All posts by Admin

परिवार से अलग-थलग पड़े तेजप्रताप!

आरजेडी सुप्रीमो सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के बगावती सुर न केवल आरजेडी बल्कि पूरे महागठबंधन के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं, लेकिन फिलहाल वस्तुस्थिति यह है कि वे अबकी बार पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए हैं और उनका परिवार पहले की तरह उनकी नोटिस नहीं ले रहा। इस बीच खबर यह है कि तेजप्रताप ने अपने ससुर चंद्रिका राय के खिलाफ चुनाव लड़ना तय कर लिया है। दूसरी ओर, टिकट से वंचित कर दिए गए आरजेडी के कई उम्मीदवार उनकी ओर उम्मीद से देख रहे हैं। ये वंचित अपने इलाके में वोटरों के बड़े हिस्से को प्रभावित करते हैं। यह प्रभाव उनकी जीत के लिए काफी नहीं है, लेकिन आरजेडी उम्मीदवार की हार के कारण जरूर बन सकते हैं।

गौरतलब है कि लालू-राबड़ी मोर्चा बनाकर तेजप्रताप चार सीटों के लिए अपने उम्‍मीदवारों की घोषणा कर चुके है। साथ ही अपनी बात नहीं माने जाने पर उन्होंने 20 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार उतारने की बात कही है। तेजप्रताप की इस बगावत का फायदा पार्टी के बागी भी उठाना चाह रहे हैं। तेजप्रताप किसी कारण से सुस्त पड़ते हैं तो ये सब बसपा या दूसरे राज्य की किसी अन्य पार्टी के नजदीक जा सकते हैं। कुल मिलाकर इन सबसे नुकसान महागठबंधन का ही होगा।

देखा जाय तो लालू परिवार में यह सियासी जंग नई नहीं है। इसकी शुरुआत बिहार में जदयू, आरजेडी और कांग्रेस की महागठबंधन सरकार बनने के साथ ही हो गई थी। तब लालू के छोटे बेटे तेजस्वी को उपमुख्यमंत्री का पद मिला था, जबकि तेजप्रताप को मंत्री बनाया गया था। यहीं से दोनों भाइयों के बीच तुलना का दौर भी शुरू हो गया। तेजप्रताप की बगावत की जो बात सामने आ रही है, उसकी पटकथा उसी समय से लिखी जाने लगी थी।

हालांकि तेजप्रताप और तेजस्वी ने हमेशा यही कहा कि सबकुछ सामान्‍य है। यह पहला मौका है, जब तेजप्रताप ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि तेजस्‍वी उनकी बात नहीं मान रहे तथा तेजस्‍वी ने भी तेजप्रताप को नसीहत देते हुए कहा कि यह समय लोकतंत्र व संविधान बचाने का है, न कि इस तरह पारिवारिक विवाद उठाने का।

बताया जाता है कि तेजप्रताप को पिता लालू और माँ राबड़ी की तरफ से मनाने-समझाने की कोशिश की गई, किंतु बात नहीं बनते देख उन्हें पांव खींचने पड़े। उधर पाटलिपुत्र से चुनाव लड़ने जा रही बड़ी बहन प्रचार में व्यस्त हो गई हैं तो छोटे भाई तेजस्वी महागठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में संसदीय क्षेत्रों के लगातार दौरे कर रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि तेजप्रताप के बारे में परिवार ने सोचना बंद कर दिया है। यहां तक कि तेज प्रताप को जब किसी ने फोन पर धमकी दी तो भी परिवार की ओर से किसी ने हालचाल नहीं लिया।

उधर पूरे मामले में तेजप्रताप का कहना है कि उनकी लोकप्रियता और पार्टी में बढ़ रहे कद से घबराकर कुछ लोग परिवार में फूट डालना चाहते हैं और दोनों भाइयों में लड़ाई लगाना चाहते हैं। यह पूरी तरह राजनीतिक साजिश है। लालू-राबड़ी मोर्चे से लोग जुड़ रहे हैं। हमारे कार्यक्रमों में आ रहे हैं। इसी कारण धमकियां दी जा रही हैं। तेजप्रताप ने सरकार से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्‍होंने कहा है कि वे जल्दी ही लालू प्रसाद से मुलाकात कर पूरे मामले से उन्हें अवगत कराएंगे।

