते रहे- विधायक प्रो.रमेश ऋषिदेव, आरक्षी अधीक्षक विकास कुमार, एडीएम अबरार अहमद कमर सहित जिलाप्रशासन के समस्त पदाधिकारी गण व समाजसेवी शौकत अली, वार्ड पार्षद ध्यानी यादव, डॉ.शांति यादव, प्रो.योगेन्द्र ना.यादव, प्रो.रविरंजन, प्रो.रीता आदि |

कार्यक्रम का शुभारम्भ शशि प्रभा एवं समापन रेखा यादव ने किया | सांस्कृतिक कार्यक्रम में हॉली क्रॉस, माया विद्या निकेतन, स्वर शोभिता, मधेपुरा महिला कॉलेज, कला मंदिर मधेपुरा एवं सिंहेश्वर के बच्चे-बच्चियों ने मनमोहक प्रदर्शन प्रस्तुति की |

Audience enjoying the Cultural Program .
Audience enjoying the Cultural Program .

मंच संचालन सीडीपीओ जयश्रीदास एवं भारत स्काउटएंड गाइड के आयुक्त जयकृष्ण यादव ने संयुक्तरूप से किया | धन्यवाद् ज्ञापन डी.डी.सी. मिथिलेश कुमार ने किया |

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा में पूर्ण नशा मुक्ति पर कार्यशाला आयोजित

जिले के डायनेमिक डी.एम. मो.सोहैल की अध्यक्षता में जिला के सरकारी एवं प्राइवेट सभी डॉक्टरों, दंत चिकित्सकों, शिक्षाविदों एवं ड्रग एशोसिएशन के अध्यक्ष – सचिव सहित सभी दवाइयों के थौक विक्रेताओं को सिविल सर्जन डॉ.गदाधर पांडेय द्वारा झल्लूबाबू सभागार में बुलाया गया |

अध्यक्षता करते हुए डी.एम. सोहैल ने नीतीश सरकार के पूर्ण नशाबंदी कार्यक्रमों को आन्दोलन का स्वरुप देने हेतु अनुरोध किया तथा दवा दूकानदारों को वैसे दवाइयों को बिना रजिस्टर्ड डॉक्टरों के पुर्जे के नहीं बेचने की हिदायत दी जिसमें अलकोहल या निकोटीन रहता है |

सभा में अधिकांश डॉक्टरों ने जिसमें आई.एम.ए. के अध्यक्ष डॉ.मिथिलेश कुमार, सचिव डॉ. डी.के.सिंह, प्रमंडलीय सचिव डॉ.सच्चीदानंद यादव, डॉ.धीरेन्द्र कुमार यादव, डॉ.नायडू, डॉ.बी.एन. भारती, डॉ.उजित राजा, डॉ.मधुकर, डॉ.अशोक वर्मा, डॉ.आर.के पप्पू आदि ने अपने विचार रखे | थौक दवा विक्रेता संघ के सचिव मनीष सर्राफ, शिक्षाविदों में डॉ.शांति यादव, डॉ.मधेपुरी, प्रो.श्यामल किशोर यादव, शौकत अली, सुधा संध्या आदि ने अपने विचार विस्तार से रखे | जहाँ डॉ.शांति यादव ने क्वेक के पुर्जे पर दवा नहीं देने की बात कही, वहीँ श्यामल किशोर ने क्वेक के पक्ष में बातें रखी | समाजसेवी शौकत अली ने बच्चों द्वारा सुलेशन से नशा बनाने की बातें कही |

डॉ. मधेपुरी ने कहा जैसे घड़ी की सभी सुइयाँ बारह बजे एक साथ हो जाती है, वैसे ही यदि प्रशासन-चिकित्सक-शिक्षक एक साथ हो जांये तो नशा खोरों का बारह बज जाएगा और पूर्ण नशामुक्ति का प्रयास सफल होगा |

अंत में डी.डी.सी. मिथिलेश कुमार ने धन्यवाद् ज्ञापित करते हुए कहा कि पूर्ण नशा मुक्त समाज बनाने के लिए सभी का सहयोग जरुरी है |

सम्बंधित खबरें


अब भारत में होगा सिंगल इमरजेंसी नंबर

वर्तमान में आपको पुलिस के लिए 100 नंबर डायल करना होता है, फायरब्रिगेड के लिए 101, एंबुलेंस के लिए 102 और आपात आपदा प्रबंधन के लिए 108 नंबर। पर अब देशभर में इन तमाम सेवाओं के लिए आपको बस एक सिंगल इमरजेंसी नंबर 112 डायल करना होगा। ये सुविधा एक जनवरी 2017 से लागू होगी। दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सभी आपात सेवाओं के लिए एकल नंबर के प्रावधान को मंजूरी दे दी है। यह अमेरिका में सभी आपात सेवाओं के एक नंबर 911 की तर्ज पर है।

खास बात है कि यह सेवा उन सिम या लैंडलाइन पर भी उपलब्ध होगी जिनकी आउटगोइंग सुविधा रोक दी गई। परेशानी में फंसा कोई भी व्यक्ति 112 नंबर पर कॉल करेगा तो उसकी कॉल तत्काल संबंधित विभाग को स्थानांतरित की जाएगी। 112 नंबर शुरू होने के बाद अन्य सभी मौजूदा आपात नंबर धीरे-धीरे समाप्त हो जाएंगे। यह इस नई सुविधा को लेकर जागरूकता पर निर्भर करेगा।

यह भी बता दें कि लोग इस 112 नंबर को पैनिक बटन प्रणाली में फीड कर सकेंगे। कानून के तहत पैनिक बटन सुविधा भी सभी मोबाइल फोनों पर एक जनवरी से उपलब्ध होगी। पैनिक बटन के जरिए आप सिर्फ एक बटन दबाकर कई नंबरों पर इमरजेंसी कॉल कर सकेंगे या अलर्ट भेज सकेंगे।

सम्बंधित खबरें