केन्द्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार इसी सप्ताह!

जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के एनडीए में शामिल होने की घोषणा के बाद अब सबकी निगाहें केन्द्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार पर है। इस विस्तार में जेडीयू के दो और एआईएडीएमके के तीन मंत्री शामिल हो सकते हैं। बता दें कि मोदी कैबिनेट में इस वक्त 71 मंत्री हैं, जाहिर है कि अब इसमें अधिकतम दस मंत्रियों को ही जगह दी जा सकती है। ऐसे में माना जा रहा है कि मौजूदा मंत्रियों की टीम में से कुछ को मिशन 2019 के मद्देनज़र संगठन में लाया जा सकता है और उनकी जगह कुछ नए चेहरों को मोदी की टीम में जगह दी जा सकती है।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट और संगठन के बदलाव को लेकर पार्टी के भीतर सरगर्मियां शुरू हो चुकी हैं। हालांकि कैबिनेट विस्तार के लिए किसी तारीख का ऐलान नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि 25 अगस्त को नए शामिल होने वाले मंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम हो सकता है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जेडीयू के बाद अब एआईएडीएमके के एनडीए में शामिल होने के औपचारिक ऐलान की प्रतीक्षा की जा रही है। और अब जबकि पलानीसामी और पन्नीरसेल्वम के नेतृत्व वाले एआईएडीएमके के दोनों गुटों का विलय हो चुका है, माना जा रहा है कि जल्द ही इस बारे में घोषणा हो जाएगी। गौरतलब है कि दोनों गुटों की इस एका में भाजपा ने बड़ी भूमिका निभाई है।

माना जा रहा है कि भाजपा के बिहार कोटे के कुछ मंत्रियों को भी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी के साथ लाया जा सकता है। अभी हाल में राजीव प्रताप रूढ़ी की अमित शाह से मुलाकात इस संबंध में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वहीं जेडीयू कोटे से आरसीपी सिंह और संतोष कुशवाहा के मंत्री बनने की चर्चा राजनीति के गलियारों में है। वैसे वरिष्ठता और अनुभव को देखते हुए बिहार जेडीयू के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह की दावेदारी भी कम नहीं है। बता दें कि संख्याबल के मुताबिक जेडीयू को एक कैबिनेट और एक राज्यमंत्री की जगह मिल सकती है।

चलते-चलते बता दें कि 2019 के चुनाव के पूर्व मोदी कैबिनेट का यह अंतिम बदलाव होगा। लिहाजा मोदी किसी समीकरण को साधने में कोई कमी नहीं रखना चाहेंगे।

सम्बंधित खबरें


दूसरों के कुकर्म ढोने के लिए नहीं मिला था जनादेश – नीतीश

जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद पार्टी के खुला अधिवेशन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आक्रामक तेवर में दिखे। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी से निर्णायक दूरी बना चुके शरद यादव को पार्टी तोड़ने की चुनौती देते हुए बड़े स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनादेश बिहार में न्याय के साथ विकास के लिए था, न कि पिछलग्गू बनकर दूसरों के कुकर्म ढोने के लिए। उन्हें और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग कहते हैं कि हमने जनादेश का अपमान किया, वे पहले जनता के मिजाज को जान लें। उन्होंने कहा, ‘बिहार में महागठबंधन को जनादेश भ्रष्टाचार या परिवारवाद का समर्थन करने के लिए नहीं मिला था। महागठबंधन में जो हालात पैदा हो गए थे, उसमें 20 महीने तक सरकार चली, यह बड़ी बात है।’

जनादेश का अपमान किए जाने के आरोप का जवाब देते हुए कहा नीतीश कुमार ने कहा कि महागठबंधन तोड़ने का निर्णय दल का निर्णय है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, ‘कुछ लोग जो बात करते हैं जनादेश की, हम पूछना चाहते हैं कि किस लिए जनादेश मिला था। वह जनादेश बिहार के विकास के लिए मिला था या परिवार के विकास के लिए?’ आगे उन्होंने कहा, ‘आरजेडी के सत्ता में आते ही लोगों के बीच भय पैदा हो गया था। महागठबंधन टूटने के बाद वह भय समाप्त हो गया है। सत्ता से बाहर आते ही आरजेडी के लोग तरह-तरह की हरकतें कर रहे हैं, लेकिन जनता सब देख रही है।’