सम्बंधित खबरें


बच्चों का पहला गुरु होती है उसकी माँ

प्रायः बच्चों को सही मार्गदर्शन देने वाली होती है उसकी माँ। सही मार्गदर्शन से ही मिलती है बच्चों को सफलता। बच्चों की प्रतिभा को पंख लगे और उसकी क्षमता को पहचान मिले……. इसके लिए परीक्षा एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता हैै-

ये बातें ऊँचाईयों की ओर कदम बढ़ाते रहने वाले तुलसी पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित “पुरस्कार सम्मान समारोह” में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी ने कही।

Chief Guest Dr.Madhepuri is being honoured by Director, Principal and Teachers at Tulsi Public School Madhepura.
Chief Guest Dr.Madhepuri is being honoured by Director, Principal and Teachers at Tulsi Public School Madhepura.

बता दें कि “पुरस्कार सम्मान समारोह” कार्यक्रम के दौरान नर्सरी से ऊपर के सभी वर्गों की वार्षिक परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं में प्रथम-द्वितीय-तृतीय स्थान प्राप्त किये हुए छात्रों को मुख्य अतिथि डॉ.मधेपुरी द्वारा मोमेंटो व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया तथा उत्साहवर्धन भी किया गया।

कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथि डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी के स्वागत-सम्मान से शुरू हुआ। तुलसी पब्लिक स्कूल के निदेशक श्यामल कुमार सुमित्र, प्राचार्य डॉ.हरिनंदन प्रसाद यादव एवं नारी शक्ति की ओर से शिक्षिका पूजा कुमारी ने मुख्य अतिथि डॉ.मधेपुरी को अंगवस्त्रम-बुके आदि देकर सम्मानित किया।

Guardians, Students and Teachers during Prize Distribution Ceremony of Tulsi Public School.
Guardians, Students and Teachers during Prize Distribution Ceremony of Tulsi Public School.

मौके पर अपनी विस्तृत संबोधन में डॉ.मधेपुरी ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं। बच्चे तो कच्चे मिट्टी के बर्तन की तरह जिस सांचे में डाले जायेंगे उसी के अनुरूप निखरेंगे। उन्होंने बच्चों की माँ से हाथ उठवाकर यह संकल्प करवाया कि जो बच्चे प्रथम-द्वितीय-तृतीय स्थान प्राप्त नहीं कर पाये हैं उन्हें घर जाकर हतोत्साहित करने के बजाय उत्साहित करते हुए यही कहेंगे कि मेहनत करो…. अगली परीक्षा में तुम जीतोगे……. निश्चय ही जीतोगे। निदेशक श्री सुमित्र ने कहा कि हमारी टीम का प्रत्येक सदस्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयत्नशील रहता है।

पुरस्कृत होने वाले में प्रथम स्थान पर रहे एलकेजी से सुषमा, यूकेजी से प्रिंस और वर्ग 1 से लेकर 8 के क्रमशः चीकूराज, सोनू कुमार, दिव्यांशु, सोनी, तनीषा प्रिया, आस्थाप्रिया, शेखर सुमन एवं चेतन आनंद। शिक्षकों में प्राचार्य एचएन यादव, हरेराम, बरुण, विभीषण, मनोज, निर्मल, नंदन…….. शिक्षिका रेणु, रोजी, रिया, पूजा, शिवानी, मनीषा, अंशु…….. अंकित, राजेश, चंदन सहित मंच संचालक नरेश कुमार को भी सम्मानित किया गया।

सम्बंधित खबरें


नेहरू युवा केन्द्र द्वारा सांस्कृतिक विरासत बचाने हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक अजय कुमार गुप्ता की टीम द्वारा बीपी मंडल नगर भवन, शहीद चुल्हाय मार्ग मधेपुरा में एक दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस केन्द्र द्वारा ग्रामीण प्रतिभाओं को हमेशा बेहतर मंच मुहैया कराया जाता है ताकि ग्रामीण युवजनों को राष्ट्रीय स्तर तक जाने का मार्ग प्रशस्त होता रहे।

बता दें कि कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन बीएन मंडल विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ.फारुख अली, विश्वविद्यालय के पूर्व कुलानुशासक व परीक्षा नियंत्रक डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी, प्रो.रीता कुमारी, प्रो.संजय परमार सहित समन्वयक आदि ने सम्मिलित रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

Chief Guest Dr.Madhepuri distributing Certificates & Momentos to the winners.
Chief Guest Dr.Madhepuri distributing Certificates & Momentos to the winners.

