सिंहेश्वर महोत्सव का भव्य उद्घाटन

बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से सिंहेश्वर मवेशी हाट परिसर में त्रि-दिवसीय छठे सिंहेश्वर महोत्सव का भव्य उद्घाटन एससी-एसटी मंत्री डॉ.रमेश ऋषिदेव ने पूर्व मंत्री व विधायक नरेन्द्र नारायण यादव, समाजसेवी डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी, सियाराम यादव, स्काउट एंड गाइड आयुक्त जयकृषण यादव, सिंहेश्वर प्रमुख चंद्रकला देवी आदि के साथ संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया।  इस अवसर पर डीएम नवदीप शुक्ला, एसपी संजय कुमार, जदयू के जिलाध्यक्ष प्रो.बिजेन्द्र नारायण यादव, ट्रस्ट सदस्य सत्यजीत यादव, प्रमुख प्रतिनिधि जय प्रकाश यादव आदि मंचासीन रहे।

उद्घाटन कर्ता मंत्री डॉ.रमेश ऋषिदेव ने अपने विस्तृत संबोधन में कहा कि विकास पुरुष नीतीश कुमार की घोषणा के पश्चात विगत 6 वर्षों से यह सिंहेश्वर महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामायण मंचन के लिए पर्यटन मंत्री से राशि स्वीकृत करने हेतु अनुरोध किया गया था। जिलाप्रशासन के प्रयास से पर्यटन विभाग ने इसके लिए राशि स्वीकृत भी कर दी। रामायण मंचन 11 से 15 मार्च तक चलेगा। कल्याण मंत्री डॉ.रमेश ने कहा कि यह नगरी वंचितों के नाथ उस भोलेनाथ की है जिन्हें अपना घर नहीं है। फिर भी लोग जब भी बाबा को याद करते हैं तो उनका नेत्र जरूर खुलता है….. उनके बारे में जितना बोला जाय वह कम ही होगा।

इस अवसर पर ओंकार ग्रुप एवं किरण पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। लोक निवारण पदाधिकारी शिव कुमार शैव ने अतिथियों का स्वागत किया। पदाधिकारियों ने उद्घाटन कर्ता सहित सभी विशिष्ट अतिथियों को बुके-अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। जहाँ धन्यवाद ज्ञापन किया एडीएम उपेंद्र कुमार ने वहीं अंत तक मंच संचालन किया ममता कुमारी एवं स्काउट प्रशिक्षक जयकृष्ण यादव ने।

सर्वप्रथम प्रमुख वक्ता के रूप में मधेपुरा के अभिभावक एवं भीष्म पितामह कहे जाने वाले डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी को संबोधित करने हेतु आवाज दी गई। डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने कहा कि शिव तो स्वयं अर्धनारीश्वर है यानि आधा पुरुष और आधा महिला। शिव ने महिलाओं को बराबरी का अधिकार दिया है। डॉ.मधेपुरी ने कहा कि सुखद संयोग है कि आज सिंहेश्वर महोत्सव के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस भी है। पहले इस दिवस का इंतजार इसलिए लोग करते थे कि कोई न कोई भारतीय महिला हवाई जहाज चलाती हुई दिखेगी परंतु आज की तारीख में भारत में विश्व का पहला देश है जहाँ सबसे अधिक महिला पायलट है। उन्होंने विश्व एवं भारतीय महिलाओं के शौर्य का विस्तृत वखान करते हुए मधेपुरा की अंतर्राष्ट्रीय जुडो कराटे खिलाड़ी सोनी राज, नेशनल टे.टे. खिलाड़ी रियांशी गुप्ता आदि की प्रतिभा का भरपूर बखान किया।

उद्घाटन समारोह को विस्तार से संबोधित करते हुए आलमनगर के लोकप्रिय विधायक एवं विभिन्न विभागों में मंत्री रहे नरेन्द्र नारायण यादव ने कहा कि हमारा देश अध्यात्मिक है और इसकी संस्कृति गंगा-जमुनी तहजीब से जुड़ी है जिसका मुकाबला संसार का कोई देश नहीं कर सकता | एक और अध्यक्षता कर रहे डीएम नवदीप शुक्ला ने जहाँ स्थानीय लोगों से अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए त्रि-दिवसीय महोत्सव में स्थानीय एवं बाहर से आनेवाले मैथिली ठाकुर, पल्लवी जोशी सहित बॉलीवुड के पार्श्व गायक शब्बीर कुमार सरीखे नामचीन कलाकारों की प्रस्तुति का शांतिपूर्ण आनंद लेने की बात कही वहीं दूसरी ओर एसपी संजय कुमार ने कहा कि मेला के दौरान अन्य जिलों से 50 पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ 200 पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है | स्थानीय युवा संगठन भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने में लगा है….. आप निर्भीक होकर महोत्सव एवं रामायण मंचन का आनंद लें |

