मुख्यमंत्री ने किया सहरसा विद्युत उपकेन्द्र का शिलान्यास

शनिवार, 19 जनवरी 2019 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सहरसा जिले के सत्तरकटैया प्रखंड के सिंहौल में 300 करोड़ की लागत से बनने वाले 400/220/132 केवी विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत करने के बाद अपने संबोधन में सर्वप्रथम केन्द्रीय विद्युत और नवीन व नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री आरके सिंह को सहरसा में पावर ग्रिड निर्माण करवाने के लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में बिजली के क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर काम किया गया है। जहां वर्ष 2005 में 24 लाख उपभोक्ता थे और मात्र सात सौ मेगावाट बिजली की खपत थी, वहीं वर्ष 2017 में 4,535 मेगावाट बिजली की खपत हुई और अभी 5,139 मेगावाट बिजली की खपत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त 2012 के भाषण के दौरान मैंने कहा था कि अगर बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं कराउंगा तो वर्ष 2015 के चुनाव में वोट मांगने नहीं जाऊॅगा। तब से बिजली के क्षेत्र में सुधार के लिए कई कदम उठाए गए। 2015 में सात निश्चय के अंतर्गत हर घर तक बिजली पहुंचाने के लक्ष्य को समय से पूर्व ही 25 अक्टूबर 2018 को प्राप्त कर लिया गया। अब हर इच्छुक व्यक्ति जिसने बिजली का कनेक्शन लेना चाहा, उन तक बिजली पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार भी राष्ट्रीय स्तर पर इस योजना पर काम कर रही है और केन्द्र सरकार के सहयोग से हमें इस लक्ष्य को प्राप्त करने में और सहुलियत हुई। समय से पूर्व लक्ष्य प्राप्ति के लिए उन्होंने राज्य सरकार के ऊर्जा मंत्री और ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव के योगदान की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में आगे कहा कि 31 दिसंबर 2019 तक सभी जर्जर तारों को बदलने का नया लक्ष्य रखा गया है। हर किसान के खेतों तक सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिये 31 दिसंबर 2019 तक अलग कृषि फीडर के निर्माण का भी लक्ष्य रखा गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगले तीन साल में बिहार में सभी बिजली कनेक्शन प्रीपेड हो जाएगा। इससे लोगों को बिल भुगतान में सुविधा होगी। बिजली बिल में गड़बड़ी संबंधी शिकायतों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक बिल आने पर लोक शिकायत निवारण कानून के तहत शिकायत करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम काम के आधार पर वोट मांगते हैं, न्याय के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। हर तबके और हर इलाके के विकास में लगे हैं। बिहार की जनता जब तक मौका देगी हमारी प्रतिबद्धता बिहार की जनता के प्रति एवं काम के प्रति रहेगी। उन्होंने कहा कि बिजली के आने से अंधेरा, भूत का डर खत्म हो गया है और ढिबरी और लालटेन की उपयोगिता समाप्त हो गयी है।

कार्यक्रम को केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री आरके सिंह, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, लघु जल संसाधन मंत्री दिनेश चंद्र यादव, एससी-एसटी कल्याण मंत्री रमेश ऋषिदेव, सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, प्रधान सचिव ऊर्जा प्रत्यय अमृत एवं अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक पावर ग्रिड आईएस झा ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू, विधायक डॉ. अब्दुल गफूर, विधायक रत्नेश सदा, विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, नॉर्थ बिहार कॉरपोरेशन के एमडी संदीप कुमार, कोसी प्रमंडल की आयुक्त सफीना एन., मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, सहरसा की जिलाधिकारी शैलजा शर्मा, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारीगण, पावर ग्रिड इंडिया लिमिटेड के अधिकारीगण, अभियंतागण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

चलते-चलते बता दें कि सहरसा विद्युत उपकेन्द्र 300 करोड़ रूपये की लागत से 36 माह में बनकर तैयार होगा। इसके अलावा राज्य सरकार इसके संचरण के लिए रिंग नेटवर्क के निर्माण में 354 करोड़ 45 लाख रुपए खर्च करेगी। यह भी जानें कि केन्द्र सरकार द्वारा बिहार में तीन पावर ग्रिड का शिलान्यास किया गया है। बकौल मुख्यमंत्री इससे बिजली आपूर्ति में काफी सहूलियत होगी और बढ़ी हुई बिजली की आवश्कताओं को पूरा किया जा सकेगा। लोगों को पूरी गुणवत्ता के साथ बिजली मिलेगी। बात जहां तक कोसी की है, यह सुखद संयोग है कि केन्द्रीय विद्युत राज्य मंत्री और राज्य सरकार के विद्युत मंत्री दोनों इसी कोसी क्षेत्र के हैं। इससे इस क्षेत्र में ऊर्जा संबंधी समस्याओं का समाधान और आसानी से हो सकेगा।

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा के वृद्धों एवं दिव्यांगों के लिए भूकम्प सुरक्षा सप्ताह !