अपने संबोधन में प्रतिकुलपति डॉ.फारूक अली ने कहा कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में युवाओं को बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेना होगा। कोसी क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में प्रतिभा की कमी नहीं है और नेहरू युवा केन्द्र प्रतिभाओं को सर्वोत्कृष्ट मंच देने का काम कर रहा है।

समाजसेवी साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने कहा कि हमारी लोक संस्कृति लुप्त होने के कगार पर है और हम पश्चिमी सभ्यता के प्रभाव में आकर वहाँ के गायन-वादन को सुनने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं जिससे हमारी संस्कृति को खतरा उत्पन्न होता नजर आने लगा है। डॉ.मधेपुरी ने युवा कलाकारों एवं उनके गुरुओं से अनुरोध किया कि वे मेहनत के साथ रियाज कर कराकर अपनी कला को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की कोशिश में लगे रहें। प्रो.रीता कुमारी एवं प्रो.संजय परमार ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों की सराहना की जानी चाहिए।

कार्यक्रम में तबला, एकल गीत, लोक नृत्य, समूह लोकगीत, शास्त्रीय संगीत, हस्तकला आदि विधाओं की प्रस्तुति दी गई। सभी प्रतिभागियों को प्रथम-द्वितीय-तृतीय पुरस्कारों एवं प्रमाणपत्रों से नवाजा गया। कार्यक्रम में रोशन कुमार, जय कुमार, रोहित कुमार, सत्य नारायण यादव, पूजा कुमारी, आलोक, अमित, अभिषेक, विजय, वीरू आदि का सहयोग रहा। मंच संचालन आशीष कुमार सत्यार्थी ने किया।

सम्बंधित खबरें


अब मधेपुरा रोटरी क्लब मानव सेवा में होगा समर्पित

शिक्षा एवं स्वास्थ्य…. से लेकर विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं में मानवता की सेवा करने हेतु मधेपुरा में रोटरी इंटरनेशनल शाखा का गठन किया गया। रोटरी इंटरनेशनल पूरे विश्व में शांति एवं विश्वबंधुत्व की भावना को लेकर मानव सेवा में सक्रिय है।

बता दें कि बिहार-झारखंड के रोटरी क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रो. (डॉ.)राकेश प्रसाद सहित क्लब से जुड़े प्रांतीय एवं लखीसराय रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ.अरुण कुमार, सचिव संतोष कुमार, डॉ.मुनींद्र झा एवं डॉ.ए.के.मधु आदि सदस्यों की मौजूदगी में जिले के चिकित्सकों-शिक्षकों द्वारा प्रायोजित सम्मेलन में अध्यक्ष के रूप में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.अमित आनंद एवं सचिव के रूप में हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉ.पीके मधुकर सर्वसहमति से चुने गये।

आगे रोटरी गवर्नर प्रो.राकेश प्रसाद सहित अन्य अतिथियों ने रोटरी क्लब के कार्यों की विस्तार से चर्चा करते हुए यही कहा कि समाज एवं देश के वंचितों के विकास के साथ-साथ विश्व शांति के लिए भी नवगठित क्लब के सदस्यों को बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी होगी। सबों ने मधेपुरा में रोटरी क्लब की स्थापना को गौरव की बात कही और साथ-साथ यह भी कहा कि अब तक रोटरी क्लब 200 देशों में लगभग 35 हज़ार क्लब स्थापित कर लिया है।

