All posts by Admin

ये हैं मधेपुरा से विधानसभा की चार सीटों के लिए 61 उम्मीदवार

मधेपुरा जिला में चार विधानसभा क्षेत्र हैं – आलमनगर, बिहारीगंज, सिंहेश्वर (सुरक्षित) एवं जिला मुख्यालय मधेपुरा। 16 अक्टूबर को स्क्रूटनी के दिन दो लोगों की उम्मीदवारी रद्द होने के साथ इन चारों क्षेत्रों के लिए कुल 61 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। अब देखना ये है कि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर तक इनमें से कौन-कौन ‘रणछोड़’ बनेंगे और कितने उम्मीदवार 20 अक्टूबर को अपना-अपना चुनाव-चिह्न लेकर 5 नवंबर तक मैदान में डटे रहेंगे।

आलमनगर (क्षेत्र संख्या 70)

इस क्षेत्र से कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। नरेन्द्र नारायण यादव (जदयू), चंदन सिंह (लोजपा), रामदेव सिंह (सीपीआई), जयप्रकाश सिंह (जनअधिकार पार्टी), रविन्द्र सिंह (बसपा), संदीप कुमार (जनता दल राष्ट्रवादी), रचना कुमारी (बहुजन मुक्ति पार्टी) और मो. मुख्तार आलम (जनता दल सेक्यूलर) के अलावे सात निर्दलीय उम्मीदवार हैं। इन उम्मीदवारों के नाम हैं – गोपाल कुमार, बनारसी मंडल, श्यामदेव पासवान, प्रशांत कुमार सिन्हा, राजेन्द्र महतो, शशिभूषण सिंह एवं निर्मल पासवान।

बिहारीगंज (क्षेत्र संख्या 71)

इस क्षेत्र से कुल 16 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। निरंजन कुमार मेहता (जदयू), डॉ. रविन्द्र चरण यादव (भाजपा), प्रतिभा कुमारी (बसपा), श्वेत कमल (जन अधिकार पार्टी), निखिल कुमार झा (सीपीआई), अभय चन्द्र झा (शिवसेना), कौशल कुमार (भारतीय जन क्रांति दल) और नवीन कुमार मेहता (भारत विकास मोर्चा) जहाँ विभिन्न दलों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वहीं आठ निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं। इनके नाम हैं – मनोज कुमार यादव, ब्रह्मचारी विष्णु प्रभाकर, कमलेश मेहता, मिथिलेश मेहता, प्रियंका कुमारी, शांति देवी, बेबी कुमारी मंडल एवं मो. गुलाम हुसैन।

सिंहेश्वर (क्षेत्र संख्या 72/ सुरक्षित)

बाबा सिंहेश्वर की नगरी से कुल 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। रमेश ऋषिदेव (जदयू), मंजू सरदार (हम), राजकिशोर सरदार (सीपीएम), अमित भारती (जन अधिकार पार्टी), इंदो देवी (बसपा), संजय पासवान (भारतीय जनक्रांति दल डेमोक्रेटिक), ललन पासवान (जनता दल राष्ट्रवादी), उपेन्द्र राम (गरीब जनता दल सेक्यूलर) और दिनेश ऋषिदेव (नेशनल रोडमैप ऑफ इंडिया पार्टी) के अतिरिक्त तीन निर्दलीय उम्मीदवार हैं। ये हैं – अच्छे लाल शर्मा, अगमलाल ऋषिदेव एवं जगदेव राम।

मधेपुरा (क्षेत्र संख्या 73)