शरद यादव पर तंज कसते हुए नीतीश ने कहा कि जिनको भाजपा के वोट से राज्यसभा में पहुंचाया, वो आज हमारे खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने चुनौती दी कि शरद जेडीयू को तोड़कर दिखाएं। उन्होंने कहा, पार्टी को तोड़ने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। यदि उनके पास बहुमत है तो वे साबित करें। जेडीयू के टूट की किसी प्रकार की खबर को निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में कहीं टूट नहीं है। सभी विधायक, विधानपरिषद सदस्य, राज्य समितियां साथ हैं।

कार्यकारिणी की बैठक में नीतीश कुमार ने बिहार में आई बाढ़ को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि इस वर्ष पानी में प्रवाह तेज है। राज्य के 17 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। उन्होंने सभी से बाढ़ पीड़ितों को मदद करने की अपील की और कहा कि सरकार मदद के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा, आपदा प्रभावित लोगों को राज्य के खजाने पर पहला हक है। इसी के साथ नीतीश ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए केन्द्र सरकार का आभार भी जताया और कहा कि दोनों जगह एक ही गठबंधन की सरकार है। अब तेजी से बिहार का विकास होगा।

चलते-चलते बता दें कि पटना में हुई आज की बैठक में कार्यकारिणी की स्वीकृति के बाद जेडीयू के एनडीए में शामिल होने की विधिवत घोषणा हो गई। जहां तक शरद यादव पर अंतिम निर्णय लेने की बात है, उनकी ‘वरिष्ठता’ और ‘कद’ को देखते हुए पार्टी 27 अगस्त को प्रस्तावित आरजेडी की रैली में उनके शामिल होने तक की प्रतीक्षा कर सकती है। हालांकि नीतीश की बैठक के बरक्स शरद ने भी कल पटना में ‘जन अदालत’ का आयोजन किया, लेकिन अली अनवर, अरुण श्रीवास्तव, रमई राम सरीखे चेहरों के अलावे कोई और बड़ा चेहरा वहां मौजूद नहीं था।

‘मधेपुरा अबतक’ के लिए डॉ. ए. दीप

 

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा में 25 दिवसीय योग-सह-शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का समापन

जहाँ एक ओर जलमग्न हो गया हो बिहार और 16 जिलों में मचा हो हाहाकार- वहीं स्वर्णिम विश्व बनाने के लिए संकल्पित पतंजलि योग समिति के ऋषिद्वय स्वामी रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण की समर्पित शिष्याओं को 25 दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का सफल संचालन महिला प्रभारी प्रो.रीता कुमारी द्वारा आखिर पूरा कर ही लिया गया तथा 16 अगस्त को शिविर का भव्य समापन समारोह स्थानीय रासबिहारी उच्च विद्यालय परिसर में समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी द्वारा शानदार रुप से संपन्न करा ही लिया गया |

बता दें कि यह प्रशिक्षण शिविर 21 जुलाई से 14 अगस्त तक निरंतर चलता रहा जिसमें 40 महिलाएं एवं दो पुरुषों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया | प्रशिक्षक के रूप में इन प्रशिक्षुओं का वर्ग संचालन करते रहे- राज्य पतंजलि महिला प्रभारी डॉ.मीणा कुमारी, राज्य पतंजलि युवा प्रभारी श्री प्रकाश, मंडल प्रभारी चन्देश्वरी प्रसाद यादव, पूर्व मंडल प्रभारी डॉ.अमोल राय, भारत स्वाभिमान के संयोजक डॉ.वेद प्रकाश, सह-संयोजक डॉ.एन.के.निराला, किसान पंचायत प्रभारी श्री सुभाष, पतंजलि योग समिति के जिलाध्यक्ष डॉ.नन्दकिशोर, भारत स्वाभिमान की महामंत्री रुपम कुमारी सहित शिविर संचालिका प्रो.रीता कुमारी एवं अन्य |

Samapankarta Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri, State Patanjali Mahila Prabhari Dr.Veena Kumari and Patanjali Mandal Prabhari Chandeshwari Pd.Yadav being honoured by Zila Mihila Prabhari Prof.Reeta Kumari in presence of Ziladhyaksha Dr.Nand Kishor, Sah-Sanyojak Dr.N.K.Nirala, Mahamantri Rupam Kumari & others on the eve of Samapan Samaroh at Rasbihari Vidyalaya , Madhepura .
Samapankarta Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri, State Patanjali Mahila Prabhari Dr.Veena Kumari and Patanjali Mandal Prabhari Chandeshwari Pd.Yadav being honoured by Zila Mahila Prabhari Prof.Reeta Kumari in presence of Ziladhyaksha Dr.Nand Kishor, Sah-Sanyojak Dr.N.K.Nirala, Mahamantri Rupam Kumari & others on the eve of Samapan Samaroh at Rasbihari Vidyalaya , Madhepura .

