All posts by Admin

मधेपुरा वासियों को नए साल में मिलेगा नवीन पुस्तकालय

मधेपुरा के डायनेमिक डीएम मो.सोहैल द्वारा जिला केन्द्रीय पुस्तकालय को पुनर्जीवित करने हेतु गठित संचालित समिति की लगातार तीन-चार बैठकें हो चुकी हैं | प्रथम बैठक कुछ महीने पूर्व ही डीएम मो.सोहैल की अध्यक्षता में हुई थी |

बता दें कि समिति के कुशल संचालन हेतु समाजसेवी साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी, प्रो.श्यामल किशोर यादव, प्रो.प्रदीप कुमार झा सहित सचिव श्री संदीप शांडिल्य एवं अध्यक्ष जिला शिक्षा पदाधिकारी (पदेन) की टीम गठित की गई | गत 26 दिसम्बर को डीईओ उग्रेश प्रसाद मंडल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई जिसमें समस्तीपुर पुस्तकालय प्रभारी सह मधेपुरा जिला पुस्तकालय वित्तीय प्रभारी योगेंद्र प्रसाद को भी बुलाया गया था ताकि वित्तीय जानकारी प्राप्त कर विद्युतीकरण, नए उपस्कर की खरीद एवं जीर्णोद्धार कर भवन का रंग-रोगन करने का निर्णय लिया जा सके, परंतु श्री प्रसाद ने तत्काल वित्तीय जानकारी उपलब्ध करवाने में असमर्थता जताई तथा 29 दिसंबर तक चेक बुक, पासबुक व अन्य कागजात समर्पित करने की बात कही | श्री प्रसाद आज पुस्तकालय के नाम वाला पासबुक दिये जिसमें 2लाख 60 हज़ार इंटरेस्ट की राशि जमा है | कभी 18 लाख रु जो आया था उसके खर्च का ब्योरा उन्होंने नहीं दिया | सचिव श्री शांडिल्य ने डीएम से जाँच कराने की अपील करने हेतु पुनः मिटिंग बुलाने वाले हैं |

तत्काल बिजली मीटर लगाने एवं इलेक्ट्रिफिकेशन का कार्य पूरा करने के लिए वरिष्ठ सदस्य डॉ.मधेपुरी सहित अन्य सभी सदस्यगण व्यक्तिगत सहयोग राशि 2500/- ( ढाई हज़ार )रु.  की दर से दे रहे हैं और उस कार्य को पूरा भी किया जा चुका है | मुरलीगंज नगर पंचायत के श्वेत कमल उर्फ़ बउवा बाबू भवन के रंग-रोगन कार्य पूरा करने का वचन शिक्षानुरागी सदस्य डॉ.मधेपुरी को दे चुके हैं | डॉ.मधेपुरी ने कहा कि मिसाइलमैन डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम हमेशा पढ़ने और ज्ञान हासिल करने को सबसे बड़ी ताकत मानते रहे | अंततक किताबों के प्रति उनका उत्साह बना रहा | डॉ.मधेपुरी ने  सचिव श्री संदीप सांडिल्य सहित पुस्तकालय  प्रभारी यादव विक्रम एवं सहयोगी शिक्षक श्री कुणाल कुमार के कार्यों की भरपूर सराहना की तथा उन्होंने  नये साल में नव वर्ष की मंगल कामनाओं के साथ मधेपुरा वासियों को जिला केंद्रीय पुस्तकालय का नवीन संस्करण देने का संकल्प दुहराया |

सम्बंधित खबरें


तो क्या अन्ना को जेल से देना होगा धरना..?