मौके पर ट्रस्ट सचिव सह एसडीएम वृंदालाल, एसडीपीओ वशी अहमद, एनडीसी रजनीश कुमार सहित बीडीओ अजीत कुमार, सीओ के.के.सिंह के चुस्त-दुरुस्त प्रबंधन में जदयू जिलाध्यक्ष प्रो.बिजेन्द्र नारायण यादव, नेता द्वय सियाराम यादव-सत्यजीत यादव, प्रमुख प्रतिनिधि जय प्रकाश यादव, राजेश रंजन झा आदि ने भी महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया | मुख्य रूप से अशोक चौधरी, हरेन्द्र मंडल, दीपक यादव, सफीक आलम, मनोज दास, मोहन मिश्र, इम्तियाज आलम, रवि कुमार आदि मौजूद थे जिन्होंने इलाहाबाद से आये कलाकारों की महाआरती एवं पूर्वोत्तर के कलाकारों सहित इंडियन आयडल व सारेगामापा के सुरंजन सेन की अद्भुत प्रस्तुति का रसास्वादन किया और अंत तक सारे के सारे संगीत प्रेमी श्रोता डटे रहे |

सम्बंधित खबरें


त्रि दिवसीय सिंहेश्वर महोत्सव में शब्बीर-पल्लवी-मैथिली की गूंजेगी सुर लहरियां

बिहार सरकार के युवा-संस्कृति व पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में त्रिदिवसीय सिंहेश्वर महोत्सव का भव्य आयोजन मवेशी हाट परिसर में व्यापक तैयारी के साथ पूरी कर ली गयी है। पर्यटन विभाग ने महोत्सव के लिए  16.50 लाख की राशि आवंटित की है। यह  त्रिदिवसीय महोत्सव 8-9-10 मार्च को आयोजित किये जाने का सर्व सम्मत प्रस्ताव पूर्व में ही आयोजन समिति की बैठक में ली जा चुकी है।

बता दें कि त्रिदिवसीय सिंहेश्वर महोत्सव का उद्घाटन एससी-एसटी मंत्री डॉ.रमेश ऋषिदेव द्वारा 8 मार्च को किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न होते ही शाम 4:00 बजे से इलाहाबाद के कलाकार देवाधिदेव महादेव की महाआरती एवं भव्य झांकी प्रस्तुत करेंगे। शाम 6:00 बजे से संध्या 7:00 बजे तक नार्थ-ईस्ट के कलाकार मनमोहक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ स्टेज पर आएंगे। आगे 7:00 से 10:00 बजे रात्रि तक इंडियन आयडल के कलाकारों द्वारा मस्त-मस्त जलवे भी बिखेरे जाएंगे।

यह भी बता दें कि मार्च 9 की शाम में 4:00 बजे से 7:00 बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति होंगी। आगे 7:00 बजे से रात 10:00 बजे तक सधी हुई सुर की मलिका मैथिली ठाकुर एवं पल्लवी जोशी अपनी गायकी से शिवभक्त श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन करेंगी।

अंतिम दिन यानि 10 मार्च को 4:00 बजे शाम से 7:00 बजे संध्या तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति के बाद कत्थक नृत्य की बेजोड़ प्रस्तुति नीलम चौधरी द्वारा रात्रि 8:00 बजे तक आप देखेंगे। आगे 8:00 बजे रात्रि से फिल्म नगरी मुंबई के नामचीन गायक शब्बीर कुमार की स्वर लहरियों से ऋष्य श्रृंग  की देवनगरी सिंहेश्वर स्थान की वादियाँ गुंजायमान होती रहेंगी और श्रोतागण झूमते रहेंगे।

डीएम नवदीप शुक्ला एवं आरक्षी अधीक्षक संजय कुमार की टीम द्वारा सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच एसडीएम सह सिंहेश्वर टेंपल ट्रस्ट के सचिव वृंदालाल और एसडीपीओ वशी अहमद ने शहर के सभी वर्गों के लोगों से निर्भीक होकर उत्सवी माहौल कायम रखने की अपील की है।

सम्बंधित खबरें


और पप्पू ने तेजस्वी को ‘बंदर’ कह दिया!