इस अवसर पर समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी ने कहा कि समाजवादी चिंतक भूपेन्द्र नारायण मंडल एवं भारत रत्न डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम के सानिध्य में रहकर वे भी उन्हीं के राह पर चलते-चलते एक (चलता-फिरता) रोटरी क्लब बन गये हैं और जिन्हें यहाँ कोई नहीं देखता उन्हें देखने में लगे रहते हैं…. दबे-कुचले लोगों के दर्द में काम आने लगे हैं।

यह भी जान लें कि आरंभ में राष्ट्रगान के बाद रोशन कुमार के निर्देशन में हॉली क्रॉस की बच्चियों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया…… अतिथियों को बुके सहित बाबा सिंहेश्वर नाथ की स्मृति चिन्ह भेंट किया गया और संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन भी किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ.अमित आनंद ने जहाँ स्वागत भाषण दिया वहीं धन्यवाद ज्ञापन सचिव डॉ.मधुकर ने किया।

कार्यक्रम में मुख्यरूप से समाजसेवी चिकित्सक डॉ.ए.के.मंडल, प्रो.श्यामल किशोर यादव, डा.बंदना कुमारी, एसबीआई डिप्टी मैनेजर कुंदन कुमार आदि ने सम्बोधित किया। डॉ.आलोक निरंजन, डॉ.बरुण कुमार, डॉ.दीपक कुमार, डॉ.पी. प्रियदर्शनी, डॉ.अंजनी कुमार, डॉ.प्रमोद कुमार, डॉ.अरुण कुमार, ई.राजेश कुमार, दिनेश कृष्ण, गजेन्द्र कुमार, विधान कुमार , डॉ.प्राची , डॉ.प्रमोद एवं धीरज कुमार गुड्डू सहित दर्जनों प्रमुख समाजसेवियों ने रोटरी क्लब की सदस्यता ग्रहण की। मंच संचालन ओम प्रकाश ने किया। अंत में अध्यक्ष द्वारा घंटी बजाकर कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की गई।

सम्बंधित खबरें


नेहरू युवा केन्द्र द्वारा आयोजित की गयी- एक दिवसीय जिला युवा सम्मेलन

नेहरू युवा केन्द्र की ओर से बुधवार को मधेपुरा महाविद्यालय के हॉल में समन्वयक अजय कुमार गुप्ता की टीम द्वारा एक दिवसीय जिला युवा सम्मेलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समन्वयक श्री गुप्ता ने सम्मेलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एक ओर अतिथियों का स्वागत किया तो दूसरी ओर प्रतिभागियों को उत्साहित व प्रोत्साहित भी किया।

बता दें कि उद्घाटन समारोह का शुभारंभ सदर प्रखंड बीडीओ आर्य गौतम, मुख्य अतिथि समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी, विशिष्ट अतिथि अभिषद सदस्य डॉ.जवाहर पासवान, प्रो.संजय परमार, सोनी प्रिया आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए बीडीओ ने कहा कि युवाओं को विशिष्ट पहचान बनाने के लिए बड़ी मेहनत आवश्यक है। उन्हें ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेना सर्वाधिक श्रेष्ठकर है।

मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी ने विस्तार से किये गये अपने संबोधन में यही कहा कि युवाओं को अनुशासित होकर अपनी मंजिल हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। डॉ.मधेपुरी ने कहा कि जो कोई संकल्पशक्ति के साथ निरंतर आगे बढ़ता रहेगा वही मंजिल हासिल करेगा वैसे युवाओं को समाज व देश के उत्थान के लिए सामने आना होगा।

विशिष्ट अतिथि डॉ.जवाहर पासवान एवं प्रो.संजय परमार ने यही आह्वान किया कि युवा अपनी शक्ति को पहचाने और आगे बढ़ने के लिए उनके अंदर की छुपी प्रतिभा को उजागर करने के लिए यह नेहरू युवा केंद्र को एक सशक्त माध्यम है ही।