सुप्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा है कि अगर सरकार उन्हें राजधानी नई दिल्ली में धरना करने के लिए कोई जगह नहीं देती है, तो वह जेल से ही खुशी-खुशी धरना देंगे।

अन्ना ने कहा, ‘मैंने 23 मार्च को दिल्ली में धरना देने के लिए केंद्र सरकार से कोई जगह मुहैया कराने का आग्रह किया है। अभी तक मुझे सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। अगर सरकार मुझे इजाजत नहीं देती है तो मैं जेल से ही खुशी-खुशी धरना दूंगा।’ आगे उन्होंने कहा, ‘पहले कांग्रेस की सरकार ने 2011 में भी मुझे दिल्ली में प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी थी और जेल में डाल दिया था। देखते हैं कि यह सरकार अब क्या करती है।’

पद्म विभूषण से सम्मानित अन्ना हजारे ने पहले और अब में अंतर रेखांकित करते हुए कहा, ‘पहले यूपीए सरकार मेरे पत्रों का संज्ञान लेती थी और तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मेरे पत्रों का जवाब भी देते थे। लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी जी को मैं किसानों और स्थानीय मुद्दों को लेकर 30 पत्र लिख चुका हूं, लेकिन अभी तक एक का भी जवाब मुझे नहीं मिला है।’ क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस विषय में तत्काल गंभीरता से विचार नहीं करना चाहिए ?

सम्बंधित खबरें


अब फेसबुक भी मांगेगा आधार

आधार को विभिन्न सरकारी सुविधाओं और पहचान पत्रों से लिंक करने को लेकर भले ही कानूनी लड़ाई जारी है और इसे निजता के अधिकार पर खतरा बताया जा रहा है, पर इन सब के बावजूद आधार सबसे विश्वसनीय आईडी प्रूफ बनने की ओर है। और तो और अब जल्द ही फेसबुक भी नया अकाउंट खोलने से पहले यूजर से आधार की मांग करेगा।

जी हां, फेसबुक एक ऐसा फीचर टेस्ट कर रहा है जिसमें नया अकाउंट खोलने के लिए आपको आधार कार्ड पर लिखा नाम बताना होगा। जब आप आधार कार्ड पर लिखा नाम डालेंगे तो लिखकर आएगा, ‘अगर आप अपना आधार वाला नाम डालेंगे तो आपके दोस्त आपको आसानी से खोज सकेंगे।’ फेसबुक ने बताया कि नया अकाउंट खोलने वाले सभी लोगों को ऐसा नोटिफिकेशन नहीं दिखेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फेसबुक का कहना है कि यह कुछ यूजर्स को ही दिखेगा। फेसबुक ने यह भी साफ किया है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह वैकल्पिक होगी।

भले ही आधार को लेकर हंगामा जारी हो लेकिन फेसबुक द्वारा आधार नाम पूछे जाने का कोई खास असर नहीं पड़ेगा क्योंकि आधार नंबर जाने बिना ‘निजता के अधिकार’ पर कोई खतरा नहीं है। वैसे बता दें कि आधार जानकारी मांगने वाली फेसबुक पहली कंपनी नहीं है। कुछ सप्ताह पहले ऑनलाइन रिटेलर अमेजन इंडिया ने भी कस्टमर्स से अपने आधार नंबर अपलोड करने को कहा था जिससे खोए हुए ऑर्डर को सही पते पर पहुंचाया जा सके।

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा के डॉ. अमरदीप बने जेडीयू मीडिया प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष

बिहार जेडीयू के अध्यक्ष श्री बशिष्ठ नारायण सिंह ने जेडीयू मीडिया प्रकोष्ठ का गठन करते हुए डॉ. अमरदीप को प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया। आज राजधानी पटना स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह में डॉ. अमरदीप को मनोनयन का पत्र सौंपा गया। उनके साथ ही श्री सुनील कुमार को प्रशिक्षण प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इन दोनों प्रकोष्ठों के गठन को 2019 के लोकसभा व 2020 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

दोनों नेताओं के मनोनयन पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) व संसदीय दल के नेता श्री आरसीपी सिंह, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सह विधानपार्षद प्रो. रामवचन राय, बिहार विधान परिषद में पार्टी के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह (गांधीजी), पार्टी के कोषाध्यक्ष सह विधानपार्षद डॉ. रणवीर नंदन, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन कुमार आर्य एवं श्री अनिल कुमार ने बधाई देते हुए कहा कि नेताद्वय के मनोनयन से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

