आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की शादी तय हो गई है। लालू के पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, तेज प्रताप की शादी बिहार के पहले यादव मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती और सारण की परसा सीट से आरजेडी के विधायक चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय के साथ हो रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक दोनों की सगाई 18 अप्रैल को और शादी 12 मई को होगी।
बता दें कि दरोगा राय 16 फरवरी 1970 से लेकर 22 दिसंबर 1970 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे। उनके बेटे और अब लालू प्रसाद यादव के समधी बनने जा रहे चंद्रिका राय भी बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उधर लालू-राबड़ी के पुत्र व तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप यादव भी विधायक हैं और बिहार में नीतीश कुमार के साथ महागठबंधन की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री भी रह चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस शादी के मौके पर विपक्षी एकता की भी झलक देखने को मिलेगी। उम्मीद है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं का बड़ा मजमा इसमें जुट सकता है। जहाँ तक आरजेडी सुप्रीमो के शादी में शामिल होने का प्रश्न है, आरजेडी सूत्रों के मुताबिक उन्हें जमानत दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में आवेदन देने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, लालू प्रसाद यादव के केस में तकनीकी दिक्कत है कि उन्हें हर सजा में अलग-अलग जमानत लेनी होगी, जिसमें देर भी हो सकती है।