जिला मुख्यालय से सबसे ज्यादा 18 उम्मीदवार दो-दो हाथ कर रहे हैं। प्रो. चन्द्रशेखर (राजद), विजय कुमार विमल (भाजपा), गणेश मानव (सीपीआई-एम), डॉ. अशोक यादव (जनअधिकार पार्टी), कपिलदेव पासवान (बसपा), ओमप्रकाश भारती (मानववादी जनता पार्टी), मो. ताहिर (नेशनल रोडमैप ऑफ इंडिया पार्टी), दिनेश यादव फौजी (गरीब जनता दल सेक्यूलर), विजेन्द्र यादव (जनता दल राष्ट्रवादी), कमल कुमार (सर्वजन कल्याण लोकतांत्रिक पार्टी), मनीष कुमार (बहुजन मुक्ति पार्टी), विनोद कुमार (हिन्द कांग्रेस पार्टी) और प्रो. कामेश्वर यादव (भारतीय जनक्रांति दल डेमोक्रेटिक) के साथ-साथ पाँच निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं। इनके नाम हैं – डॉ. विशाल कुमार बबलू, ज्योति मंडल, मो. अलाउद्दीन, मो. अली एवं सुरेश यादव।

यह भी जानें कि मधेपुरा जिले के इन चारों विधान सभा क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 1107 तथा मताधिकार का प्रयोग करने वाले मतदाताओं की कुल संख्या 11 लाख 86 हजार 978 है। चुनाव आयोग द्वारा मतदान की तिथि 5 नवंबर (सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक) तथा मतगणना की तिथि 8 नवंबर (सुबह 8 बजे से) तय की गई है।

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा में मनाई गई कलाम की भव्य जयन्ती

भारत के ग्यारहवें राष्ट्रपति भारतरत्न डॉ.ए.पी.जे.अब्दुल कलाम के 79वें जन्म दिवस पर यूनाइटेड नेशन्स द्वारा 2010 में ही यह घोषणा की गई थी कि उनकी जयंती 15 अक्टूबर को “वर्ल्ड स्टूडेंट्स डे” के रूप मनाई जाय | फिर 27 जुलाई 2015 को शिलांग में जब गाँधीयन मिसाइल मैन डॉ.कलाम ने व्याख्यान देते समय ही हृदयाघात के कारण दुनिया को अलविदा कह दिया तो 29 जुलाई 2015 को पुन: यूनाइटेड नेशन्स द्वारा कलाम के जन्म दिन 15 अक्टूबर को ‘इंटरनेशनल स्टूडेंट्स डे’ के रूप में मनाने की घोषणा कर दी गई |

Dr. Bhupendra Madhepuri addressing teachers and students on the occasion of International Students Day.
Dr. Bhupendra Madhepuri addressing teachers and students on the occasion of International Students Day.

स्थानीय तुलसी पब्लिक स्कूल द्वारा ऋषिओं की तरह जीवन जीने वाले भारत के अमूल्य रत्न डॉ.कलाम की 85वीं जयंती को मनाने हेतु भव्य समारोह का आयोजन किया गया | इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में डॉ.कलाम पर लिखी कई पुस्तकों के लेखक एवं समाजसेवी डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी के द्वारा दिए गये व्याख्यान को सुनकर शिक्षकों की ही नहीं बल्कि छात्रों की आँखें भी नम हो गई | डॉ. मधेपुरी ने कहा- मेरे प्यारे छात्रो ! भारत की पुण्य भूमि पर खोदा गया एक कुआँ है तेरा कलाम !! तुम विश्वास की बाल्टी में संघर्ष की डोरी लगाकर उस कुँए से गंगा-जमजम का जितना पानी चाहो निकालते रहना- वह कभी नहीं खाली होगा | तुम्हारा कलाम कल्पतरु है, कामधेनु है |” डॉ.मधेपुरी ने घंटों सामनेवाले को बांधे रखा और शून्य से शिखर तक यानी रामेश्वरम से राष्ट्रपति भवन तक की चित्रमय कहानी सुना-सुनाकर नयनों से अश्रुकण टपकाते रहे |

Dr. Madhepuri paying tribute to Dr. APJ Abdul Kalam.
Dr. Madhepuri paying tribute to Dr. APJ Abdul Kalam.