‘मधेपुरा अबतक’ के पाठकों को बता दें कि मीडिया विशेषज्ञ डॉ. अमरदीप की मातृभूमि मधेपुरा है। वे मधेपुरा के पूर्व सांसद, राज्यसभा के पूर्व सदस्य, जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव व मधेपुरा स्थित भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति डॉ. रमेन्द्र कुमार यादव रवि के तीन बेटों में सबसे छोटे हैं। वहीं मधेपुरा के प्रसिद्द समाजसेवी व साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी उनके धर्मपिता हैं । दिल्ली विश्वविद्यालय के मेधावी छात्र रहे डॉ. अमरदीप मीडिया के क्षेत्र में बीस वर्षों से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। वे भारत सरकार समेत कई राज्य सरकारों, विभिन्न मंत्रालयों, बड़े कॉरपोरेट हाउसों एवं विभिन्न चैनलों को अपनी सेवा दे चुके हैं। धारावाहिक एवं वृत्तचित्र बनाने में महारत रखने के साथ ही उन्होंने विभिन्न विषयों पर एक दर्जन से ज्यादा महत्वपूर्ण किताबें भी लिखी हैं।

नई भूमिका में उनकी प्राथमिकताओं को लेकर ‘मधेपुरा अबतक’ द्वारा पूछे जाने पर डॉ. अमरदीप ने कहा कि मीडिया की अहमियत हमेशा से रही है लेकिन सोशल मीडिया ने इसके दायरे, विस्तार व गति को बेहिसाब बढ़ा दिया है। उनकी प्राथमिकता होगी कि सभी आधुनिक संचार माध्यमों पर जेडीयू की दमदार मौजूदगी हो। डॉ. अमरदीप ने कहा कि पार्टी, पॉलिटिक्स और लीडर, हर मायने में जेडीयू बाकी दलों से कोसों आगे है, अब बारी तकनीक की है।

बकौल डॉ. अमरदीप पार्टी के आधुनिकीकरण व मीडिया के हर फॉर्मेट पर काम करने के साथ ही उन्हें जमीनी स्तर पर कई कार्यों को अंजाम देना है। दहेजबंदी और बालविवाहबंदी के समर्थन में जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के आह्वान पर आगामी 21 जनवरी को बनने जा रही मानव-श्रृंखला की सफलता ऐसा ही एक कार्य है, जिस पर उन्हें तत्काल लगना है।

सम्बंधित खबरें


ईद ही नहीं, अब क्रिसमस भी सलमान के नाम

सलमान खान ने साल 2017 के जाते-जाते अपनी फिल्म के जरिए अपनी ही कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सलमान-कटरीना की फिल्म ‘टाइगर ज़िंदा है’ ने तीन दिन के अंदर ही 114 करोड़ रुपए की कमाई कर डाली है, जो उनकी किसी भी फिल्म से ज्यादा है। बता दें कि यह सलमान की 12वीं ऐसी फिल्म है, जिसकी कमाई भारत में 100 करोड़ के पार गई है। यह बाकी सभी ऐक्टर्स से ज्यादा है। इससे पहले सलमान की ‘बजरंगी भाईजान’ ने भारत में सबसे ज्यादा 320.34 करोड़ और ‘सुल्तान’ ने 300.45 करोड़ की कमाई की थी।
‘दबंग’ सलमान की फिल्म ‘टाइगर ज़िंदा है’ बॉक्स ऑफिस पर जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है, उसे देख लगता है कि आने वाले दिनों में यह कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़ेगी। वैसे भी पुराने साल के जाने और नए साल के आने का संधिकाल कुछ ऐसा होता है कि लोग इस समय को मौज-मस्ती के साथ बिताना चाहते हैं। जाहिर है कि सलमान को इसका बड़ा लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि बड़ी आसानी से 100 करोड़ क्लब में पहुंच चुकी इस फिल्म ने शानदार ओपनिंग के साथ पहले ही दिन 34 करोड़ की कमाई की थी। यही नहीं, तीन दिनों में 114 करोड़ की कमाई कर सलमान की इस फिल्म ने ‘सुल्तान’ को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसकी कमाई 3 दिनों में 105 करोड़ रुपए बताई जाती है।