यह भी जानिए कि ये प्रशिक्षण प्राप्त महिला एवं पुरुष 90 दिनों की योग कक्षाएं चलाने के बाद एवं हरिद्वार में पुनः 5 दिनों का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ही “योग शिक्षक” के रूप में विधिवत प्रमाण-पत्र प्राप्त करेंगे | इस दरमियान उन्हें कई लिखित व मौखिक परीक्षाओं से भी गुजरनी होती है |

इस अवसर पर समापनकर्ता डॉ.मधेपुरी ने महिला प्रशिक्षुओं से यही कहा कि आप अपने अतीत को भूल गई हैं, इसलिए आज नारी सशक्तिकरण की चर्चाएं होने लगी हैं | उन्होंने कहा कि महिलाएं हर मायने में पुरुषों से बहुत आगे थीं, रही हैं और आगे भी रहेंगी | आगे डॉ.मधेपुरी ने कहा-

“सोचिए तो सही ! पुरुष को क्या चाहिए ? कदाचित प्रत्येक को- शक्ति, संपत्ति और विद्वता ! …… शक्ति के लिए उसे माँ भगवती की आराधना करनी पड़ती है, संपत्ति के लिए माता लक्ष्मी की पूजा और विद्या के लिए माँ सरस्वती की अर्चना…….!!”   

डॉ.मधेपुरी ने समापन संबोधन में यही कहा- कि भारतीय ऋषि-मुनियों की योग-परंपरा में डुबकियां लगाने पर यही महसूसता रहा हूं-

“मन के पार चेतना के द्वार जाने की तैयारी का नाम है- योग ! योग से शक्ति और अंदर की ज्योति में वृद्धि होती है और व्याधि व व्यवधान मिटने लगते हैं | अंदर की आंखें खुलने लगती हैं…….. और ऐसा लगता है…….. कि माँ की कोख से बच्चों का पार्थिव जन्म होता है, परंतु योग व प्राणायाम से मनुष्य का आध्यात्मिक जन्म होता है………!”

अंत में महिला प्रशिक्षुओं रेखा गांगुली, माधुरी सिन्हा, किरण कुमारी, माया जायसवाल, मनीषा कुमारी, नीतू कुमारी, नीता कुमारी, एस यदुवंशी आदि से शिविर के फायदे से संबंधित पूछे गये प्रश्नों के जवाब में यही कहा गया कि शिविर में प्रशिक्षण नियमित रूप से एवं विधिपूर्वक दिया गया- योग के पूर्ण पैकेज के साथ बीच-बीच में परीक्षाएं भी ली गई |

समापन संपन्न होने से पूर्व समापनकर्ता डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी, राज्य महिला प्रभारी डॉ.वीणा कुमारी एवं मंडल प्रभारी चन्देश्वरी प्रसाद यादव को अंगवस्त्रम आदि से सम्मानित किया शिविर प्रभारी प्रो.रीता कुमारी ने और महामंत्री रुपम कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन के सिलसिले में सरस शब्दों में कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए तालियों की गड़गड़ाहट के साथ समापन कार्यक्रम में अद्भुत समां बांध दी |

सम्बंधित खबरें


जलमग्न हुआ बिहार, 16 जिलों में हाहाकार

बिहार पर प्रकृति का कहर जारी है। राज्य में बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है। सैकड़ों गांव जलमग्न हो चुके हैं। 16 जिलों में 1 करोड़ से ज्यादा लोग इसकी त्रासदी झेल रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 119 तो अन्य स्रोतों से 230 लोगों के मारे जाने की ख़बर है। गुरुवार को पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा के कई नए इलाकों में पानी आने से दहशत फैल गई। मधेपुरा में सर्वाधिक प्रभावित आलमनगर और चौसा प्रखंड के अलावा छह और प्रखंड इसकी चपेट में आ गए। जिले में भलुआही के पास एनएच 106 की सड़क लगभग 25 फीट कट जाने से यातायात ठप हो गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक अब बाढ़ का पानी सहरसा जिले में भी फैल गया है। उधर कटिहार के नए इलाकों में सदर प्रखंड के भसना, मनसाही और कोढ़ा प्रखंड के कुछ हिस्सों में भी पानी फैलने लगा है। वहीं पूर्णिया जिले में बायसी अनुमंडल के बाद अब पानी बनमनखी और धमदाहा क्षेत्र में बढ़ रहा है। बनमनखी प्रखंड  की 10 पंचायतें बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। गुरुवार से वहां एनएच 107 पर वाहनों का परिचालन भी बाधित हो गया है। अररिया की हालत तो और भी बदतर है। इस जिले में हताहत लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है और अब तक 20 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है।