मधेपुरा के बीपी मंडल इंडोर स्टेडियम में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन के द्वारा 18 जनवरी को माॅक ड्रिल यानि State Disaster Response Force (SDRF) की टीम के नेतृत्व में मधेपुरा के डॉ.कलाम कहे जाने वाले समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी ने खासकर जिले के प्रायः सभी प्रखंडों से आये हुए दिव्यांग बच्चों एवं उनके माता-पिता व वृद्धों से इंस्पेक्टर हंसलाल गुप्ता व एसआई राम लखन की टीम के विंध्याचल प्रसाद, सिकन्दर कुमार, प्रमोद राय, अशोक शर्मा, सुनील पाल, कुंदन भारती आदि की उपस्थिति में यही कहा –

हौसले बुलंद एवं इरादे मजबूत हो तो दुनिया में कुछ भी पाना आसान हो जाता है |

Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri observing demonstrations given by State Disaster Response Force (S.D.R.F.) Team to the Divyangs and old age people during Bhukamp Shuraksha Saptaah at B.P.MANDAL Indoor Stadium Madhepura.
Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri observing demonstrations given by State Disaster Response Force (S.D.R.F.) Team to the Divyangs and old age people during Bhukamp Shuraksha Saptaah at B.P.MANDAL Indoor Stadium Madhepura.

इस अवसर पर डॉ.मधेपुरी ने दोनों पैरों से विकलांग विल्मा रूडोल्फ जैसी ओलंपिक में 4 गोल्ड मेडल जीतने वाली धाविका, कंचन गोवा जैसी नेत्रहीन पर्वतारोही जो दर्जनों अंतरराष्ट्रीय मेडल जीत चुकी है……. के साथ-साथ अन्य दिव्यांगों की कहानी को विस्तार पूर्वक सुना-सुनाकर खूब तालियां बटोरी और तमाम दिव्यांगों के चेहरे पर मुस्कान ला दिया | उन्होंने उपस्थित जनों से यही कहा कि भारतरत्न डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम के संदेश को आप तक पहुंचाने आया हूं- जैसा उन्होंने मुझसे कई बार कहा था-

ये आँखे दुनिया को दोबारा नहीं देख पायेगी…….

अतः तुम्हारे अंदर जो बेहतरीन है वह दुनिया को

देकर जाना…… बच्चों को देकर जाना |

भला क्यों नहीं, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक व वरीय उपसमाहर्ता एवं खेल पदाधिकारी मुकेश कुमार एवं जिला कबड्डी संघ के सचिव अरुण कुमार के अनुरोध पर तीनों जिले (मधेपुरा-सहरसा-सुपौल) के लिए आये हुए SDRF के 40 सदस्यों वाली कंपनी की एक टुकड़ी के सदस्यों द्वारा दिव्यांगों को भूकंप आने पर घर के अंदर छिपने की जानकारियां दी गई और सबों को यह भी बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को उठाने के तरीके क्या होंगे…… जिसमें एक व्यक्ति, दो व्यक्ति या तीन व्यक्ति द्वारा उठाने के तरीकों को भी डिमोंस्ट्रेट कर दिखाया गया | अन्त में डॉ.मधेपुरी ने दिव्यांगों के प्रति सर्वाधिक संवेदनशील डॉ.कलाम के बाबत यही कहा-

वह गांधीयन मिसाइल मैन डॉ.कलाम अंतिम सांस तक दिव्यांग बच्चों के जीवन संवारने में, वृद्धों एवं रोगियों के चेहरों पर मुस्कान लाने में लगे रहे | उन्हें सर्वाधिक प्रसन्नता तब होती जब भी हृदय रोगियों की धमनियों में “कलाम- राजू कोरोनरी स्टेंट” तथा विकलांग बच्चों को “लाइटवेट फ्लोर रिएक्शन ऑर्थोसिस कैलिपर्स” लगाने के पश्चात उनकी तकलीफों को कुछ हल्का होते देखा करते | उनकी मान्यता रही कि विज्ञान के दरवाजे ऐसे हरेक व्यक्ति के लिए खुले रहेंगे जो मानवता की भलाई के लिए कार्यरत हैं | कार्यक्रम के अंत में सचिव अरुण कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया |

सम्बंधित खबरें


दुनिया की पहली ड्राइवरलेस बुलेट ट्रेन सर्वप्रथम चीन में शुरू

350 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बिना ड्राइवर के चलने वाली दुनिया की पहली बुलेट ट्रेन शनिवार से चीन में शुरू हो गई है जिसका नाम “फुकिंग्स बुलेट ट्रेन” रखा गया है |

यह भी बता दें कि पहले दिन यह बुलेट ट्रेन बीजिंग-शंघाई रेलवे लाइन पर 17 डिब्बों के साथ 350 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली | चायना एकेडमी ऑफ़ रेलवे साइंसेज के शोधकर्ताओं के अनुसार इस बुलेट ट्रेन की लंबाई 439 मीटर है जिसमें 1283 (एक हज़ार दो सौ तेरासी) लोग एक बार में बैठकर सफर कर सकेंगे |

उक्त एकेडमी के शोधकर्ताओं का कहना है कि यह बुलेट ट्रेन ऑटोमेटिक ही रवाना होगी तथा भिन्न-भिन्न स्टेशनों के बीच ऑटोमेटिक ऑपरेट भी होती रहेगी | शोधकर्ताओं ने बताया कि चीन में बना यह बुलेट ट्रेन ‘फुक्सिंग’ विगत 1 वर्ष से ट्रायल किया जाता रहा है | तभी तो चीन के एक्सपर्टों का मानना है कि सेफ्टी के ख्याल से यह बुलेट ट्रेन सर्वाधिक सही है |

चलते-चलते यह भी बता दें कि इस बुलेट ट्रेन में एक अटेंडेंट तैनात किये गए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस बुलेट ट्रेन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी तो नहीं है | ट्रेन में बेहतर सुधार हेतु एक अटेंडेंट दिया जाना आवश्यक भी माना गया है |

सम्बंधित खबरें


अमर शहीद चुल्हाय की 99वीं जयन्ती उत्साहपूर्वक मनी

15 जनवरी 2019 (मंगलवार) को अमर शहीद चुल्हाय यादव की 99वीं जयंती समारोह पूर्वक प्रो.श्यामल किशोर यादव की अध्यक्षता में मनाई गई। समारोह के उद्घाटनकर्ता बिहार सरकार के पूर्व आपदा प्रबंधन मंत्री प्रो.चंद्रशेखर एवं मुख्यवक्ता के रूप में बीएनएमयू के पूर्व परीक्षा नियंत्रक डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी के अतिरिक्त सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र की हस्तियों के रूप में बिजेंद्र प्रसाद यादव, कृष्ण कुमार यादव, राजकिशोर यादव….. सहित शहीद चुल्हाय स्मारक समिति मनहरा-बराही-सुखासन के पूर्व मुखिया जनार्दन प्रसाद यादव, सचिव डॉ.नरेश कुमार, अध्यक्ष प्रो.जयकृष्ण यादव व अन्य क्रांतिकारी युवाओं की उपस्थिति देखी गई।

Dr.Madhepuri and others paying their tributes to Shahid Chulhai.
Dr.Madhepuri and others paying their tributes to Shahid Chulhai.

बता दें कि मनहरा चौक पर गत वर्ष स्थापित शहीद चुल्हाय की प्रतिमा पर मंगलवार को माल्यार्पण व पुष्पांजलि के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। शहीद चुल्हाय के स्मारक के निकट अवस्थित प्राथमिक विद्यालय मनहरा के परिसर में शहीद चुल्हाय के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया- उद्घाटनकर्ता पूर्व मंत्री एवं मधेपुरा विधान सभा के वर्तमान विधायक प्रो.चंद्रशेखर ने। अपने संबोधन में उन्होंने आसपास के ग्रामीणों, बच्चों एवं युवाओं से यही कहा कि शहीद चुल्हाय ने अपनी शहादत देकर हमें आजादी दिलाई परन्तु सरकारी हाथों से शहीदों के सपनों को चकनाचूर किया जा रहा है और अब भी लोग चुप हैं….. उन्हें गुस्सा क्यों नहीं आता है ?