जाप (जन अधिकार पार्टी) के संरक्षक और मधेपुरा से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने आरजेडी नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर न केवल तीखा बल्कि अमर्यादित तंज कसा है। उन्होंने बिना नाम लिए इशारों में उन्हें बंदर की संज्ञा दे दी है। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन का नेतृत्‍व बंदर के हाथों में है। यही नहीं, उनकी राय में इसका नेतृत्व कांग्रेस को करना चाहिए। इसके साथ ही उन्‍होंने महागठबंधन में शामिल होने पर दो सीटों की अपनी मांग भी स्‍पष्‍ट कर दी।

गौरतलब है कि पप्‍पू यादव समय-समय पर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को अपना नेता बताते रहे हैं, जबकि उनके घोषित और अब बहुत हद तक सर्वमान्य उत्तराधिकारी तेजस्‍वी से उन्हें सख्त परहेज है। उधर तेजस्वी भी पप्पू को महागठबंधन में शामिल किए जाने के पक्ष में नहीं हैं। बता दें कि चारा घोटाले में सजा काट रहे और अस्वस्थ लालू की अनुपस्थिति में तेजस्‍वी ही पार्टी का काम देख रहे हैं।

बहरहाल, बकौल पप्पू यादव बिहार में महागठबंधन का नेतृत्व कांग्रेस को करना चाहिए। उनकी मानें तो जिस प्रकार भाजपा ने बड़ा दिल दिखाते हुए महाराष्ट्र और बिहार में गठबंधन किया, उसी तरह का दिल कांग्रेस को दिखाना चाहिए। पप्पू ने यह भी बताया कि उन्होंने कांग्रेस को अपनी बात बता दी है। और हाँ, 2 सीटों के साथ महागठबंधन में अपनी जगह बनाने में जुटे पप्पू ने 2020 विधानसभा की योजना भी साझा की और कहा कि उनकी पार्टी 2020 का चुनाव विपक्ष के रूप में लड़ेगी।

सम्बंधित खबरें


दौरम मधेपुरा स्टेशन का प्लेटफार्म न.- 01 मात्र 90 दिनों में होगा ऊँचा

सर्वाधिक कष्ट सहा बड़ी रेल लाईन बनने के बाद दौरम मधेपुरा स्टेशन पर यात्रियों ने। सोचिए तो सही अपनी बूढ़ी माँ को गोद में लेकर बेटा ट्रेन के डब्बे में नहीं चढ़ा पाया तो दूसरे दिन घर से कुर्सी लेकर आया….. कोई-कोई संपन्न परिवार के लोग तो पूर्णिया जाने के लिए अपनी गाड़ी से मधेपुरा से सहरसा जाकर उसी गाड़ी पर सवार होते और फिर मधेपुरा होकर ही गुजरते जिसे वे दो दिनों तक प्रयास करने के बावजूद भी शरीर वजनी होने के कारण नहीं चढ़ पाये थे।

बता दें कि 26 फरवरी से दौरम मधेपुरा स्टेशन के प्लेटफार्म को साढ़े तीन फीट ऊंचा करने का काम विधिवत रूप से प्रारंभ कर दिया गया है। रेलवे अधिकारी आई ओ डब्लू प्रकाश कुमार ने मधेपुरा अबतक को बताया कि दोनों ओर के प्लेटफार्म को ऊंचा करने के साथ-साथ प्लेटफार्म की लंबाई भी बढ़ाना है। बताया गया कि इस कार्य में लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च किए जायेंगे और 90 दिनों में बनकर तैयार हो जाएगा। यह भी कहा गया कि प्लेटफार्म की लंबाई लगभग दोगुनी करने की योजना है यानी प्लेटफार्म नंबर-1 वर्तमान में 395 मीटर है उसे बढ़ाकर लगभग 600 मीटर किया जायगा। फिलहाल प्लेट ढाला जा रहा है। लगे हाथ मिट्टी भरवा कर प्लेटफॉर्म ढलाई कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।