इन जिलों के अतिरिक्त सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर भी बाढ़ से बेहाल हैं। मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों में अब तक 94 लोगों की मौत हो चुकी है। वैसे गोपालगंज, वैशाली और छपरा में जहां नए इलाके बाढ़ के पानी से घिरे, वहीं कुछ प्रभावित जिलों में पानी के धीरे-धीरे उतरने की ख़बर भी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने गुरुवार को गोपालगंज, बगहा, बेतिया, रक्सौल और मोतिहारी के बाढ़ग्रस्त इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और अधिकारियों को तमाम जरूरी निर्देश दिए। बता दें कि बाढ़ प्रभावित तमाम जिलों में एनडीआरएफ की 27 टीमों के 1110 जवान अपनी 114 नौकाओं, एसडीआरएफ की 16 टीमों के 446 जवान 92 नौकाओं और सेना के 630 जवान 70 नौकाओं के साथ राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम के साथ चिकित्सकों का चलंत दस्ता भी प्रभावित इलाकों में लगा हुआ है। राहत शिविर बड़े पैमाने पर बनाए गए हैं और इनमें कुल 3.19 लाख लोगों को भोजन कराया जा रहा है। राहत शिविरों के अतिरिक्त 1112 जगहों पर बाढ़ पीड़ितों के लिए कम्यूनिटी किचेन भी शुरू किया गया है। हालांकि बाढ़ ने अपने पांव जिस कदर फैला लिए हैं, उसे देखते हुए इसे पर्याप्त नहीं कहा जा सकता।

चलते-चलते एक अच्छी ख़बर। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में बाढ़ का तांडव कम होगा। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत के मुताबिक भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से मिले पूर्वानुमान के अनुसार अगले सात दिनों तक उत्तर बिहार के जिलों में बारिश के आसार नहीं हैं। हां, कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश जरूर हो सकती है। दक्षिण बिहार के जिलों के बारे में भी यही पूर्वानुमान है। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि बाढ़ से जूझ रहे लोग थोड़ी चैन की सांस ले पाएंगे।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप

सम्बंधित खबरें


डॉ.मधेपुरी ने बाढ़ पीड़ितों के बचाव हेतु ‘स्काउट’ को दिखाई हरी झंडी

मधेपुरा जिले के आलमनगर, चौसा, बिहारीगंज, मुरलीगंज आदि प्रखंडों के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में बाढ़-पीड़ितों की सेवा व बचाव कार्य हेतु ‘स्काउट एण्ड गाइड’ के प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं की विभिन्न टोलियों को समाजसेवी डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने  हरी झंडी दिखाकर विदा किया | क्योंकि नदियों में है उफान ! चारों ओर से घिरे हैं और जलमग्न हैं सैकड़ो गाँव !! और हो गया है – कोसी का अंग से संपर्क भंग !!!  जारी है जीवन के लिए जंग…..!!!!

Educationist Bhupendra Narayan Madhepuri addressing the Scout and Guide (Girls & Boys) Trainees with a slogan "Service to Man in Service to God" at Rasbihari High School Ground , Madhepura .
Educationist Bhupendra Narayan Madhepuri addressing the Scout and Guide (Girls & Boys) Trainees with a slogan “Service to Man is Service to God” at Rasbihari High School Ground , Madhepura .

इस प्रलयंकारी बाढ़ के हालात से  निपटने के लिए जहाँ स्काउट एण्ड गाइड के प्रशिक्षण आयुक्त जयकृष्ण प्रसाद यादव द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों के स्काउट के छात्र-छात्राओं को मानव सेवा हेतु प्रशिक्षण संबंधी कार्य एवं योजनाओं की जानकारियाँ दी गई तथा व्यवहारिक ट्रेनिंग के साथ-साथ हमेशा विकट परिस्थितियों में अपने विवेक से काम लेने की भी बातें कही गई वहीं समाज सेवा में गहरी अभिरुचि रखनेवाले डॉ.मधेपुरी ने बच्चे-बच्चियों से यही कहा –

“दुनिया में जितने भी धर्म हैं उनमें सर्वोत्कृष्ट धर्म है- ‘मानव सेवा’ | मानव सेवा ही सच्ची सेवा है | यूँ तो लोगों को बहुत कुछ की भूख होती है जिनके पीछे इंसान भागता है, परंतु जिसे दुनिया से विदा होते समय वह साथ नहीं ले जाता – उस ‘धन’ को जमा करने के पीछे वह तेजी से भागता है | यदि वह अपने साथ कुछ ले जाता है तो सिर्फ और सिर्फ अच्छे कर्म एवं लोगों की अच्छी सेवा…….!!”