मुख्यवक्ता के रूप में समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने अपने संबोधन में लोहिया, जयप्रकाश, रास बिहारी लाल मंडल, शिवनंदन प्रसाद मंडल, भूपेन्द्र नारायण मंडल, राम बहादुर सिंह (पंचगछिया), परमेश्वर कुंवर, कार्तिक प्रसाद सिंह, कमलेश्वरी प्रसाद मंडल (सुखासन), मो.कुदरतउल्लाह सहित सभी क्रांतिकारियों की विस्तार से चर्चा करते हुए 26 जनवरी 1943 को आजादी के दीवाने चुल्हाय द्वारा मधेपुरा के ट्रेजरी बिल्डिंग पर तिरंगा फहराने से लेकर गोरों द्वारा पकड़े जाने व पीट-पीटकर मौत के घाट उतारने तक की संवेदनायुक्त चर्चा की। कोसी के साहित्य में हरिशंकर श्रीवास्तव शलभ, डॉ.मधेपुरी एवं क्रांति गाथा के कवि डाॅ.जीपी शर्मा द्वारा शहीद चुल्हाय की विस्तृत चर्चा की गई है। डॉ.मधेपुरी ने क्रांतिगाथाा की इन पंक्तियों को सुना कर सबको भावुक कर दिया-

प्रखर ग्राम मनहरा-सुखासन फूलचन्द थे एक किसान।

जिनका पुत्र चुल्हाई यादव ने रखा धरती का मान।।

मधेपुरा में बीच सड़क पर सत्याग्रही युवक को मार।

गोरों ने सूरपुर पहुंचाया गई है अहिंसा सचमुच हार।।

कंठ-कंठ में आज चुल्हाई की उज्जवल गौरव गाथा।

इस शहीद ने किया कौशिकी अंचल का ऊंचा माथा।।

अंत में अपने संबोधन में डॉ.मधेपुरी ने मनहरा-सुखासन की त्रिमूर्ति बाबू कीर्ति नारायण मंडल को कोसी के मदन मोहन मालवीय, शहीद चुल्हाय को भगत सिंह एवं सुखासन के कमलेश्वरी प्रसाद मंडल को कबीर कह कर सम्मानित किया। साथ ही मधेपुरा में जो डॉ.मधेपुरी ने शहीद चुल्हाय के नाम-  शहीद चुल्हाय मार्ग, शहीद चुल्हाय उद्यान एवं शहीद पार्क बनवाया है उसकी जानकारी उपस्थित दर्शकों को दी और दो जगहों पर उनकी प्रतिमाएं स्थापित करने की भी चर्चाएं की। इन घोषणाओं पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाई।

समारोह को शहीद स्मारक समिति के अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव एवं बाहर से आए अतिथि बिजेंद्र प्रसाद यादव, कृष्ण कुमार यादव, राजकिशोर यादव, जनार्दन प्रसाद यादव, जगदीश प्रसाद यादव आदि ने भी संबोधित किया। नीतेश कुमार, अमित कुमार…….. व सारे युवाओं की टीम अंत तक लगे रहे। अध्यक्षीय संबोधन में बी एन मंडल वाणिज्य महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रो.श्यामल किशोर यादव ने समिति के समक्ष यह प्रस्ताव रखा कि आगामी वर्ष शहीद चुल्हाय की शताब्दी जन्मशती जयंती को यादगार जयंती के रूप में मनाने की तैयारी के लिए तैयार रहें। इसी के साथ धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समापन की घोषणा कर दी गई।