आरम्भ में जयन्ती समारोह का उद्घाटन डॉ. मधेपुरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया | फिर अतिथियों-शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा डॉ.कलाम की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ | लगे हाथ मुख्य अतिथि डॉ. मधेपुरी को बुके एवं माला से निदेशक व प्राचार्य द्वारा स्वागत किया गया |

इस कार्यक्रम की विशेषता यही रही कि वर्ग एक से सात तक की कुल 23 छात्र-छात्राओं द्वारा कलाम के बाबत हिन्दी एवं अंग्रेजी भाषा में भाषण दिया गया | जो जितना छोटा था वह उतना बेहतरीन भाषण देता गया | शुभम स्टालिन हिन्दी में तथा अंकुश कुमार अंग्रेजी में भाषण देकर सबों को मन्त्रमुग्ध कर दिया | शेष छात्रों में सुमन कुमार, अभिमन्यु, ज्ञानेंद्र गौरव, विकास कुमार, ज्ञानेंद्र गौतम, शाश्वत, अभिनव, आशुतोष आर्यन, अमन, सत्यमेव, नवनीत, सोनू आदि में अधिकांश अंग्रेजी में ही अपना उद्गार व्यक्त किया | छात्राओं में कृष्णा, अदिति परमार, नैना कुमारी, डिम्पल, काजल, शिवानी, आस्थाप्रिया, जिया आदि संभावनाओं से भरी नजर आती रही |

Dr. Madhepuri distributing sweets among students.
Dr. Madhepuri distributing sweets among students.

सभी बच्चों को पुरस्कार देने के बाद मुख्य अतिथि डॉ. मधेपुरी ने मिठाइयाँ बांटी और टी.पी.एस. के निदेशक श्यामल कुमार सुमित्र सहित निर्मल कुमार, मनीषा सिंह, रेणु, रोजी, गजाला, प्रियंका, रिया, शबनम, मनोज, विभीषण, मनु, वरुण, संतोष आदि शिक्षक-शिक्षिकाओं को बच्चों की बेहतरीन तैयारी कराने हेतु हृदय से साधुवाद दिया | अन्त में प्राचार्य हरिनंदन यादव द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया |

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा विधान सभा के लिए अन्तिम दिन सात और नामांकन

मधेपुरा विधान सभा (क्षेत्र सं. 73) के लिए आज नामांकन के अन्तिम दिन 15 अक्टूबर को सात नामांकन भरे गए। निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार निराला ने मधेपुरा अबतक को बताया कि महागठबंधन की ओर से खड़े राजद प्रत्याशी प्रो. चन्द्रशेखर ने आज भी दो सेट में नामांकन के पर्चे दाखिल किए। ज्ञातव्य है कि प्रो. चन्द्रशेखर ने कल यानि 14 अक्टूबर को भी दो सेट में नामांकन दाखिल किया था।

आज 15 अक्टूबर को सात नए उम्मीदवारों ने भी नामांकन भरा। इनमें जन अधिकार पार्टी से डॉ. अशोक कुमार, बहुजन मुक्ति पार्टी से मनीष कुमार, भारतीय जनक्रांति दल (डेमो.) से कामेश्वर यादव तथा हिन्द कांग्रेस पार्टी से विनोद कुमार शामिल हैं। इन चारों के अतिरिक्त तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी आज पर्चे दाखिल किए। इनके नाम हैं – मो. अल्लाउद्दीन, मो. अली एवं सुरेश यादव।

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा विधानसभा क्षेत्र में नामांकन की गति धीमी

मधेपुरा विधानसभा क्षेत्र-73 के निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार निराला ने मधेपुरा अबतक से कहा कि मधेपुरा नगर परिषद् के मुख्य पार्षद डॉ.विशाल कुमार बबलू ने विशाल कुमार नाम से स्वतंत्र अभ्यर्थी के रूप में पहला नामांकन दाखिल कर चुनावी संग्राम में उतरने का बिगुल फूंका है | उन्होंने यह भी कहा कि तीन दिनों में दो नामांकन के पर्चे ही भरे गये हैं | दूसरा नामांकन सी.पी.आई.(एम.) पार्टी उम्मीदवार के रूप में पार्टी के वर्तमान जिला अद्यक्ष गणेश मानव द्वारा दिया गया है |