बहरहाल, जिन हमारे जिन पाठकों ने पहले तीन दिन में यह फिल्म नहीं देखी है, उन्हें बता दें कि सलमान खान इस फिल्म में एक बार फिर अपने फैंस को एक्शन का डोज दे रहे हैं। एक्शन सीक्वेंस में कैटरीना कैफ ने भी उनका भरपूर साथ दिया है। फिल्म में दोनों आतंकियों के चंगुल से बंधक बनीं नर्सों को बचाते हुए नजर आ रहे हैं। फिल्म में ‘टाइगर’ सलमान जहां रॉ के एजेंट हैं वहीं जोया यानि कटरीना पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की एजेंट बनी हैं। दोनों नर्सों को बचाने के मिशन के दौरान एक-दूसरे को चाहने लगते हैं। कुल मिलाकर एक्शन और रोमांस समेत फिल्म में वो सभी मसाले डाले गए हैं जिसे देखने के लिए दर्शक सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं। एक पंक्ति में कहें तो सलमान को चाहने वालों के लिए यह फिल्म क्रिसमस पर सांता के उपहार से कम नहीं। ईद के समय बॉक्स ऑफिस पर राज करने वाले बॉलीवुड के इस खान ने अब क्रिसमस भी अपने नाम कर लिया है।

सम्बंधित खबरें


जेडीयू ने मनाया कार्यकर्ताओं का ‘शुकराना’ समारोह

जेडीयू ने एक बार फिर साबित किया कि वो पार्टी, पॉलिटिक्स और लीडर, हर चीज में अलग है। 1, अणे मार्ग में लगातार 21 दिनों तक चले अत्यंत सफल प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) व राज्यसभा में जेडीयू संसदीय दल के नेता श्री आरसीपी सिंह ने कार्यकर्ताओं के लिए ‘शुकराना’ समारोह आयोजित किया। श्री सिंह ने दिन-रात मेहनत कर लगातार 21 दिनों तक चले ‘महायज्ञ’ को सफल बनाने वाले पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, प्रवक्ताओं और जिला व राज्य स्तर के नेताओं को शॉल देकर सम्मानित किया और सबके लिए खिचड़ी भोज का आयोजन किया। इस मौके पर प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लोग भी सादर आमंत्रित थे।

प्रेस-कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए श्री आरसीपी सिंह ने कहा कि सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण देश के इतिहास में किसी राजनीतिक दल द्वारा लगातार 21 दिनों का प्रशिक्षण अपने आप में अनोखी बात है। प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा से अवगत कराने के साथ-साथ सरकार द्वारा चलाए जा रहे सात निश्चय जैसे कार्यक्रम व लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम जैसे कानून से लाभ उठाने को प्रेरित करना, शराबबंदी, दहेजबंदी, बालविवाहबंदी जैसे सामाजिक सुधार अभियान को घर-घर तक पहुंचाना, संगठन व चुनाव-प्रबंधन को चुस्त-दुरुस्त करना और कार्यकर्ताओं को आज की नई तकनीक व सोशल मीडिया के प्रति जागरुक करना था। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस और परिवारवाद का विरोध हमारी पार्टी की खासियत है, जिस पर हमें हर हाल में कायम रहना है।

