स्वराज इंडिया पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने गुजरात विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी राय जाहिर की है। आधिकारिक अकाउंट से ट्वीट कर यादव ने कुछ आंकड़ों के जरिए बताया कि किस पार्टी को कितने प्रतिशत वोट और सीटें मिल सकती हैं। ट्वीट में उन्होंने तीन परिदृश्य भी बताए हैं। इसके साथ उन्होंने आंकड़ों की एक तस्वीर पोस्ट की है। इसके नीचे यह भी लिखा है कि सभी आंकड़ों का अनुमान योगेंद्र यादव ने लगाया है और यह किसी एग्जिट पोल का प्रतिनिधित्व नहीं करता। इसके अलावा जिन सीटों का अनुमान लगाया गया है वे सीएसडीएस पोल पर आधारित हैं और एबीपी के अनुमान से अलग है। इस अनुमान के मुताबिक गुजरात में इस बार कांग्रेस बाजी मार सकती है और भाजपा को अब विपक्ष में बैठना पड़ेगा। बता दें कि यादव प्रख्यात चुनावी विश्लेषक हैं और पहले भी चुनावी नतीजों पर अपनी राय देते रहे हैं।
यादव के मुताबिक पहले मुमकिन परिदृश्य में भाजपा को 86 सीटें (43 प्रतिशत वोट) और कांग्रेस को 92 सीट (43 प्रतिशत) मिलेंगी। वहीं दूसरे संभावित परिदृश्य में यादव ने भाजपा को 65 (41 प्रतिशत वोट) और कांग्रेस को 113 सीटें (45 प्रतिशत) दी हैं। वहीं तीसरे व अंतिम परिदृश्य के आगे योगेंद्र यादव ने ‘इनकार नहीं किया जा सकता लिखा है’। इसके बाद उन्होंने लिखा कि भाजपा को बड़ी हार भी मिल सकती है। बहरहाल, यह तो आने वाला समय ही बताएगा कि यादव का कहा कितना सच होता है। लेकिन अगर उनका दिखाया कोई भी परिदृश्य सचमुच सामने आता है, तो यह भाजपा और विशेषकर प्रधानमंत्री मोदी के लिए बहुत परेशानी का सबब होगा।