अन्त में उन्होंने यही कहा कि अगले चार दिनों में यानी 15अक्टूबर तक नामांकन के पर्चे भरने की गति में बढ़ोतरी से इन्कार नहीं किया जा सकता |

सम्बंधित खबरें


पाँचवें चरण के चुनाव के लिए कोसी एवं सीमांचल के मधेपुरा सहित 37 सीटों पर 8 अक्टूबर से नामांकन शुरू

कोसी के तीन जिले मधेपुरा, सहरसा, सुपौल तथा सीमांचल के चार जिले पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया यानी इन सातो जिलों के 37 सीटों पर विधानसभा चुनाव-2015 के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है | प्रत्येक सीट के लिए 8 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक रविवार सहित छुट्टी के दिनों को छोडकर प्रतिकार्य दिवस 11 बजे पूर्वाह्न से 3 बजे अपराह्न तक नामांकन होगा तथा 16 अक्टूबर को स्क्रूटनी होगी | नाम वापसी की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर होगी | इन सभी 37 सीटों पर मतदान 5 नवम्बर (गुरूवार) के दिन सवेरे 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा | और 8 नवम्बर को होगा जनतंत्र के नायकों के भाग्य का फैसला यानी सवेरे 8 बजे से मतगणना का कार्यारम्भ होगा |

चुनाव आयोग ने कहा है कि निर्भीक होकर सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें | याद रहे- पहली बार इ.वी.एम. में रहेंगे उम्मीदवारों के फोटो, सभी बूथों पर रहेंगे अर्धसैनिक बल और हेलीकाप्टर से होगी बूथों की निगरानी |

S.D.M. Madhepura, Sanjay Kumar Nirala
Returning Officer cum S.D.M. Madhepura, Sanjay Kumar Nirala ready to receive nomination papers

मधेपुरा विधानसभा- 73 के रिटर्निंग आफिसर सह अनुमंडल पदाधिकारी श्री निराला ने मधेपुरा अबतक को बताया कि हमारे सभी मतदाता जागरूक होकर मतदान करेंगे एवं सभी अभ्यर्थी आचारसंहिता का पालन करेंगे | उन्होंने बताया कि नामांकन के प्रथम दिन एक भी अभ्यर्थी अपना पर्चा दाखिल नहीं किया है | मौके पर एक वृद्ध नागरिक ने कहा कि कदाचित् सभी अभ्यर्थी लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि (8 अक्टूबर) पर उन्हें याद करने एवं शोकोदगार व्यक्त करने में लगे होने के कारण ही नहीं आये होंगे |

बिहार के कुल 243 सीटों में से अंतिम यानी पांचवें चरण में जिन 37 सीटों पर 5 नवम्बर को मतदान होना है उनमें 7 सुरक्षित क्षेत्र हैं- सिंहेश्वर, सोनवर्षा, त्रिवेणीगंज, बनमनखी, कोढा, मनिहारी और रानीगंज |

शेष 30 सामान्य सीटें हैं- मधेपुरा, बिहारीगंज, आलमनगर, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, सुपौल, निर्मली, पिपरा, छातापुर, पूर्णिया, कसबा, रुपौली, धमदाहा, आमोर, बायसी, कटिहार, कदवा, बलरामपुर, प्राणपुर, बरारी, किशनगंज, कोचाधामन, बहादुरगंज, ठाकुरगंज, अररिया, सिकटी, जोकीहाट, फारविसगंज, नरपतगंज |

सम्बंधित खबरें


तमोठ परसा गाँव के प्रवीण कुमार उच्च शिक्षा प्राप्ति हेतु यूरोपीय देश हंगरी के लिए उड़ान भरे….!