मंच संचालन किया सुधांशु कुमार ने। स्वागत गान रोशन कुमार के निदेशन में प्रस्तुत किया शिवाली…… चन्दा रानी ने। डॉ.भगवान कुमार मिश्रा, डॉ.वैजवश यादव, सांख्यिकी पदाधिकारी उपेंद्र कुमार , योग प्रशिक्षक राकेश भारती, गरिमा उर्विशा, राहुल यादव, जय कुमार , रोहित कुमार , पूजा कुमारी , वैभव विकास, आलोक कुमार सहित काफी संख्या में जिले के प्रायः सभी प्रखंडों के युवाजन उपस्थित थे।

सम्बंधित खबरें


भारत अब अंतरिक्ष का चौथा स्पेस सुपर पावर बन गया

भारत आज अमेरिका, रूस और चीन की तरह ‘स्पेस पावर क्लब’ के चौथे पायदान पर शामिल हो गया है। अचूक निशाने के साथ धरती से 300 किलोमीटर ऊपर के टारगेट को तीन मिनट में ध्वस्त करने की क्षमता भारत ने अपने ‘एंटी-सैटेलाइट मिसाइल’ परीक्षण “मिशन शक्ति” के द्वारा पूरा कर लिया है।

बता दें कि भारतीय वैज्ञानिकों ने बंगाल की खाड़ी में (पूर्वी तट के समीप स्थित) डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम उपग्रह प्रक्षेपण परिसर से एंटी-सैटेलाइट मिसाइल को ‘हिट टू किल’ मोड में छोड़ा था- 27 मार्च की सुबह 11 बजकर 16 मिनट पर। डीआरडीओ के वैज्ञानिकों ने परीक्षण के लिए भारत के ही जिस सैटेलाइट को निशाना बनाया था वह अभी लाइव सैटेलाइट था यानि फिलहाल सक्रिय था। उसे तीन मिनट में ही ‘हिट टू किल’ मोड में छोड़े गए एंटी-सैटेलाइट मिसाइल द्वारा बंगाल की खाड़ी में सफलता पूर्वक गिरा दिया गया।

यह भी बता दें कि जब ‘लाइव सैटेलाइट’ को मार गिराने की अभूतपूर्व तकनीकी क्षमता भारत ने हासिल की तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश वासियों को खुद से रेडियो, टेलीविज़न एवं सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देने का काम किया। खुशी की बात तो यह है कि एंटी सैटेलाइट मिसाइल सिस्टम सौ फ़ीसदी भारत द्वारा ही विकसित किया गया है।

यह भी जानिए कि जिस ऊँचाई पर भारतीय मिसाइल वैज्ञानिकों द्वारा वर्तमान परीक्षण के क्रम में अपने लाइव सैटेलाइट को मार गिराया गया उसी आर्बिट में आमतौर पर मोबाइल नेटवर्क प्रदान करने वाले स्पेस स्टेशन तैनात होते हैं। तभी तो डॉ.कलाम के करीबी समाजसेवी डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने कहा कि इस परीक्षण से अंतरिक्ष में हमारे सेटेलाइटों की सुरक्षा करने की क्षमता भी प्रदर्शित होती है…. जिसके लिए डॉ.मधेपुरी ने गांधीयन मिसाइल मैन भारत रत्न डॉ.कलाम को याद करते हुए वैज्ञानिकों को कोटि-कोटि साधुवाद दिया।

सम्बंधित खबरें


तेजप्रताप ने राजद में अपने पद से दिया इस्तीफा

बिहार में महागठबंधन का सबसे बड़ा घटक दल राजद महापरेशानी में हैं। सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन के दलों खासकर कांग्रेस से चल रही राजद की तनातनी अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि सीटों को ही लेकर लालू परिवार का आंतरिक कलह सतह पर आ गया और सीट बंटवारे से नाराज राजद प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने छात्र राजद के संरक्षक पद से इस्तीफा दे दिया। वो तो गनीमत रही कि मां राबड़ी देवी की पहल पर उन्होंने पार्टी लाइन से अलग हटकर कुछ उम्मीदवारों की घोषणा के लिए बुलाई गई प्रेस-कांफ्रेंस स्थगित कर दिया। नहीं तो स्थिति बद से बदतर हो गई होती।