डॉ.मधेपुरी ने प्रशिक्षित स्काउट युवाओं से यह भी कहा “यदि आप सही तरीके से मानव सेवा करो तो आप बहुत आगे बढ़ सकते हो, ऊंचाई को प्राप्त कर सकते हो…..|”

उन्होंने यह भी कहा कि बाहर से आकर मदर टेरेसा ने यहां के कुष्ठ रोगियों एवं अपाहिजों की सेवा की | ‘भारतरत्न’ सरीखे सर्वोच्च सम्मान से वह सम्मानित हुई | साथ ही संसार के सर्वोत्कृष्ट सम्मान ‘नोबेल पुरस्कार’ से भी सम्मानित की गई वह मदर टेरेसा…….. जिनके बीमार होने पर कभी भारतरत्न डॉ.ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने ईश्वर से दुआ मांगी थी- हे ईश्वर ! अभी मदर को यहीं रहने दो……… क्योंकि ‘मदर’ का हृदय उन गरीबों का घर है, जिन्हें धरती पर अपना घर नहीं……….|”

बच्चो ! हम भी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि हमारे बच्चे बाढ़ पीड़ितों की सेवा एवं बचाव कार्यों को पूरा कर सकुशल वापस आये और अपने-अपने विद्यालयों का नाम रौशन करे !!

सम्बंधित खबरें


बिहार को बहुत जल्द विशेष पैकेज की सौगात!

राजनीति की उठापटक अपनी जगह है और राज्य व देश का हित अपनी जगह। उसे हर हाल में अक्षुण्ण रखना चाहिए। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसी सोच के कारण महागठबंधन छोड़ने और एनडीए के साथ सरकार बनाने का बड़ा निर्णय लिया था। उनके उस निर्णय का सुखद परिणाम अब सामने आने जा रहा है। जी हां, बिहार को बहुत जल्द केन्द्र से 1.25 लाख करोड़ का विशेष पैकेज मिलने जा रहा है। बता दें कि इस पैकेज की घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव के समय की थी, लेकिन भाजपा की करारी हार के बाद विशेष पैकेज की बात ठंडे बस्ते में चली गई थी।

गौरतलब है कि नीतीश ने पिछले सप्ताह ही दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें उनके वादे की याद दिलाई थी। दरअसल नीतीश अच्छी तरह जानते हैं कि एनडीए के विरुद्ध जनादेश लेने के बाद फिर उसी के साथ सरकार बनाने के निर्णय को वे तभी सही ठहरा सकते हैं जब बिहारवासियों से किया वादा वे पूरा करें। अपने हाल के निर्णय में उन्होंने राजधर्म और राज्यधर्म को महागठबंधन-धर्म पर तरजीह दी जिसे बिहार को मिलने जा रही इस सौगात से निश्चित रूप से नैतिक बल मिलेगा।

वैसे देखा जाए तो जिस दिन बिहार में जेडीयू-एनडीए की सरकार बनी, उसी दिन से विशेष पैकेज मिलने की उम्मीद बढ़ गई थी। लेकिन ये खुशखबरी इतनी जल्दी मिलेगी इसकी उम्मीद नहीं थी। इन दिनों बाढ़ की विभीषिका झेल रहे बिहार के लिए ये सचमुच राहत की ख़बर है।

चलते-चलते बता दें कि जहां मोदी-नीतीश मिलकर बिहार से किये वादे पर अमल करने जा रहे हैं वहीं जेडीयू एनडीए में शामिल होने की विधिवत घोषणा भी शीघ्र करने जा रही है। यही नहीं, जेडीयू केन्द्र सरकार में भी शामिल होगी और ख़बर यह भी है कि नीतीश एनडीए के संयोजक हो सकते हैं। भारतीय राजनीति के दो शिखरपुरुषों के एक साथ आने से बिहार के विकास का हर अवरुद्ध मार्ग खुलेगा, ऐसी आशा की जानी चाहिए।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप

सम्बंधित खबरें


डॉ.मधेपुरी के संग ‘तिरंगा’ हुआ मधेपुरा

भूपेन्द्र चौक पर डॉ.मधेपुरी ने शांति आदर्श स्कूल के बच्चे-बच्चियों एवं गणमान्यों सहित डॉ.आलोक, सतीशचन्द्र, आनंद आदि की उपस्थिति में राष्ट्रीय तिरंगा फहराने के बाद जन-गण-मन……… के धुन के दरमियान तिरंगे को सलामी दिया और उपस्थित जनों से यही कहा-