जिले के मुरलीगंज प्रखंड का एक गाँव है तमोठ परसा | उसी गाँव में शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़ा एक परिवार का मुखिया है- बद्री प्रसाद एवं मूलवती देवी | इसी दम्पति के ज्येष्ठ पुत्र पन्ना लाल पटेल, जो सम्प्रति सिंहेश्वर में टाउन लैब चलाते हैं, के बेटे हैं- प्रवीण कुमार |

ग्रामीण पृष्ठ भूमि से पढाई शुरू करने वाले प्रवीण सैनिक स्कूल रीवा(मध्य प्रदेश) से हायर सेकेंडरी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होता है | वाटर मैनेजमेंट एंड एनवैरामेन्टल साइंस में पुर्तगाल वि.वि. से बी.टेक. करने के बाद रक्षा विभाग एवं इनकम टैक्स विभाग की नौकरियों को भी तिलांजलि दे देता है | फिर उच्च शिक्षा प्राप्ति हेतु पी.जी. में एडमिशन लेने का मन बनाने लगता है | इसी क्रम में यूरोपीय देश हंगरी के पंचवर्षीय पी.जी.कोर्स वाले एनवायरामेन्टल सायंस, एग्रीकल्चरल मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग के लिए अपना स्थान सुरक्षित करा लेता है |

Praveen Kumar with his Parents at Patna Airport while leaving for Hungry .
Praveen Kumar with his Parents at Patna Airport while leaving for Hungary .

ज्ञातव्य हो कि सम्पूर्ण भारत के मेधावी छात्रों द्वारा विभिन्न विषयों में भिन्न-भिन्न यूरोपीय देशों के लिए 115 चयनित छात्रों की सूची में एक स्थान पाना आसान बात नहीं | तभी तो कहा जाता है कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती और कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती | प्रवीण अपनी राह तलाशने में प्रवीण निकला | उसे पढाई का सम्पूर्ण खर्च हंगरी सरकार देगी और प्रत्येक वर्ष भारत आकर एक बार अपनी माँ मनोरमा, चाचाश्री बुद्धा डेंटल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर(वायो केमिस्ट्री) शैलेन्द्र कुमार, वायोकेम सुपौल के रविन्द्र कुमार तथा मधेपुरा हाली क्रास स्कूल के सचिव गजेन्द्र कुमार एवं चाचीश्री प्राचार्या वन्दना कुमारी सहित एन.आई.टी. पटना के नरेश कुमार आदि से मिलने हेतु आने-जाने का हवाई खर्च भारत सरकार के यू.जी.सी. द्वारा दी जायेगी |

सम्बंधित खबरें


वोट को हथियार बनावें एवं वोट के वैल्यु को समझें

वोट के वैल्यु को गंभीरतापूर्वक चिन्तन करना और आपका वैल्युएबल वोट आपके क्षेत्र के जनप्रतिनिधि बनने के लिए खड़े हुए किस प्रत्याशी को मिले – इस पर गंभीर होकर सोचना सर्वाधिक महत्वपूर्ण विषय है | प्रत्येक मतदाता के वोट में वह शक्ति है जो देश और प्रदेश की दिशा और दशा को बदल सकती है |

आज जरुरत इस बात की है कि प्रत्येक वोटर अपने वोट के वैल्यु को महसूसें तथा हर प्रकार के चुनाव में अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग करें और याद रखें –