श्री आरसीपी सिंह ने इस मौके पर पार्टी को नए संचार माध्यमों से जोड़ने में लगे मीडिया विशेषज्ञ डॉ. अमरदीप की लिखी किताब ‘जेडीयू की नई करवट: एक नज़र में’ का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अमरदीप ने यह किताब 21 दिनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन से लिखनी शुरू की और कार्यक्रम खत्म होने के ठीक अगले दिन इसका पुस्तक के रूप में आ जाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। किताब के नाम के अनुरूप इससे पता चलता है कि पार्टी किस तरह नई करवट ले रही है। उन्होंने कहा कि यह किताब 21 दिनों के प्रशिक्षण का निचोड़ है। इसे राज्य भर में जिला व प्रखंड स्तर पर भेजने की व्यवस्था की जाएगी ताकि पार्टी से जुड़े तमाम लोग नई चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट लोगों में विधानपार्षद प्रो. रामवचन राय, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता व विधानपार्षद श्री संजय सिंह, प्रवक्ता व विधानपार्षद श्री नीरज कुमार, विधानपार्षद श्री संजय कुमार सिंह (गांधीजी), विधानपार्षद श्री ललन सर्राफ, प्रशिक्षण के संयोजक रहे प्रबंधन विशेषज्ञ श्री सुनील कुमार, मीडिया विशेषज्ञ डॉ. अमरदीप, विधायक श्री सुनील चौधरी, विधायक श्री अशोक सिंह, विधायक श्री बशिष्ठ सिंह, पूर्व विधायक श्री कृष्णकुमार मंटू, मुख्यालय प्रभारी व महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य एवं श्री अनिल कुमार, महासचिव व प्रवक्ता श्री प्रगति मेहता, प्रवक्ता डॉ. सुहेली मेहता, प्रवक्ता डॉ. भारती मेहता, प्रवक्ता श्री निखिल मंडल, प्रवक्ता श्री अरविन्द निषाद, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मोहम्मद सलाम, चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. एलबी सिंह, महिला जेडीयू की अध्यक्ष श्रीमती कंचन गुप्ता, महादलित प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री हुलेस मांझी, श्री रंजीत प्रभाकर, सुश्री अंजुम आरा, श्री अंजनी सिंह एवं श्री नंदकिशोर कुशवाहा प्रमुख हैं।

सम्बंधित खबरें


और भारत ने धो दिया श्रीलंका को

कप्तान रोहित शर्मा की धमाकेदार शतकीय पारी एवं चहल और यादव की जबरदस्त गेंदबाजी की बदौलत भारत ने शुक्रवार को इंदौर में खेले गए दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में श्रीलंका को 88 रनों से धो दिया और तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली।

रोहित ने अपनी पावर हिटिंग और कलात्मकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए 43 गेंदों पर 12 चौकों और दस छक्कों की मदद से 118 रन बनाए। उन्होंने केवल 35 गेंदों पर अपना शतक पूरा करके दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। रोहित ने केएल राहुल (49 गेंदों पर 89 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 165 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। राहुल ने अपनी पारी में पांच चौके और आठ छक्के लगाए और महेंद्र सिंह धोनी (28) के साथ दूसरे विकेट के लिये 78 रन जोड़े।

इससे भारत पांच विकेट पर 260 रन बनाने में सफल रहा जो उसका इस प्रारूप में सर्वोच्च स्कोर है। श्रीलंका की टीम इसके जवाब में 17.2 ओवर में 172 रन ही बना पायी। कुसल परेरा की 37 गेंदों पर चार चौकों और सात छक्कों की मदद से खेली गई 77 रन की पारी और उपुल थरंगा (29 गेंदों पर 47) के साथ उनकी दूसरे विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी से श्रीलंका का स्कोर एक समय दो विकेट पर 145 रन था लेकिन युजवेंद्र चहल (52 रन देकर चार विकेट) और कुलदीप यादव (52 रन देकर तीन विकेट) ने इसके बाद 19 रन के अंदर सात विकेट निकालकर मैच को एकतरफा बना दिया।

गौरतलब है कि इस जीत के साथ भारत टी-20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। बता दें कि भारत ने कटक में खेला गया पहला मैच 93 रन से जीता था। सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 24 दिसंबर को मुंबई में होगा।

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा दार्जिलिंग पब्लिक स्कूल के छात्रों ने बनाए 80 मॉडल

जिला मुख्यालय मधेपुरा वार्ड नं-1 के डॉ.मधेपुरी मार्ग पर अवस्थित दार्जिलिंग पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं द्वारा साइंस-आर्ट-क्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें नन्हें किड्स से लेकर +2 तक के छात्रों ने साइंस के 60 एवं आर्ट व क्राफ्ट के 20 यानि कुल 80 मॉडलों का प्रदर्शन किया |