बहरहाल, तेजप्रताप ने ट्वीट के माध्यम से अपने इस्तीफे को सार्वजनिक किया। साथ में यह भी कहा कि “नादान हैं वो लोग जो मुझे नादान समझते हैं। कौन कितना पानी में है सबकी है खबर मुझे।“ कहने की जरूरत नहीं कि तेजप्रताप के इन शब्दों के संकेत कुछ ठीक नहीं।

दरअसल तेजप्रताप अपनी बहन मीसा भारती को पाटलिपुत्र से लड़ाने को लेकर मुखर होकर बोलते रहे हैं। लेकिन राजद खेमे से छनकर आ रही खबरों के मुताबिक तेजस्वी इस सीट से मनेर के विधायक भाई वीरेन्द्र को लड़ाने का मन बना चुके हैं और संभवत: लालू भी इसके लिए तैयार हो गए हैं। इसी तरह बताया जा रहा है कि तेजप्रताप अपने मामा साधु यादव के लिए वाल्मीकिनगर सीट चाहते थे, लेकिन इस पर न तो राजद में सहमति बनी और न ही घटक दलों ने इसके लिए हामी भरी। पार्टी के इस रुख से नाराज तेजप्रताप ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस बुला लिया। जानकारी के अनुसार वे पार्टी लाइन से हटकर जहानाबाद और शिवहर से अपनी पसंद का उम्मीदवार घोषित करना चाहते थे, लेकिन प्रेस कांफ्रेंस स्थगित कर दिया गया। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को जमकर मशक्कत करनी पड़ी।

इससे पहले लोकसभा चुनाव को लेकर आरजेडी ने अपने स्टार प्रचारकों के नाम की घोषणा की थी लेकिन आश्चर्यजनक रूप से सूची से राज्यसभा सांसद मीसा भारती का नाम नदारद था। इस बात को लेकर भी लालू परिवार और पार्टी में घमासान मचा है। इस घटना ने तेजस्वी-तेजप्रताप के बीच बढ़ी हुई दूरी को और बढ़ाने का काम किया था।

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र 13 में होगा त्रिकोणीय मुकाबला

हाई प्रोफाइल मधेपुरा संसदीय क्षेत्र में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला होगा- शरद यादव, दिनेश यादव और पप्पू यादव के बीच। कोई किसी से कम नहीं है।

यह भी बता दें कि मधेपुरा से दो बार एमपी रहे पप्पू यादव जहाँ 28 मार्च को इस बार अपना नामांकन दाखिल करेंगे वहीं एनडीए प्रत्याशी के रूप में बिहार सरकार के कई विभागों में मंत्री व तीन बार सांसद रहने का अनुभव लिए – जनता द्वारा दिए गये विकास पुत्र का तमगा पहनकर दिनेश चन्द्र यादव 29 मार्च को नामांकन का पर्चा भरेंगे और महागठबंधन प्रत्याशी बने शरद यादव चार बार मधेपुरा का एमपी रहकर इस बार 3 अप्रैल को नामजदगी का पर्चा दाखिल करेंगे। विडंबना यह है कि जो शरद यादव जदयू के तीर से लालू के लालटेन पर निशाना लगाता रहा वहीं इसबार लालू के लालटेन को राहुली हाथों में थामकर घर-घर घूमता और गली-गली फिरता नजर आयेगा।

मधेपुरा में सर्वप्रथम एनडीए उम्मीदवार दिनेश चंद्र यादव ने (26 मार्च को) नामांकन से पूर्व सभी घटकों के कार्यकर्ताओं की 8 घंटे की मैराथन बैठक में अपनी जानदार और शानदार उपस्थिति दी जिसमें विभिन्न विभागों के मंत्री रहे आलमनगर के लोकप्रिय विधायक नरेंद्र नारायण यादव, बिहारीगंज के जनप्रिय विधायक निरंजन कुमार मेहता सहित पूर्व विधायक अरुण कुमार व मणिन्द्र कुमार मंडल उर्फ ओम बाबू और जदयू के नेता डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी आदि अनगिनत सीनियर लीडर्स मौजूद दिखे।