आगे प्रकाश कुमार(IOW) ने यह भी कहा कि प्लेटफार्म ऊंचा करने के साथ ही उसके शेड की लंबाई भी बढ़ाई जा रही है। प्लेटफार्म नंबर एक की वर्तमान लंबाई 175 मीटर को बढ़ाकर 250 मीटर किया जाएगा तब यात्रियों को ट्रेन में सवार होने में सुविधा होगी और काफी सहूलियत भी होगी।

चलते-चलते यह भी बता दें कि दौरम मधेपुरा स्टेशन के इन कार्यो को पूरा करने का कार्य भारतीय रेलवे ने  “आसीत इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड” को आवंटित किया गया है। 26 फरवरी से कार्य एजेंसी ने प्लेटफार्म न.- एक को ऊंचा करने का काम भी प्रारंभ कर दिया है। कार्य को होते देख स्टेशन के आस-पास के लोग एवं यात्रियों में प्रसन्नता की लहर दौड़ने लगी है।

सम्बंधित खबरें


महाशिवरात्रि पर संपूर्ण शिवलोक ही जिले की धरती पर उतर आया

महाशिवरात्रि के अवसर पर मधेपुरा जिले का कण-कण शिवमय हो गया। हर-हर महादेव के गगनभेदी स्वरों से आकाश गूंजता रहा। पड़ोसी देश नेपाल के अलावा पूर्वांचल, सीमांचल और मिथिलांचल के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के लोग भी एक दिन पहले ऋष्यश्रृंग की देवनगरी सिंहेश्वरस्थान पहुंच गये थे तथा कांवर लिए और लोग पहुंच रहे थे।

District Judge Manmohan Lal Sharan, SP Sanjay Singh, Trust Member Dr.Bhupendra Madhepuri and others attending inaugural ceremony of Singheshwar Mela.
District & Session Judge Manmohan Lal Sharan, SP Sanjay Kumar, Trust Member Dr.Bhupendra Madhepuri and others attending inaugural ceremony of Singheshwar Mela.

बता दें कि सरकारी घोषणा के अनुसार एक महीना तक चलने वाला यह मेला चार चरणों में- उद्घाटन, शाम में भोलेनाथ का व्याह, 8 से 10 मार्च तक सिंहेश्वर महोत्सव और 11 से 15 मार्च तक रामलीला कार्यक्रम में बाँटकर जाना जा सकता है। सर्वप्रथम धन्यवाद गेट पर जवाहर नवोदय एवं किरण पब्लिक स्कूल सहित स्काउट एंड गाईड के छात्रों द्वारा बाजे-गाजे व झंडे के साथ बेहतरीन प्रस्तुति के बीच जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश मनमोहन लाल शरण ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर उद्घाटन किया तथा डीआरडीए मंच पर जिला जज ने दीप प्रज्जवलित करने के बाद कहा कि सौभाग्य है हमारा कि इस पावन धरती पर आने का अवसर मिला। उन्होंने सिंहेश्वर की जमकर तारीफ की।

यह भी बता दें कि इस उद्घाटन समारोह में जिले के जांवाज एसपी संजय सिंह, एडीएम उपेन्द्र कुमार, समाजसेवी डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी, बीडीओ अजीत कुमार, सीओ के.के.सिंह, एसडीपीओ वशी अहमद, थानाध्यक्ष एसके गुप्ता , पीआरओ रजनीश कुमार , प्रमुख चंद्रकला देवी व डॉ.शांति यादव आदि की उपस्थिति बनी रही।

इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्य एवं समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी ने सर्वप्रथम आयोजन में उपस्थित जनों का स्वागत करते हुए देवाधिदेव महादेव एवं श्रृंगी ऋषि के हजारों वर्ष पूर्व के इतिहास से उन्हें अवगत कराया। डॉ.मधेपुरी ने शिव को समन्वयकारी बताते हुए डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम और निवर्तमान डीएम मो.सोहैल की भी चर्चा की। उन्होंने ट्रस्ट कार्यालय में एक पुस्तकालय आरंभ करने की मांग करते हुए अध्यक्ष सह सचिव एसडीएम वृंदालाल  से कहा कि उसमें वेद-पुराण व अन्य समस्त गवेषनात्मक धार्मिक ग्रंथों के अतिरिक्त स्थानीय साहित्यकार-इतिहासकार हरिशंकर श्रीवास्तव शलभ सरीखे लेखक की सिंहेश्वर स्थान का संपूर्ण इतिहास एवं मंत्रद्रर्ष्टा ऋष्यश्रृंग….. आदि भी क्रय कर रखनी चाहिए। डॉ.मधेपुरी ने अंत में शौर्ययुक्त शहीदों को याद करते हुए वायुवीर अभिनंदन का अभिनंदन हर-हर महादेव के जयकारे के साथ सम्मिलित रूप से किया।

जहाँ जिले के एसपी संजय कुमार ने उपस्थित शिव भक्तों को 50 पुलिस पदाधिकारी तथा 200 पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए यही कहा कि बाबा सिंहेश्वर नाथ अनादि काल से पूजनीय हैं एवं यहां के लोग सौभाग्यशाली हैं कि वे इस धरती के निवासी हैं वहीं एडीएम उपेंद्र कुमार झा ने स्थानीय श्रद्धालुओं से साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात इसलिए कही कि बाहर से आये लोग उनकी तारीफ करें और उन्होंने सिंहेश्वर महोत्सव 8 से 10 मार्च तक होने की जानकारी भी दी। आरम्भ में जहाँ नवोदय की छात्राओं ने स्वागत गान एवं अंत में धन्यवाद ज्ञापन ट्रस्ट के सचिव वृंदालाल ने किया वहीं मंच संचालन जिला कब्बडी संघ के सचिव अरुण कुमार ने किया।

मंचीय उद्घाटन के बाद डीजे, एसपी, एडीएम एवं डॉ.मधेपुरी आदि द्वारा दर्जनों स्टॉल का उद्घाटन फीता काटकर किया गया जिसमें स्काउट एंड गाईड के आयुक्त जय कृष्ण यादव की आपात कालीन प्रदर्शनी, कृषि प्रदर्शनी, उद्योग विभाग, नारियल विकास वोर्ड, रेडक्रास, प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी विश्वविद्यालय…… आदि प्रमुख हैं।

Singheshwar Mandir Trust Chairman - Secretary SDM Vrindalal, Trust Member Dr.Bhupendra Madhepuri and others attending Bararat of Lord Shiva on the occasion of Mahashivratri.
Singheshwar Mandir Trust Chairman – Secretary SDM Vrindalal, Trust Member Dr.Bhupendra Madhepuri and others attending Bararat of Lord Shiva on the occasion of Mahashivratri.

शाम 4:00 बजे से 8:00 बजे तक दुल्हा भोलेनाथ के रथ पर सजधज कर लोकनिया- सचिव वृंदालाल, सीओ के.के.सिंह, ट्रस्ट के सदस्य डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी , उपेन्द्र रजक, मनोज कुमार दास, सरोज सिंह एवं स्थानीय सदस्य अधिकारी-पदाधिकारी हजारों-हजार बारातीगण के साथ बाजे-गाजे बजाते हुए गौरीपुर पहुंचे। गौरीपुर के लोग अपने-अपने घरों पर दिवाली की तरह दीप जलाये और भोलेनाथ के दर्शन हेतु महिलाएं थाली में पान-अक्षत व दीप-अगरबत्ती जलाये हर दरवाजे पर खड़ी देखी गई। भोलेनाथ को गौरी के पास चार दिनों के लिए छोड़कर सभी बाराती मंदिर लौट आये।

सम्बंधित खबरें


बीएनएमयू में पहली बार मनेगा भारतीय दार्शनिक दिवस

भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के तहत संचालित भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद द्वारा बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर दर्शन शास्त्र विभाग का चयन किया गया है। विश्वविद्यालय को 20 हज़ार का अनुदान दिया गया है ताकि भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय मधेपुरा आगामी 9 मई 2019 को शंकराचार्य जयंती के अवसर पर….. पहली बार मनायेगा भव्य भारतीय दार्शनिक दिवस। देश के 28 संस्थानों में बिहार से एक मात्र बी.एन.मंडल विश्वविद्यालय के पीजी दर्शन शास्त्र विभाग का चयन हुआ है।