बता दे कि गंगा प्रसाद एडूकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में क्रियाशील इस स्कूल के छात्रों द्वारा प्रदर्शित साइंस-क्राफ्ट प्रदर्शनी का उद्घाटन एडीजे नवीन कुमार ठाकुर एवं भौतिकी के विद्वान शिक्षाविद डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी ने संयुक्त रूप से किया |

उद्घाटन के बाद जिला विधिक सेवा के सचिव सह एडीजे नवीन कुमार ठाकुर ने कहा कि प्रदर्शनी काफी ज्ञानवर्धक है जिससे बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान होता है | श्री ठाकुर ने कहा कि मधेपुरा जैसे पिछड़े क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल बनाना शहर के लिए शुभ संकेत है | यहाँ के बच्चों ने जूनियर वैज्ञानिक के रूप में कई मॉडल प्रस्तुत किया तथा अपनी नई सोच को विज्ञान के क्षेत्र में दिखाने का बेहतर प्रयास भी किया |

Evergreen Laughing kid from Darjeeling Public School receiving memento from Educationist Dr.Bhupendra Narayan Madhepuri.
Evergreen Laughing kid from Darjeeling Public School receiving memento from Educationist Dr.Bhupendra Narayan Madhepuri.

प्रदर्शनी-उद्घाटन करने के बाद मुख्य वक्ता के रूप में समाजसेवी विज्ञानवेत्ता डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने अपने संबोधन में विस्तार से बच्चों के हौसलों को बनाये रखने के लिए वैज्ञानिक डॉ.होमी जहाँगीर भाभा से लेकर मिसाइल मैन डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम की रचनात्मकता की चर्चा करते हुए कहा कि दार्जिलिंग पब्लिक स्कूल स्थापना काल से ही बच्चों की चौमुखी विकास के लिए अग्रसर है | उन्होंने कहा कि आर्ट एण्ड क्राफ्ट में बच्चों के द्वारा बनाये गये कुछ उपयोगी सामान देखने लायक ही नहीं, बल्कि क्रय करने लायक भी हैं |

मौके पर प्राइवेट स्कूल एसोसियेशन के अध्यक्ष एवं DPS के निदेशक किशोर कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में विज्ञान के प्रति अभिरुचि बढ़ती है | विद्यालय के एमडी किशोर कुमार ने गणमान्यों एवं अभिभावकों सहित भारी संख्या में उपस्थित शिक्षानुरागियों से यही कहा कि विद्यालय परिवार यहाँ के बच्चों के बहुमुखी विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है और सदा रहेगा |

पुरस्कार वितरण सत्र में विलंब से आये एएसपी राजेश कुमार द्वारा बच्चों की प्रतिभा को पहचानने की आवश्यकता पर बल देते हुए उत्कृष्ट चयनित मॉडलों के निर्माता छात्र-छात्राओं आकाश, अमित, धीरज. गौरव-प्राची, धनेश्वर आदि को मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया गया | जिला शिक्षा पदाधिकारी उग्रेश कुमार मंडल द्वारा बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए अस्मिता-विश्वजीत-स्वीटी, ओम-अंशु-सरस्वती आदि को पुरस्कृत किया गया |

कार्यक्रम की धुरी डॉ.मधेपुरी द्वारा बच्चों की नई सोच स्मार्ट विलेज, माउथ कैंसर, हयूमन ब्रेन, हीटर, कूलर को विज्ञान प्रदर्शनी के क्षेत्र में दिखाने के प्रयास की भरपूर सराहना करते हुए सुमन-अंकेश-सरीस्ता एवं रीया-रेशव-अंकिता सहित अन्य नन्हे किड्स को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया |

मौके पर डेंटिस्ट प्रमोद कुमार, अधिवक्ता मनोज कुमार अंबष्ट, माया के अध्यक्ष राहुल कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष बैद्यनाथ यादव, पूर्व सचिव विष्णु देव यादव सहित वरिष्ठ अभिभावक श्री गंगा प्रसाद यादव एवं कार्यक्रम के जानदार संचालक सह जिला कबड्डी संघ के सचिव अरुण कुमार सहित स्कूल के सभी शिक्षकों की भागीदारी से ही यह आयोजन सफल हुआ | धन्यवाद ज्ञापन के साथ निदेशक किशोर द्वारा कार्यक्रम समापन की घोषणा की गई |