बच्चों ! यह 71वां स्वतंत्रता दिवस है | 70 बार यह तिरंगा लाल किले के प्राचीर से 15 अगस्त को फहराया गया | मात्र एक बार पंडित नेहरू द्वारा 16 अगस्त को 1947 में इसे लाल किले से फहराया गया था | वह भी बिना राष्ट्रगान का ही | वर्ष 1950 से ध्वजोत्तोलन के बाद राष्ट्रगान गाया जाने लगा है |

डॉ.मधेपुरी ने बच्चों से यह भी कहा कि अपने अंदर की बुराइयों को भगाने में ऊर्जा नहीं लगाना बल्कि अच्छाइयों को अन्दर लाने में  प्रयत्नशील रहोगे तो बुराइयाँ स्वयं बाहर हो जाएंगी | जैसे कमरे में फैले अंधकार को बाहर निकालने में थक जाओगे फिर भी बाहर नहीं होगा अंधेरा | यदि तुम एक दीप उस कमरे के अंदर जला लेते हो तो अंधेरा स्वतः बाहर हो जायेगा……….! याद रखना अंधेरे को कोसने से बेहतर है- एक दीप जलाना |

यह भी बता दें कि सबेरे से स्कूली बच्चों द्वारा मुख्य सड़कों से लेकर शहर की गलियों में भी तिरंगा लिए गोखले-तिलक-गांधी-सुभाष से लेकर नेहरू-लोहिया-हामीद-जयप्रकाश……. के साथ-साथ भूपेन्द्र-भीम-कर्पूरी सरीखे स्वतंत्रता सेनानियों की जयकारा लगाते देखे गये |

Dynamic DM Md.Sohail (IAS), SP Vikas Kumar (IPS), ASP Rajesh Kumar , Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri and other officers along with girl students uniformed as Bharat Mata celebrating 71st Independence Day on 15th August , 2017 at BN Mandal Stadium , Madhepura .
Dynamic DM Md.Sohail (IAS), SP Vikas Kumar (IPS), ASP Rajesh Kumar , Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri and other officers along with girl students uniformed as Bharat Mata celebrating 71st Independence Day on 15th August , 2017 at BN Mandal Stadium , Madhepura .

इस अवसर पर बी.एन.मंडल स्टेडियम में समाजसेवी डॉ.मधेपुरी, स्वतंत्रता सेनानी श्री कृष्णान्द यादव सहित शहर के गणमान्यों एवं स्कूली बच्चों के बीच जिले के डायनेमिक डीएम मो.सोहैल (I.A.S.), एसपी विकास कुमार (IPS) ने तिरंगे को सलामी दी और जिले के विकास हेतु रेल फैक्ट्री……. मेडिकल – इंजीनियरिंग कॉलेज…….. आदि पर विस्तार से चर्चा करते हुए युवाओं को जगाने हेतु संदेश दिया |

भू.ना.मंडल विश्वविद्यालय के नये परिसर में एक जगह तिरंगा लहराया प्रतिकुलपति ने और पुराने परिसर में कुलपति डॉ.ए.के.राय ने तथा शिक्षक संघ के महासचिव डॉ.अशोक कुमार ने, अवकाश प्राप्त शिक्षक कल्याण संघ के महासचिव डॉ.एस.एन.यादव ने………| नगर परिषद की अध्यक्षा श्रीमती सुधा यादव और जिला परिषद की अध्यक्षा श्रीमती मंजू देवी ने तिरंगे को सलामी दी |

चारो ओर बच्चों एवं बच्चियों ने आजादी की झाँकियाँ, गीत, नाटक एवं जन्माष्टमी के अवसर पर कृष्ण लीला भी करते देखे गये | सांस्कृतिक कार्यक्रम करना तो हमारी संस्कृति का अंग बन गया है |

सम्बंधित खबरें


रमई, अर्जुन, विजय वर्मा समेत 21 नेता जेडीयू से निकाले गए

पूर्व अध्यक्ष शरद यादव के रुख से उपजा जेडीयू का घमासान अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। पार्टी लाईन से अलग बगावती सुर अलाप रहे शरद के 21 करीबी नेताओं को जेडीयू से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। इन नेताओं में पूर्व मंत्री रमई राम, सीतामढ़ी के पूर्व सांसद अर्जुन राय और मधेपुरा के पूर्व विधानपार्षद विजय वर्मा शामिल हैं। गौरतलब है कि ये सारे नेता शरद की तीन दिवसीय संवाद यात्रा में उनके साथ देखे गए थे। इससे पूर्व शरद समर्थक राष्ट्रीय महासचिव अरुण श्रीवास्तव और राज्यसभा सांसद अली अनवर पर पार्टी कार्रवाई कर चुकी है। शरद यादव को भी राज्य सभा में जेडीयू के नेता पद से हटाया जा चुका है। अब पार्टी से उनकी विधिवत विदाई की केवल औपचारिकता ही शेष है।