सम्बंधित खबरें


मुकेश अंबानी ग्लोबल थिंकर्स 2019 की सूची में शामिल

उद्योगपति मुकेश अंबानी के नाम एक गौरवपूर्ण उपलब्धि। उन्हें प्रतिष्ठित अमेरिकी पत्रिका ‘फॉरेन पॉलिसी’ ने थिंकर्स 2019 की प्रतिष्ठित सूची में शामिल किया है। इस सूची में अलीबाबा के संस्थापक जैक मा, अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस और आईएमएफ की प्रमुख क्रिस्टिन लेगार्ड जैसे नाम मौजूद हैं। गौरतलब है कि पत्रिका ने अपनी वेबसाइट पर 2019 की सूची के 100 नामों में से कुछ का ऐलान किया है। पूरी सूची 22 जनवरी को जारी की जाएगी।
बता दें कि सबसे धनी भारतीय मुकेश अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक हैं और रिलायंस जिओ उनकी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ही अनुषंगी है। ‘फॉरेन पॉलिसी’ ने उनके लिए कहा, “44.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ मुकेश अंबानी 2018 में जैक मा को पीछे छोड़ते हुए एशिया के सबसे धनी व्यक्ति बन गए। तेल, गैस और खुदरा क्षेत्र में वर्चस्व से उन्होंने यह संपत्ति अर्जित की है लेकिन उम्मीद है कि दूरसंचार क्षेत्र की कंपनी जिओ के जरिए वह भारत पर सबसे अधिक प्रभाव डालेंगे।”
पत्रिका ने आगे कहा, “जिओ की शुरुआत के बाद छह महीने तक सेल्यूलर डाटा और वॉयस सेवा की पेशकश कर उन्होंने 10 करोड़ से अधिक ग्राहक जोड़े और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में स्मार्टफोन इंटरनेट के जरिए क्रांति कर दी।” पत्रिका में कहा गया है कि अंबानी की योजना अगले चरण में अपने डिजिटल स्पेस का इस्तेमाल करते हुए सामग्री और जीवन-शैली से जुड़ी चीजें बेचना है और अंतत: गूगल और फेसबुक को टक्कर देनी है।
चलते-चलते बता दें कि 2019 में ‘फॉरेन पॉलिसी’ पत्रिका के ग्लोबल थिंकर्स की सूची को 10 साल पूरे हो रहे हैं, इसलिए उसने सूची को 10 अलग-अलग श्रेणियों में बांटने का निश्चय किया है। मुकेश अंबानी को प्रौद्योगिकी से जुड़ी 10 शीर्ष शख्सियतों में स्थान दिया गया है।

सम्बंधित खबरें


तो इस बात पर रामविलास का घेराव करेंगे तेजप्रताप ?

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का नाम लिये बगैर उन्हें कथित रूप से अंगूठाछाप करार देने संबंधी केन्द्रीय मंत्री व लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान के बयान पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व लालू-राबड़ी के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने उन्हें आड़े हाथों लिया और इस मामले में उनका घेराव करने की बात कही।
गौरतलब है कि नरेन्द्र मोदी सरकार के सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने के निर्णय को आरजेडी ने गलत करार दिया था, जिसके बाद पासवान ने शुक्रवार को राबड़ी देवी का नाम लिए बिना कथित रूप से कहा था कि बिहार में कोई भी अनपढ़ (अंगूठाछाप) मुख्यमंत्री बन जाता है। इस पर तेजप्रताप ने कहा, “रामविलासजी को इस तरह का अपशब्द एक महिला को लेकर बोलना शोभा नहीं देता।”
तेजप्रताप ने नाराजगी जाहिर करते हुए ट्वीट के जरिए भी रामविलास पर प्रहार किया और कहा, ‘‘नारी जन्म देती है, ममता देती है और माफ भी कर देती है लेकिन इतिहास साक्षी है कि नारी का अपमान करने वाले बड़े-बड़े रावण और दुर्योधन भी नहीं बचे तो इन मौकापरस्त नेताओं की क्या औकात है।’’
बहरहाल, एक पुत्र के रूप में तेजप्रताप की भावना का सम्मान किया जाना चाहिए। लेकिन क्या राबड़ी देवी अनपढ़ नहीं थीं? और क्या उनका मुख्यमंत्री बनना लोकतंत्र के साथ मजाक नहीं था? उसी लोकतंत्र के साथ जिसकी आरजोडी वाले इन दिनों दुहाई दे रहे हैं?

सम्बंधित खबरें


चूड़ा-दही भोज के बहाने मीठी और मजबूत राजनीति

बिहार में मकर संक्रांति के अवसर पर चूड़ा-दही भोज के बहाने एनडीए ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया। गौरतलब है कि इस दिन एनडीए के तीनों घटक दलों के द्वारा चूड़ा-दही भोज का आयोजन होता है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह पिछले 21 वर्षों से मकर संक्रांति के दिन चूड़ा-दही भोज देते आ रहे हैं और धीरे-धीरे यह पूरी पार्टी का आयोजन हो गया है। अब तो आलम यह है कि इस दिन भोज में दस हजार से भी ज्यादा लोग जुटते हैं। वहीं, लोजपा की ओर से उसके प्रदेश कार्यालय में चूड़ा-दही भोज का आयोजन होता है तो भाजपा की ओर से विधानपार्षद रजनीश कुमार भोज देते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन तीनों आयोजनों में शामिल होते हैं और स्वाभाविक तौर पर शुरुआत जदयू के भोज से करते हैं।

सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोपहर लगभग एक बजे बशिष्ठ नारायण सिंह के हार्डिंग रोड स्थित आवास पहुँचे जहां बिहार के हर कोने से आए हजारों कार्यकर्ता और नेता उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे। उनके आगमन पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने सर्वप्रथम बुके से उनका स्वागत किया। नीतीश कुमार ने इस मौके पर केवल तिलकुट का स्वाद लिया। जदयू के इस भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केन्द्रीय मंत्री व लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा में दल के नेता आरसीपी सिंह, विधानसभा अध्य़क्ष विजय चौधरी, विधान परिषद के उपाध्यक्ष हारून रशीद, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, उद्योग मंत्री जयकुमार सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नित्यानंद राय, सांसद रामनाथ ठाकुर, कहकशां परवीन, कौशलेन्द्र कुमार, चिराग पासवान, राष्ट्रीय महासचिव व विधायक श्याम रजक, विधानपार्षद व पूर्व मंत्री अशोक चौधरी, विधानपार्षद संजय गांधी, नीरज कुमार, रणवीर नंदन, विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी, मुख्य प्रवक्ता संजय कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव व मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन कुमार आर्य व अनिल कुमार, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

लोजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित दही चूड़ा के भोज में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष एवं एनडीए के अन्य नेताओं के साथ ही राज्यपाल लालजी टंडन भी शामिल हुए। लोजपा प्रमुख व केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने वहां मुख्यमंत्री को गले लगाकर मकर संक्रांति की बधाई दी। लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष व मंत्री पशुपति कुमार पारस एवं सांसद व लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान समेत पार्टी के तमाम नेता मौजूद रहे। उधर भाजपा के विधानपार्षद रजनीश कुमार के जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित आवास पर भी चूड़ा-दही भोज का आयोजन हुआ जिसमें मुख्यमंत्री समेत कई नेता सम्मिलित हुए। मेजबान रजनीश कुमार ने बुके भेंटकर मुख्यमंत्री का अभिनन्दन किया। नीतीश कुमार तीनों आयोजनों में एक समान गर्मजोशी से शामिल हुए और बिहार व देश के सभी लोगों के लिए अपनी मंगलकामना व्यक्त की।

सम्बंधित खबरें


भारत में हिन्दी के बाद उर्दू सबसे अधिक बोली जाती है

मधेपुरा के भूपेन्द्र स्मृति कला भवन में “फरोग-ए- उर्दू सेमिनार” का एक दिवसीय समारोह आयोजित किया गया जिसका विधिवत उद्घाटन एनर्जेटिक डीएम नवदीप शुक्ला (IAS), आरक्षी अधीक्षक संजय कुमार, डीडीसी मुकेश कुमार, समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शिव कुमार शैव, डीईओ  उग्रेश प्रसाद मंडल, एनडीसी रजनीश कुमार, शौकत अली, मुर्तुजा अली के द्वारा सामूहिक रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। यह सेमिनार उर्दू निदेशालय एवं जिला प्रशासन के बैनर तले रविवार को जिले के कोने-कोने से आए छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की भारी भीड़ की उपस्थिति में दिन भर चला।

डीएम नवदीप शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि उर्दू हमारी तहजीब है। हम दिन-प्रतिदिन अपनी संस्कृति व मूल्यों को भूलते जा रहे हैं जबकि हमें अपने सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के साथ-साथ भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन में निरंतर लगे रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उर्दू हमारी साझी संस्कृति का हिस्सा है और उसे धर्म के आईने से कभी ना देखें। अंत में डीएम शुक्ला ने यही कहा कि हिन्दी व उर्दू भाषा के विकास से ही देश तरक्की करेगा।