सम्बंधित खबरें


प्राइवेट स्कूल्स एसोसियेशन ने खेलकूद प्रतियोगिता का किया आयोजन

मधेपुरा प्रखंड स्तरीय अंतर विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन श्यामल कुमार सुमित्र की अध्यक्षता में कीर्ति क्रीडा मैदान में किया गया | प्रतियोगिता का उद्घाटन शिक्षाविद समाजसेवी डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी ने झंडोत्तोलन कर किया तथा खेल का आगाज डॉ.मधेपुरी, निजी विद्यालय संघ के अध्यक्ष किशोर कुमार, खेल प्रशिक्षक संत कुमार एवं कबड्डी संघ के सचिव अरुण कुमार ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया |

मौके पर उद्घाटनकर्ता डॉ.मधेपुरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए यही कहा कि मुट्ठी बांधने पर पांचो अंगुलियाँ देश की एकता और अखंडता का संकल्प दिलाती है जिसमें अंगूठा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को प्रतिबिंबित करता है और दूसरी अंगुली भारतीय रेल, तीसरी भारतीय सिनेमा, चौथी राजभाषा हिन्दी और पांचवी यही खेलकूद | खेल व खिलाड़ियों के बीच मजहब से लेकर जातीयता व क्षेत्रीयता के बीच की सारी दीवारें ध्वस्त हो जाती है | खेल से देश का स्वास्थ्य अच्छा होता है और स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है |

Educationist Dr.Bhupendra Madhepuri along with Private Schools Association Secretary Kishor Kumar, and Khel Guru Sant Kumar during flag hoisting at Kirti Krida Playground Madhepura.
Educationist Dr.Bhupendra Madhepuri along with Private Schools Association Adhyaksh Kishor Kumar and Khel Guru Sant Kumar during flag hoisting at Kirti Krida Playground Madhepura.

बता दें कि दार्जिलिंग पब्लिक स्कूल, डॉ.मधेपुरी मार्ग के निदेशक एवं निजी विद्यालय संघ के अध्यक्ष किशोर कुमार ने कहा भीषण ठंड के बावजूद बच्चों ने सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर ग्रुपों में 60 मीटर, 100 मीटर एवं 200 मीटर की दौड़ से लेकर लंबी-कूद, ऊंची-कूद आदि में बालक एवं बालिका वर्ग में अलग-अलग जोर आजमाया और हॉली क्रॉस, दार्जिलिंग पब्लिक स्कूल, तुलसी पब्लिक स्कूल, माया विद्या निकेतन, मधेपुरा पब्लिक स्कूल, साउथ पाइंट स्कूल, किरण पब्लिक स्कूल, सार्क इंटरनेशनल स्कूल, स्वामी विवेकानंद स्कूल, दमयंती शत्रुघ्न एकेडमी…….. आदि कुल 17 निजी स्कूलों के बच्चों ने 15 खेलों की प्रतियोगिता में भाग लिया | श्री किशोर ने कहा कि संघ का उद्देश्य पढ़ाई के साथ खेल भी है |

यूँ तो प्रखंड स्तरीय खेलों में हॉली क्रॉस बना ओवर ऑल चैंपियन | जहाँ हॉली क्रॉस स्कूल 94 अंक लाकर प्रथम स्थान पाया वहीं 55 अंक लाकर दार्जिलिंग पब्लिक स्कूल द्वितीय तथा 54 अंक लाकर माया विद्या निकेतन तृतीय स्थान लाया | उद्घाटनकर्ता डॉ.मधेपुरी ने इन तीनों स्कूलों के निदेशकों डॉ.वंदना कुमारी, श्री किशोर कुमार एवं श्रीमती चंद्रिका यादव को खेल के प्रति जागरुक रहने के लिए कोटि-कोटि साधुवाद दिया |