बता दें कि जहाँ उक्त जानकारी दर्शनशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर सह विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ.सुधांशु शेखर ने दी वहीं आप यह भी जान लें कि जब से वर्तमान कुलपति प्रो.(डॉ.) ए.के.राय एवं प्रतिकुलपति डॉ.फारूक अली यहाँ आये हैं तब से प्रायः हर चीज पहली बार होने लगा है- रजत जयंती 2 वर्ष बाद ही सही लेकिन पहली बार फरवरी 2019 से फरवरी 2020 तक मनाने का निर्णय लिया गया……. 85 कारसेवकों की स्थाई नियुक्ति पहली बार……. छात्र संगठन का शांतिपूर्ण चुनाव पहली बार…… खुले आसमान के नीचे दीक्षांत समारोह का आयोजन पहली बार…… राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का नॉर्थ कैंपस में आयोजन पहली बार….. और आगामी 9 मई को मनाया जाएगा भारतीय दार्शनिक दिवस पहली बार…. आदि-आदि। पहली बार होने के लिए केवल रह गया है- वर्गों में भारी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं को मशगुल होकर पढ़ाते हुए शिक्षकों का दर्शन होना, जिसके लिए वीसी और प्रोवीसी की पूरी टीम नये-नये उपायों की तलाश में लगे हैं…… आगे कदम बढ़ा चुके हैं।

सम्बंधित खबरें


राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर बीएनएमयू में आयोजित की गई परिचर्चा

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर बीएन मंडल विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस के साइंस कांफ्रेंस हॉल में “विज्ञान समाज के लिए और समाज विज्ञान के लिए” विषयक परिचर्चा का आयोजन फैकल्टी ऑफ साइंस द्वारा किया गया |

इस अवसर पर कुलपति प्रो.(डॉ.) अवध किशोर राय, प्रतिकुलपति प्रो.(डॉ.) फारूक अली, समाजसेवी साहित्यकार एवं विज्ञान के मशहूर प्रोफेसर डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी सहित डीएसडब्ल्यू प्रो.(डॉ.) शिवमुनि यादव, बीएन मुस्टा के महासचिव सीनेटर प्रो.(डॉ.) नरेश कुमार एवं जूलॉजी पीजी हेड प्रो.(डॉ.) अरुण कुमार ने सम्मिलित रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया |

Former University Professor of Physics Dr.Bhupendra Madhepuri addressing on National Science Day Seminar at North Campus BNMU Madhepura.
Former University Professor of Physics Dr.Bhupendra Madhepuri addressing on National Science Day Seminar at North Campus BNMU Madhepura.

बता दें कि परिचर्चा का उद्घाटन करते हुए कुलपति डॉ.ए.के.राय ने कहा कि जहां मानव विज्ञान के माध्यम से अपने जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहा है वहीं विज्ञान समाज को एक नई रोशनी के साथ-साथ एक नई दिशा भी दे रहा है | कुलपति ने यह भी कहा कि विज्ञान के बिना मानव सभ्यता का विकास नहीं हो सकता…. इसलिए हमें विज्ञान के दुरुपयोग से हमेशा बचना होगा |

विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिकुलपति डॉ.फारूक अली ने कहा कि विज्ञान को मानवीय चेहरा दिये बिना दुनिया को सुरक्षित रख पाना संभव नहीं | उन्होंने समाज में सकारात्मक सोच विकसित किये जाने पर बल दिया |

विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी ने कहा कि आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है | डॉ.मधेपुरी ने यह भी कहा कि जैसे-जैसे समाज की आवश्यकताएं बढ़ती गई हमने नए-नए आविष्कार किए…. एक समय था कि दूरभाष द्वारा यहां से पटना बात करने में दिनभर लग जाता था और चन्द वर्षों के अंदर ही सबके हाथों में एक-एक मोबाइल है……. जिसे चलभाष भी कहते हैं |

जहाँ डीएसडब्ल्यू व डीन डॉ.शिवमुनि यादव ने कहा कि भारतीय ऋषि-मुनि महान वैज्ञानिक थे तभी तो वे प्रकृति और पर्यावरण के बीच सामंजस्य बनाये चलते थे…… वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भौतिकी के विभागाध्यक्ष डॉ.निखिल प्रसाद झा ने गीता-रामायण को संदर्भित करते हुए विज्ञान को प्राचीन काल से ही समाज की सेवा में क्रियाशील बताया |