चुनाव के दिन रखें यह ध्यान !
जलपान से पूर्व करें मतदान !!
सभी करें अपना मतदान !!!
सभी मतदाता चुनाव केन्द्र तक चलकर जाएँ | इतनी कम दूरी तक चलना ही आपके भविष्य के सुखमय संसार को लम्बी दूरी तक ले जाएगा वरना अगले पाँच वर्षों तक असुविधाओं एवं अभावों में ही जीना होगा, रहना होगा तथा हर पल जलना होगा |
वोट के वैल्यु के बाबत जब मधेपुरा अबतक ने डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी से प्रतिक्रिया लेना चाहा तो डॉ. मधेपुरी कुछ देर के लिए मौन हो गये | फिर विश्व के महान समाजवादी चिन्तक डॉ.लोहिया के हमसफर समाजवादी मनीषी भूपेन्द्र नारायण मंडल का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल के नक्श्ली आन्दोलन के समय जब कुछ समाजवादियों ने उनसे यह पूछा था कि आप अपने लोगों को हिंसक क्रांति में भाग लेने के लिए क्यों नहीं कहते हैं– के जवाब में उन्होंने यही कहा था – हाँ ! आजकल प्राय: लोग हिंसक क्रांति की बातें करने आते हैं, परन्तु उन्हें पता नहीं कि हमारे लोग हिंसक क्रांति में भाग नहीं ले सकते | जो गरीब अपने वोट का निर्भीकतापूर्वक प्रयोग नहीं कर सकता, वह भला हथियार का प्रयोग कैसे करेगा ? उसका सबसे बड़ा हथियार तो उसका वोट है | उसका सही इस्तेमाल करना अगर वह सीख गया होता तो अधिकांश समस्याओं का अबतक निदान भी हो गया होता |

और हमारे समाज, देश और प्रदेश को अबतक भरपूर ओज एवं तेज़ मिल गया होता, पौरुष एवं पुरुषार्थ हासिल हो गया होता | आज देश की राजनीति का स्वरुप ही कुछ और होता | व्यक्तिगत जीवन जीने वाले लीडर की जगह सार्वजनिक जीवन जीनेवाले की पूछ बढ़ गई होती- जो अंतिम व्यक्ति को ध्यान में रखकर कानून बनाता …….! अभी भी समय है, वोट अवश्य डालें, वोट को हथियार बनावें तथा वोट के वैल्यु को अंतर्मन की गहराई से महसूसने की कोशिश करें |

सम्बंधित खबरें


3 अक्टूबर 2015 से होने वाली प्री.पी-एच.डी. की परीक्षा स्थगित

प्री.पी-एच.डी. हेतु हिन्दी, उर्दू, गणित सहित कुल 19 विषयों में 2011-2012 की 3 अक्टूबर 2015 से होने वाली परीक्षा अपरिहार्य कारणवश स्थगित कर दी गयी है |

आगे परीक्षा नियंत्रक डॉ.नवीन कुमार ने मधेपुरा अबतक को बताया कि कुलपति डॉ.विनोद कुमार के निदेशानुसार इस परीक्षा के प्रारंभ किये जाने की अब नई तिथि 23 नवम्बर 2015 से होगी तथा परीक्षा का प्रोग्राम सम्बन्धित विभागाध्यक्ष से प्राप्त किया जा सकता है | उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं का आयोजन विभागाध्यक्षों के अधीन होगा तथा जो छात्र फार्म नहीं भर सके हैं वे विलम्ब शुल्क के साथ 10 अक्टूबर तक परीक्षा प्रपत्र भर सकते हैं  |

सम्बंधित खबरें


तुलसी पब्लिक स्कूल में मनी गाँधी जयन्ती

राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जयन्ती के अवसर पर तुलसी पब्लिक स्कूल द्वारा भव्य समारोह का आयोजन कर अभयानंद मैथेमेटिक्स आलम्पियाड-2015 में शरीक हुए जिले के 60 पब्लिक स्कूल के लगभग तीन हजार प्रतिभागी छात्रों में से 96 से 100 फीसदी अंक प्राप्त कर सर्वाधिक गोल्ड मैडल जीतनेवाले इसी स्कूल के 28 छात्रों को मधेपुरा के प्रखर शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी द्वारा पुरस्कृत किया गया | निदेशक श्यामल कुमार सुमित्र द्वारा यह जानकारी दी गई कि सौ फीसदी अंक लाने वाले वर्ग दो के ललन एवं सुजल तथा वर्ग चार के सुमन एवं सोनू के भविष्य निर्माण की दिशा में  जिले के प्रथम एस.पी. रहे अभयानन्द ने कुछ विशेष मदद की बातें कही हैं |

Dr.Madhepuri bestowing rewards to the winners of Abhayanand Mathematics Olympiad 2015.
Dr.Madhepuri bestowing rewards to the winners of Abhayanand Mathematics Olympiad 2015.