इस अवसर पर जिला उर्दू भाषा कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी वरीय उप समाहर्ता अल्लामा मुख्तार ने कार्यक्रम संचालन के दौरान प्रथम वक्ता के रूप में समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी  को आवाज दी। डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने कहा कि भारत में उर्दू, हिन्दी के बाद, सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है जो किसी वर्ग विशेष की भाषा नहीं…… बल्कि आम आदमी की भाषा रही है। गंगा-यमुनी संस्कृति की तरह हिन्दी-उर्दू दोनों सगी बहने हैं। दोनों हिंदुस्तानी भाषा से भारत में ही जन्म ग्रहण की है। इन दोनों भाषाओं को एक साथ देखने पर ही हिंदुस्तान की परिकल्पना पूरी हो सकती है। जैसे कथाकार प्रेमचंद आरंभ में उर्दू में लिखते थे और अमीर खुसरो हिन्दी के लिए बहुत कुछ करते रहे….. रहीम और रसखान को हिन्दी जगत कभी नहीं भूलेगा।

यह भी बता दें कि जहाँ अपर समाहर्ता शिव कुमार शैव ने कहा कि हिन्दी पहले उर्दू के नाम से जानी जाती थी और उर्दू हिन्दी के नाम से…… वहीं डॉ.शांति यादव ने गजल की चंद पंक्तियां सुनाकर अपने संबोधन में यही कहा कि उर्दू रुमानियत व नजाकत वाली भाषा है। प्रो.गुलहसन, मो.शौकत अली, मुर्तुजा अली सहित सारे वक्ताओं ने कहा कि हिन्दी-उर्दू गंगा-यमुनी संस्कृति की भाषा है जिसे धर्म से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। सभी लोग उर्दू से नाता जोड़ें और इसे अपनाएं।

चलते-चलते यह भी बता दें कि जिले के सभी प्रखंडों से आए छात्र-छात्राएं भाषण प्रतियोगिता में भाग लिए और बेहतर प्रदर्शन करने पर उन्हें आयोजक मंडल की ओर से पुरस्कार स्वरूप नकद राशि प्रदान किया गया। मोमेंटो व प्रमाण पत्र भी जिला प्रशासन की ओर से दिया गया। जिले के कोने-कोने से आए प्रतिभागियों की इतनी भीड़ थी कि कला भवन का हाल छोटा पड़ गया और कुछ छात्रों को उर्दू भाषा के विकास पर बोलने का अवसर चाहकर भी नहीं मिल पाया।

सम्बंधित खबरें


बिहार में दो विश्व धरोहर हैं- नालंदा विश्वविद्यालय और बोधगया मंदिर

यूँ तो बिहार में विरासतों की भरमार है…. आर्कियोलॉजिकल सर्वे आफ इंडिया द्वारा सूचीबद्ध 110 साइटें हैं बिहार में…. जिनमें से दो को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति मिली है… वे दोनों हैं- बोधगया का महाबोधि मंदिर और नालंदा विश्वविद्यालय का भग्नावशेष। इन दोनों के अतिरिक्त बिहार में दर्जनों ऐसी साइटें हैं जिन्हें विश्व विरासत स्थलों में शामिल किया जा सकता है।

बता दें कि महाबोधि मंदिर 27 जून 2002 को यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड हेरिटेज साइट में सूचीबद्ध किया गया था। जानिए कि विश्व धरोहर के रूप में सूचीबद्ध होने के बाद से बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है…… क्योंकि महाबोधि मंदिर का प्राचीन स्वरूप अशोक कालीन माना जाता है जिसके जीर्णोद्धार के समय गर्भगृह में अशोक कालीन ईंटे मिली थी। कहा जाता है कि वर्तमान मंदिर चीनी यात्री ह्वेनसांग के भारत आगमन से पूर्व ही बन चुका था।

यह भी जानिए कि बिहार का नालंदा विश्वविद्यालय 15 जुलाई 2016 को यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड हेरिटेज साइट में शामिल किया गया है। विश्व धरोहर में शामिल होने वाला यह बिहार का दूसरा और भारत का 33वां धरोहर है। बता दें कि इसके विकास,सुरक्षा व संरक्षण की जिम्मेवारी आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया और बिहार सरकार की है।

पुरातात्विक और साहित्यिक साक्ष्यों के आधार पर माना जाता है कि नालंदा विश्वविद्यालय की स्थापना 450 ई. के आसपास हुई…. जिसकी स्थापना गुप्त वंश के शासक कुमार गुप्त ने की थी। पाल शासकों ने इसे संरक्षण दिया था। 476 ई. में बिहार में ही जन्मे विश्व विख्यात खगोलविद् एवं गणितज्ञ आर्यभट्ट विश्व प्रसिद्ध नालंदा विश्वविद्यालय के कुलपति भी रहे। इतना ही नहीं, जब संसार अज्ञानता के समंदर में भटक रहा था तब आर्यभट्ट का गणितीय विमल ज्ञान प्रकाश सात समंदर पार रोशनी बिखेरता हुआ पहुुँच गया था। आर्यभट्ट भी हमारा विश्व धरोहर ही है जिनके बाबत आइंस्टाइन ने टिप्पणी की है- “दुनिया आर्यभट्ट का आभारी है जिन्होंने संसार को गणितीय ज्ञान दिया जिसके बगैर कोई भी वैज्ञानिक खोज नामुमकिन होता।”