बता दें कि अध्यक्ष मंडल की भूमिका में जदयू के जिलाध्यक्ष प्रो.बिजेन्द्र नारायण यादव, बीजेपी के स्वदेश कुमार एवं एलजेपी के दिनेश पासवान की भूमिका सराहनीय रही। व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त थी। तेरहो प्रखंड के तीनों दलों के सभी प्रकोष्ठों एवं समस्त महिला सेलों के पदाधिकारीगणों में से लगभग 80 लोगों ने दिनेश बाबू के प्रति आस्था और विश्वास जताते हुए हृदयोद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि अब कोसी के विकास में और भी तेजी आयेगी। बैठक के दौरान तीनों जिला अध्यक्षों की बेहतर साझीदारी दिखी। फिर भी पूर्व प्रमुख उपेंद्र प्रसाद यादव एवं सियाशरण यादव आदि को समय नहीं दे पाने के कारण संचालक को बार-बार माफी मांगते हुए देखा गया।

जहाँ दिनेश चन्द्र यादव ने कहा कि कभी विरान और टापू बना यह कोसी प्रक्षेत्र एक दशक से विकास की नित नई कहानी लिख रहा है- दो एनएच के अलावे फोरलेन, कोसी महासेतु और विजय घाट व बलुआहा घाट पर पुल आदि…. वहीं विधायक नरेन्द्र नारायण यादव, निरंजन मेहता, मनिंद्र म॔डल, अरुण कुमार सहित जिला प्रभारी मनोज सिंह व विजय शंकर चौधरी, नरेश पासवान, अशोक चौधरी, भगवान चौधरी, बीबी प्रभाकर, आनंद मंडल, प्रो.सुजीत मेहता, प्रो.गुलहसन एवं समस्त कार्यकर्ताओं ने यही कहा कि हमारा उम्मीदवार दिनेश चन्द्र यादव कोसी इलाके में विकास पुत्र के रूप में स्थापित हो चुका है। क्षेत्र की समस्त जनता एवं गरीबों का भी आशीर्वाद दिनेश यादव को प्राप्त है- जो धरती पुत्र दिनेश को संसद भवन तक पहुंचाने का बार-बार संकल्प लेता दिखता रहा तथा इतिहास रचने का नारा बार-बार दोहराता रहा।

समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने कहा कि इतिहास रचने से पहले यहाँ का इतिहास तो जान लें सभी। उन्होंने कहा कि 1952 से आज तक लोगों ने 20 बार एमपी चुना है जिसमें पहला एमपी जेबी कृपलानी और किराय मुशहर। फिर ललित नारायण मिश्र और भोला सरदार-भूपेन्द्र नारायण मंडल-लहटन चौधरी…. तीन बार बीपी मंडल…. 4 बार शरद यादव , दो-दो बार आरपी यादव, लालू प्रसाद और पप्पू यादव और एक-एक बार डॉ.आर.के.यादव रवि एवं डॉ.महावीर प्रसाद यादव। अंत में डॉ.मधेपुरी ने डॉ.कलाम को उद्घृत करते हुए कहा कि सूरज की तरह चमकने के लिए पहले सूरज की तरह जलना पड़ता है। बोलिए ! आप अपने प्रत्याशी दिनेश यानि सूरज को चमकाने हेतु क्षेत्र में सूरज की तरह जलने के लिए तैयार हैं ? सबों ने हाथ उठाकर “हाँ” कहा….. संकल्प लिया। 7:00 बजे से पूर्व ही चुनाव आयोग के निर्देशानुसार अध्यक्ष प्रो.बिजेन्द्र नारायण यादव द्वारा सभा समाप्ति की घोषणा कर दी गयी।

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा में मनी डॉ.लोहिया की 110वीं जयन्ती