यह भी जानें कि जहाँ बालक वर्ग के कबड्डी में और शतरंज के बालक वर्ग में माया विद्या निकेतन प्रथम रहा वहीं बालक वर्ग के खो-खो में हॉली क्रॉस पब्लिक स्कूल विजेता रहा और बालिका वर्ग के खो-खो में माया विद्या निकेतन प्रथम |

देर शाम तक पारितोषिक वितरण किया उद्घाटनकर्ता डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी, निजी विद्यालय संघ के अध्यक्ष किशोर कुमार, सचिव चंद्रिका यादव, निदेशिका डॉ.वंदना घोष, सचिव गजेन्द्र कुमार, निदेशिका रेखा गांगुली, निदेशक चिरामणि यादव, खेलगुरु संत कुमार, सचिव अरुण कुमार, निदेशक श्यामल कुमार सुमित्र सहित सुशील शांडिल्य, अरविंद कुमार, विजय कुमार, विलास कुमार, मुकुन्द कुमार, अनिल राज, राहुल कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, कंचन कुमार, बालमुकुन्द, मुन्ना जी एवं पंकज जी आदि |

सम्बंधित खबरें


हमारे जैसे आठ ग्रहों वाले सौरमंडल की खोज

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने महत्वपूर्ण खोज की है। एजेंसी ने पहली बार हमारे सौरमंडल की तरह ही आठ ग्रहों वाला नया सोलर सिस्टम ढूंढ़ने का दावा किया है। नासा ने बीते गुरुवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि केप्लर टेलीस्कोप की मदद से सुदूर अंतरिक्ष में आठ ग्रहों वाला नया सौरमंडल ढूंढ़ा गया है। अमेरिकी सामाचारपत्र इंडीपेंडेंट ने यह जानकारी दी है। अंतरिक्ष अनुसंधान की दिशा में यह महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। हालांकि प्रारंभिक आकलन में यह मनुष्यों के रहने योग्य नहीं है।

नासा वैज्ञानिकों ने केप्लर टेलीस्कोप से भेजे गए आंकड़ों का विश्लेषण करने में गूगल की आर्टीफिशियल तकनीक की मदद लेने की बात कही है। केप्लर टेलीस्कोप सूर्य सरीखे स्टार और उसके सौरमंडल के बारे में पहले ही पता लगा चुका था। लेकिन, अब नए ग्रहों की मौजूदगी का पता चला है। ऐसे में नए सौरमंडल में कुल आठ ग्रह हो गए हैं। हमारे सौरमंडल को छोड़ कर अंतरिक्ष में आठ ग्रहों वाला यह पहला सोलर सिस्टम है। नासा ने बताया कि एआई की मदद से केप्लर द्वारा मुहैया डाटा का नए तरीके से विश्वलेषण संभव हो सका है। नए सौरमंडल में केप्लर-90आई सबसे छोटा ग्रह है। यह नया ग्रह पृथ्वी की तुलना में 30 प्रतिशत ज्यादा बड़ा है। टेक्सास यूनिवर्सिटी (ऑस्टिन) के एस्ट्रोनॉमर एंड्रयू वांडरबर्ग ने बताया कि नया ग्रह पृथ्वी से बड़ा जरूर है, लेकिन वहां कोई जाना नहीं चाहेगा। हालांकि, इसकी मदद से अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में और जानकारी जुटाने की उम्मीद जताई जा रही है।

गौरतलब है कि केप्लर टेलीस्कोप को वर्ष 2009 में अंतरिक्ष में स्थापित किया गया था। तब से यह पृथ्वी स्थित नियंत्रण कक्ष को डाटा भेज रहा है। इसकी मदद से हमारे सौरमंडल के बाहर कई सोलर सिस्टम का पता लगाया जा चुका है। केप्लर टेलीस्कोप अब तक 4,034 ग्रह या उसके समान आकाशीय पिंडों का पता लगा चुका है। इनमें से 2,335 की बाहरी ग्रह के तौर पर पुष्टि की जा चुकी है। इनमें से 30 पृथ्वी के आकार के हैं।

सम्बंधित खबरें