बहरहाल, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने आज जिन 21 नेताओं को जेडीयू की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया, उनके नाम इस प्रकार हैं: रमई राम (पूर्व मंत्री), अर्जुन राय (पूर्व सांसद, सीतामढ़ी), राजकिशोर सिन्हा (पूर्व विधायक, वैशाली), विजय वर्मा (पूर्व स.वि.प.), धनिकलाल मुखिया (जिलाध्यक्ष, सहरसा), सियाराम यादव (पूर्व जिलाध्यक्ष, मधेपुरा), बिन्देश्वरी सिंह (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, श्रमिक प्रकोष्ठ), इसराईल मंसूरी (राज्य परिषद सदस्य, मुजफ्फरपुर), मिथिलेश कुशवाहा (तकनीकी प्रकोष्ठ), निरंजन राय (जिला परिषद सदस्य, मुजफ्फरपुर), देवकांत राय (दरभंगा), टिन्कू कसेरा (व्यावसायिक प्रकोष्ठ), जयकुमार सिंह (प्रखंड अध्यक्ष, सोनबरसा), धीरेन्द्र यादव (प्रखंड अध्यक्ष, कहरा), उदयचंद्र साहा (व्यावसायिक प्रकोष्ठ), बिरेन्द्र आजाद (प्रखंड अध्यक्ष, बिहारीगंज), सुरेश यादव (प्रखंड अध्यक्ष, सतर कटैया), विजेन्द्र यादव (प्रखंड अध्यक्ष, सौर बाजार), रमण सिंह (किसान प्रकोष्ठ, मधेपुरा), कमल दास (मधेपुरा नगर परिषद) एवं देवेन्द्र साह (जिला परिषद उपाध्यक्ष, सीतामढ़ी)।

कहने की जरूरत नहीं कि जेडीयू के वर्तमान व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष की तनातनी अब सतह पर आ गई है। दोनों ही नेताओं ने इधर खुलकर एक-दूसरे के विरुद्ध टिप्पणी की है। नीतीश कुमार ने जहां शरद को लेकर कहा कि पार्टी अपना फैसला ले चुकी है, वे कोई भी कदम उठाने के लिए स्वतंत्र हैं। वहीं, शरद यादव ने नीतीश पर टिप्पणी की कि जेडीयू सिर्फ उनकी पार्टी नहीं है, यह मेरी भी पार्टी है। और तो और, शरद खेमा अब अपने ‘असली’ जेडीयू होने का दावा भी कर रहा है। ऐसी स्थिति में बहुत संभव है कि 19 अगस्त को पटना में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले ही शरद यादव की विदाई की औपचारिकता पूरी कर दी जाए।

 

सम्बंधित खबरें


क्यों और कैसे मनाएं जन्माष्टमी ?

कल जन्माष्टमी है। यानि विष्णु के समस्त अवतारों में पूर्वावतार कहे जाने श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव। समस्त गुणों का आगर होने के साथ-साथ कृष्ण की सबसे अनोखी बात यह है कि उनके भक्त उन्हें जिस रूप में पूजते हैं वे उनके साथ उसी रूप में हो लेते हैं। एकमात्र वही हैं जिन्हें कोई पुत्र के रूप में, कोई सखा के रूप में, कोई सारथि के रूप में, कोई गुरु के रूप में तो कोई प्रेमी और यहां तक कि पति के रूप में चाहता और पूजता है और वो उस भक्त के प्रेम को उसी रूप में स्वीकार कर लेते हैं। यही कारण है कि भक्तों का जैसा तादात्म्य श्रीकृष्ण के साथ है वैसा किन्हीं अन्य देवता के साथ नहीं।

पौराणिक धर्मग्रंथों के अनुसार भगवान विष्णु ने पृथ्वी को पापियों से मुक्त करने हेतु श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लिया। उनका अवतरण देवकी और वासुदेव के पुत्र के रूप में भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में मथुरा में हुआ और एक मान्यता के मुताबिक यह दिव्य घटना 5 हजार 243 वर्ष पूर्व हुई।