मधेपुरा के सर्वश्रेष्ठ महाविद्यालय टी.पी. कॉलेज के प्राचार्य डॉ.के.पी.यादव की उपस्थिति में छात्र जिला अध्यक्ष सोनू की अध्यक्षता में विश्व के महान समाजवादी चिंतक डॉ.राम मनोहर लोहिया की 110 वीं जयंती मनाई गई। संसदीय चुनावी आचार संहिता के चलते सादे समारोह के रूप डॉ.लोहिया की जयंती मनाई गयी। अपने अध्यक्षीय भाषण में छात्रनेता सोनू ने कहा कि 17 मई 1939 को आचार्य नरेंद्र देव की अध्यक्षता में समस्त समाजवादियों की उपस्थिति में अंजुमन-ए-इस्लामिया हॉल में यानि पाटलिपुत्र की धरती पर सोशलिस्ट पार्टी की स्थापना हुई थी। छात्र प्रतिनिधि माधव, नवीन, प्रवीण, जापानी आदि ने भी उद्गार व्यक्त किया।

बता दे कि प्राचार्य डॉ.के.पी.यादव ने कहा कि जब भी डॉ.लोहिया के पिताश्री महात्मा गांधी से मिलने जाया करते तो बालक राम मनोहर को भी साथ ले जाते। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि गांधी जी के विराट व्यक्तित्व का लोहिया जी पर व्यापक असर पड़ा।

यह भी जानिए कि जब डॉ.लोहिया के करीबी रहे समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी से डॉ.राम मनोहर लोहिया के मधेपुरा आने की चर्चा की गई तो डॉ.मधेपुरी ने समाजवादी चिंतक भूपेन्द्र नारायण मंडल की चर्चा करते हुए यही कहा-

वर्ष 1964 में रासबिहारी विद्यालय के ऐतिहासिक मैदान में डॉ.लोहिया ने खुद यही कहा था….. हे मधेपुरा वासियों जानते हो मैं बार-बार मधेपुरा क्यों आता हूं……. इसीलिए कि मधेपुरा की धरती ने एक ऐसे सपूत को पैदा किया है जो भारतीय संसद में गरीबों के सवाल को निर्भीकता पूर्वक उठाता रहा है और आगे भी उठाता रहेगा……. तुम्हारा यह भूपेन्द्र नारायण मंडल सच्चा हीरा है…… यह हमेशा गरीबों के घर में दिया जलाता रहेगा और अंधकार मिटाता रहेगा…….।

डॉ.मधेपुरी ने आगे यही कहा कि डॉ.लोहिया देश की आजादी के लिए जीवन न्योछावर करने वाला महान योद्धा रहा है। देश की राजनीति में बदलाव लाने वाला शलाका पुरुष का नाम है डॉ.लोहिया। वर्ष 1967 में आधे दर्जन राज्यों में गैर कांग्रेसी सरकार बनाने वाले डॉ.लोहिया के नेतृत्व की चर्चा आज भी हर जगह होती है।

सम्बंधित खबरें


तो अब मुलायम स्टार प्रचारक भी नहीं ?

लोकसभा चुनाव के लिए बसपा के बाद अब समाजवादी पार्टी ने भी स्टार चुनाव प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कुल 40 स्टार प्रचारक हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस सूची में सपा संरक्षक और अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव का नाम नदारद है। 90 के दशक में सपा की नींव रखने से लेकर उसे सत्ता के शिखर तक पहुँचाने वाले मुलायम के हाथ से पार्टी की कमान तो पहले ही निकल चुकी थी और अब 40 प्रचारकों की सूची में भी उनकी अनुपस्थिति है। इस बात को लेकर सियासी गलियारे में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
गौरतलब है कि सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव के हस्ताक्षर वाली स्टार प्रचारकों की सूची में अखिलेश यादव के अलावा उनकी पत्नी डिंपल यादव भी हैं। इसके अलावा स्वयं रामगोपाल यादव, वरिष्ठ नेता आजम खान और जया बच्चन के भी नाम सूची में शामिल हैं। सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी और नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री अहमद हसन, जावेद अली खान, तेज प्रताप यादव और प्रदेश अध्यक्ष नरेश पटेल को भी इस सूची में जगह मिली है।
बहरहाल, इस बीच समाजवादी पार्टी ने दो अन्य सीटों से अपने कैंडिडेट घोषित किए हैं। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव आजमगढ़ से और आजम खान रामपुर सीट से चुनाव लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही एसपी ने अपने कोटे की 37 में से 19 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।

सम्बंधित खबरें