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा के कला भवन में सर्वोत्कृष्ट कलाकारों का चयन शुरू

मधेपुरा के भूपेन्द्र स्मृति कला भवन में बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग व जिला प्रशासन मधेपुरा के बैनर तले विभिन्न कलाओं….. यथा लोकगीत, लोकनृत्य व नाटक के साथ-साथ शास्त्रीय गीत एवं शास्त्रीय नृत्य आदि में केवल प्रथम स्थान प्राप्त कलाकारों की सूची 15 जनवरी तक विभाग को उपलब्ध कराने हेतु दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेनेवाले प्रतियोगियों पर उम्र सीमा के बाबत कोई प्रतिबंध नहीं है।

बता दें कि जिला स्तर पर सर्वोत्कृष्ट कलाकारों को चिन्हित करने हेतु दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार सरकार के एससी-एसटी कैबिनेट मंत्री प्रो.(डॉ.) रमेश ऋषिदेव, समाज सेवी साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शिव कुमार शैव, डीडीसी मुकेश कुमार, एनडीसी रजनीश कुमार, डॉ.शांति यादव आदि द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उद्घोषक जयकृष्ण प्रसाद यादव, अरुण कुमार, ध्यानी यादव का सहयोग सराहनीय रहा।

जिला स्तरीय युवा उत्सव के उद्घाटन के बाद अपने सारगर्भित संबोधन में मंत्री डॉ.रमेश ऋषिदेव ने कलाकारों को प्रोत्साहित करते हुए बिहार सरकार की उपलब्धियों एवं युवाओं के हितार्थ किए गए कार्यों की बुनियादी जानकारियां दी और खूब तालियां बटोरी। इस अवसर पर अपर समाहर्ता शिव कुमार शैव ने संगीत एवं संगीत के घरानों की विलक्षण व बारीक चर्चाओं केे माध्यम से श्रोताओं का दिल जीत लिया वहीं डॉ.मधेपुरी द्वारा भारतरत्न शहनाई वादक बिस्मिल्लाह खाँ के संगीत के प्रति समर्पण की चर्चा पर हाॅल तालियों से गूंज उठा। डॉ.शांति यादव के संबोधन के बाद जिला प्रशासन की ओर से डीडीसी मुकेश कुमार ने उद्घाटन सत्र के समापन पर संचालन, पर्यवेक्षण एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों के साथ-साथ प्रतिभागियों को भी इस आयोजन को सफल बनाने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।

अगले सत्र में निर्णायक मंडल के सदस्यगण- वरीय उप समाहर्ता अल्लामा मुख्तार, अरुण कुमार बच्चन, रवि रंजन, रेखा यादव, गांधी कुमार मिस्त्री एवं शशिप्रभा जायसवाल द्वारा अपर समाहर्ता शिव कुमार शैव, डॉ.मधेपुरी एवं डॉ.शांति यादव के अनुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों का चयन शुरू कर दिया गया।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम दिन लोक संगीत, लोक नृत्य में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। जहाँ शिवाली की प्रस्तुति पर दर्शक झूमने पर मजबूर दिखे वहीं सृजन दर्पण के कलाकारों की प्रस्तुति एवं विकास कुमार के निर्देशन की “बधैया समूह लोक नृत्य” में जमकर सराहना होती देखी गई। एक से बढ़कर उत्कृष्ट प्रदर्शन से गदगद हुए  संगीत एवं कला प्रेमी दर्शक। आगे दूसरे दिन शास्त्रीय गीत एवं शास्त्रीय नृत्य के साथ चयनित सभी विधाओं के सर्वोत्कृष्ट कलाकारों को सम्मानित करते हुए राज्यस्तर पर होने वाले आयोजन के लिए निर्णायक मंडली के सभी सदस्यों की स्वीकृति व सहमति के साथ सूची प्रेषित कर दी जाएगी।

सम्बंधित खबरें