छात्रों को पुरस्कृत करने के बाद अपने संबोधन में डॉ. मधेपुरी ने कहा कि भगवान् बुद्ध एवं ईसा मसीह के बाद यदि संसार के मनावजाति को कोई महामानव सर्वाधिक प्रभावित किया है तो वह हैं हमारे पूज्य बापू महात्मा गाँधी एवं उनके द्वारा विश्व को दिया गया सत्य-अहिंसा और शांति का संदेश | गांधीयन विचार पर विस्तार से बोलने के बाद अन्त में उन्होंने कहा कि आज ही के दिन ‘जय जवान जय किसान’ के उद्घोषक प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का भी जन्मदिन है | आज देश उन्हें भी नमन करता है |

समारोह की अद्यक्षता निदेशक श्यामल कुमार सुमित्र ने किया | इस अवसर पर शिक्षक विभीषण कुमार, वरुण कुमार, मनोज कुमार एवं निर्मल कुमार सहित रेणु कुमारी, रोजी-मनीषा, रिया, मन्नू जी, गजाला प्रवीण, प्रियंका कुमारी आदि उपस्थित थी | तुलसी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ.हरिनंदन यादव ने विचार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया |

सम्बंधित खबरें


राष्ट्रकवि दिनकर-जयन्ती एवं कवि-गोष्ठी आयोजित

भू.ना.मंडल वि.वि.के हिन्दी स्नातकोत्तर विभाग में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की 83वीं जयन्ती विभागाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सादगीपूर्वक मनाई गई | इस अवसर पर डॉ. चौधरी ने दिनकर की विभिन्न कृतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तर छायावाद के अग्रणी राष्ट्रकवि दिनकर भारतीय संस्कृति की अभिव्यक्ति ही नहीं बल्कि ओज, उमंग एवं उत्साह के प्रखर कवि रहे हैं |

मंडल वि.वि. के कुलानुशासक व कवि डॉ.विश्वनाथ विवेका ने कहा कि राष्ट्रकवि दिनकर ने जहाँ एक ओर समाज में व्याप्त शोषण, आर्थिक विषमता एवं सामंतवादी प्रवृतियों की तीखी आलोचना की है, वहीँ दूसरी ओर राष्ट्रगौरव गीत गाते हुए विदेशी दासता से मुक्ति दिलाने का आकुल आह्वान भी किया है | उन्होंने यह भी कहा कि दिनकर दलित क्रांति के सधे हुए कवि हैं |

इस अवसर पर डॉ. वीणा कुमारी एवं डॉ. ओम प्रकाश ने दिनकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की चर्चा की और उर्वशी को उनकी कालजयी रचना कहा |

मंच संचालन करते हुए डॉ.सिद्धेश्वर काश्यप ने दिनकर को त्याग और वलिदान का प्रेरक कवि कहा |

दूसरे सत्र में कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें डॉ.विश्वनाथ विवेका, डॉ. सिद्धेश्वर काश्यप, सियाराम यादव मयंक, डॉ अलोक कुमार आदि ने कविताओं का पाठ किया | सुधि श्रोताओं के रूप में कृषण मुरारी, राजेश कुमार, विभीषण कुमार, पंकज कुमार, अन्नु कुमारी, शिल्की शिखा, बुलबुल, प्रियंका प्रीति, सुनील, संजू, राजकिशोर, विकाश आदि की उपस्थिति अंत तक रही | धन्यवाद् ज्ञापन डॉ.चौधरी ने किया |

सम्बंधित खबरें