जहाँ राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर डॉ.नरेश कुमार, डॉ.अरुण कुमार, डॉ.सिद्धेश्वर कश्यप, प्रो.प्रज्ञा प्रसाद, डॉ.सुधीर शेखर, डॉ.डीपी सिंह आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किया वहीं प्रथम सेमेस्टर की छात्रा नेहा ने बखूबी मंच संचालन किया और मौके पर डॉ.कामेश्वर कुमार, विभागाध्यक्ष रसायन, डॉ.अबुल फजल (खेल पदाधिकारी), डॉ.सीताराम शर्मा, डॉ.मोहित कुमार घोष, डॉ.कैलाश प्रसाद यादव, डॉ.गणेश प्रसाद, डॉ.एम आई रहमान आदि उपस्थित थे | धन्यवाद ज्ञापन रसायनशास्त्र के प्रोफेसर डॉ.नरेश कुमार ने किया |

सम्बंधित खबरें


भारतीय वीरता के अद्वितीय प्रतीक का अभिनंदन

पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने वाले भारतीय वीरता के अद्वितीय प्रतीक अभिनंदन 55 घंटे से ज्यादा समय तक पड़ोसी मुल्क की हिरासत में रहने के बाद शुक्रवार रात करीब 9.20 बजे वतन पहुँचे। हालांकि आखिर तक पाकिस्तान ने उन्हें सौंपने में कागजी कार्रवाई का हवाला देते हुए घंटों की देरी की। इस बीच सम्पूर्ण देश अभिनंदन के अभिनंदन को आकुल-व्याकुल रहा। गौरतलब है कि पहले दोपहर 2 बजे का समय तय किया गया था लेकिन पाकिस्तान ने समय दो बार बदला और प्रक्रिया को अनावश्यक खींचने की कोशिश की। हालांकि इस दौरान रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण समेत सरकार व सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने समूचे घटनाक्रम पर बराबर नजर बनाए रखी।

उधर घंटों की देरी के बाद भी सुबह से रात तक बॉर्डर पर जमे भारतीयों का जोश और उत्साह देखने लायक था। यहां मौजूद लोग ढोल-नगाड़े बजाते हुए ‘अभिनंदन है, अभिनंदन है’ के नारे लगाते रहे। देश के इस बहादुर बेटे को देखने और उसका स्वागत करने के लिए बॉर्डर पर भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। बहरहाल, देर शाम बॉर्डर पर अभिनंदन के पहुंचने के बाद कागजी कार्रवाई पूरी की गई। प्रोटोकॉल के तहत उनका मेडिकल चेकअप किया जाएगा। अभिनंदन को अटारी बॉर्डर से सीधे अमृतसर एयरपोर्ट की तरफ ले जाया जाएगा, जहां से वह वायुसेना के विशेष विमान से दिल्ली पहुंचेंगे।

बता दें कि एक दिन पहले भारत के संभावित एक्शन से घबराए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए अभिनंदन को छोड़ने की घोषणा की थी। दुश्मन के कब्जे में होने के बाद भी अभिनंदन ने पूरे साहस और दृढ़ता के साथ पाक अफसरों की आंखों में आंखें डालकर सवालों का उतना ही जवाब दिया, जितना जेनेवा कन्वेंशन के तहत ऐसे समय में दिया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर सामने आए विडियो में साफ देखा गया कि पूछताछ के दौरान वह बड़ी बहादुरी से पाक अफसरों का जवाब देते रहे पर सिर को झुकने नहीं दिया और कोई महत्वपूर्ण जानकारी नहीं दी।

याद दिला दें कि दो दिन पहले पाकिस्तानी विमानों ने भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। जवाबी कार्रवाई के दौरान अभिनंदन के मिग-21 बाइसन ने पाकिस्तानी एफ-16 विमान को मार गिराया। हमले में उनका मिग-21 विमान भी चपेट में आ गया और अभिनंदन पैराशूट की मदद से नीचे उतरे लेकिन जहां वह उतरे वह धरती पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) थी, जिसके बाद पाकिस्तान ने अभिनंदन को हिरासत में ले लिया था।

 

सम्बंधित खबरें