जन्माष्टमी का त्योहार भारत सहित पूरे विश्व में वर्णनातीत उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन कहीं रंगों की होली होती है तो कहीं डांडिया का उत्सव, कहीं दही-हांडी फोड़ने की उमंग होती है तो कहीं भगवान कृष्ण की मोहक छवियों की झांकी। मंदिरों की रौनक इस दिन देखते ही बनती है। भगवान कृष्ण को इस दिन विशेष तौर पर सजाए गए झूले पर झुलाया जाता है और साथ ही कृष्ण रासलीलाओँ का आयोजन होता है।

शास्त्रों के अनुसार इस दिन व्रत का पालन करने से भक्त को मोक्ष की प्राप्ति होती है। यह व्रत सभी कामनाओं को पूर्ण करने वाला होता है। बताया जाता है कि इस दिन व्रत रखने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है, लक्ष्मी स्थिर होती है और सारे बिगड़ते काम बन जाते हैं। और हां, याद रखें कि इस दिन आपकी पूजा तभी पूर्ण होगी जब कृष्ण का नाम लेने के साथ ही आप देवकी, वासुदेव, नंद, यशोदा, राधा और लक्ष्मी का नाम भी श्रद्धापूर्वक लें। माना जाता है कि ये सभी कृष्ण के व्यक्तित्व के अनिवार्य अंग हैं और इन सबके बिना न तो उनकी पूजा पूरी होती है और न ही स्वीकार।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप  

 

 

सम्बंधित खबरें


अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस

‘मधेपुरा अबतक’ की ओर से 12 अगस्त यानि अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ये संयोग है कि हमारे राष्ट्रीय युवा दिवस की तिथि भी 12 ही है, लेकिन महीना जनवरी है। 12 जनवरी स्वामी विवेकानंद, जिन्हें विश्व-इतिहास में युवा-शक्ति का सबसे बड़ा प्रतीक कहा जाय तो अतिशयोक्ति नहीं होगी, का जन्मदिवस है। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को राष्ट्र-निर्माण की धुरी माना था और जब संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 17 दिसंबर 1999 को प्रत्येक वर्ष 12 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस मनाने की घोषणा की थी, तब भी उसका उद्देश्य यही बताना था कि युवाओं के बिना कोई भी राष्ट्र अपने विकास का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकता।

गौरतलब है कि पिछले साल मनाए गए विश्व युवा दिवस का विषय था – “लक्ष्य 2030: गरीबी उन्मूलन और सतत खपत और उत्पादन हासिल करना।” कहने की जरूरत नहीं कि 2030 तक इस लक्ष्य को तभी हासिल किया जा सकता है जब युवा इसके लिए अग्रणी भूमिका निभाएं। ये अत्यंत दुख व आश्चर्य का विषय है कि आज एक ओर हम मंगल तक पहुंच गए हैं, दूसरी ओर आज भी गरीबी और भूख भारत समेत पूरे विश्व की, खासकर तीसरी दुनिया कहे जाने वाले देशों की, सबसे बड़ी समस्या है। एक अर्थ में यह समस्या वैश्विक आतंकवाद से भी बड़ी है। भूख से लड़े और उससे जीते बिना हम आतंकवाद से क्या पड़ पाएंगे? सच तो यह है कि जिस दिन सबके पेट में रोटी बराबर पहुंचने लग जाएगी उस दिन आतंकवाद की समस्या ही मिट जाएगी।

जिस तरह स्वस्थ शरीर में स्वस्थ आत्मा का निवास होता है, उसी तरह स्वस्थ युवाओं में ही स्वस्थ राष्ट्र और विश्व का बीज पनप सकता है। चाहे स्वास्थ्य शरीर का हो, मन और मस्तिष्क का हो, विचार और संस्कार का हो, या फिर विकास के किसी भी क्षेत्र और दुनिया के किसी भी कार्य-व्यापार का हो। भारत के मौजूदा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस सत्य तो भलीभांति जानते हैं। उनका शायद ही कोई भाषण हो, जिसमें वे युवाओं का आह्वान न करते हों और देश के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी सहभागिता को अनिवार्य न बताते हों।

‘मधेपुरा अबतक’ सभी युवाओं का आह्वान करता है और कहना चाहता है कि वे जहां हैं, जिस क्षेत्र में हैं, वहां से इस देश के निमित्त अपना योगदान दे सकते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे खेतों में काम कर रहे हैं या विज्ञान की प्रयोगशाला में बैठे हैं, देश की सीमा की रखवाली कर रहे हैं या खेल के मैदान में पसीना बहा रहा रहे हैं, कोई साहित्य, चित्र या प्रतिमा गढ़ रहे हैं या आने वाले चुनावों में खड़े होने की तैयारी कर रहे हैं। वे जहां हैं, वहां अपना सर्वोत्तम दें।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप’

सम्बंधित खबरें