पृष्ठ : मधेपुरा अबतक

मधेपुरा को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाई रंगकर्मी उज्जवल कुमार ने

चार वर्ष पहले यानि 2014 में मधेपुरा जिले के पहले रंगकर्मी के रूप में उज्जवल कुमार ने देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्था- NSD (राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय) की चुनौतीपूर्ण परीक्षा में उत्तीर्णता प्राप्त कर (मात्र 26 सीटों में से एक अपने नाम कर ) बाजी मारी थी | उज्जवल की तमन्ना थी की एनएसडी से निकलने के बाद वह कोसी अंचल की संस्कृति को नई पहचान देने का प्रयास करेगा |

बता दें कि उज्जवल का वह सपना अब पुर्णतः आकार लेता हुआ मधेपुरा के साथ-साथ सुबे बिहार को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए कदम बढ़ा चुका है | एनएसडी नई दिल्ली से नाट्यकला में पीजी डिप्लोमा की डिग्री प्राप्त करने के बाद मधेपुरा का बेटा उज्जवल कुमार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने निर्देशन की बारीकियों का लोहा मनवा रहा है | तभी तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने जा रहे ‘आठवें थिएटर ओलंपिक्स’ में उज्जवल कुमार द्वारा निर्देशित नाटक ’01-12-58’ को भी शामिल किया गया है जिसकी प्रस्तुति 8 अप्रैल 2018 को अभिमंच ऑडिटोरियम, नई दिल्ली में होने जा रही है |

यह भी जानिये कि इस थिएटर ओलंपिक्स में देश-विदेश की नाटकों को शामिल किया जाता है | मधेपुरा के उज्जवल द्वारा निर्देशित नाटक ’01-12-58’ लक्ष्मणपुर बाथे में हुए जनसंघार पर आधारित है | इस वर्ष आठवां थियेटर ओलंपिक्स का आयोजन 17 फरवरी से 8 अप्रैल तक होगा जिसमें 8 अप्रैल को उज्जवल के इस नाटक की प्रस्तुति होगी |

सम्बंधित खबरें


डीएम मो.सोहैल ने कृषि वैज्ञानिकों के तर्कों को अस्वीकार किया !

मधेपुरा जिले में लगभग 50 हज़ार एकड़ में लगे मकई के खराब बीज के कारण फसल की ऐसी बर्बादी हुई है कि आलमनगर-मुरलीगंज सहित विभिन्न प्रखंडों के पंचायतों व गांवों के आक्रोशित किसानों ने लगातार प्रखंड मुख्यालयों पर धरना दिया, क्षतिपूर्ति की माँग की तथा आत्महत्या करने पर भी उतारू दिखे | विधानसभा में भी विपक्षी सदस्यों ने जमकर हंगामा किया |

बता दें कि सूबे में ऐसी समा बांधते देखकर जहाँ जिले के संवेदनशील एवं अति डायनेमिक डीएम मो.सोहैल एक ओर अपने कृषि वैज्ञानिकों व पदाधिकारियों की पूरी टीम को साथ लेकर मुरलीगंज प्रखंड के रामपुर- दीनापट्टी गाँव के अन्नदाता किसानों की लहलहाते बिना दाना वाले मकई के खेत की आड़ पर गिरते-संभलते एवं परेशानियों से रू-ब-रू होते दिख रहे हैं वहीं दूसरी ओर 22-23 मार्च को बिहार दिवस समारोह को भव्यता के साथ मनाने हेतु देश की रक्षा एवं सीमा की सुरक्षा में शहीद हुए इस जिले के जाँवाजों को सम्मान देने के लिए जिला अतिथि गृह के सामने वाले (तत्कालीन सांसद डॉ.रवि के विकास मद से बने) चिल्ड्रन पार्क को “शहीद पार्क” नामित कर उन शहीदों को सम्मानित करने के लिए (स्वतंत्रता संग्राम से अद्यतन) शहीदों की सूची उपलब्ध कराने व स्थल चयन करने हेतु डीएम मो.सोहैल ने समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी को जिम्मेवारी सौंप दी है |

Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri discussing with Senior Deputy Collector Md.Allama Mukhtar , Executive Engineer Building Mr.Manoj Kumar Singh & Asst. Engineer Mr.Madhusudan Kumar Karn & others regarding the construction of Shahid Platform in Shahid Park (Children Park) opposite District Guest House , Madhepura.
Samajsevi Dr.Bhupendra Madhepuri discussing with Senior Deputy Collector Md.Allama Mukhtar , Executive Engineer Building Mr.Manoj Kumar Singh & Asst. Engineer Mr.Madhusudan Kumar Karn & others regarding the construction of Shahid Platform in Shahid Park (Children Park) opposite District Guest House , Madhepura.

डीएम मो.सोहैल (भा.प्र.से.) ने मधेपुरा आजतक को बताया कि मक्का की बाली में दाना नहीं आने का कारण जहाँ कृषि वैज्ञानिकों द्वारा “मौसम में बदलाव” को कारण माना जा रहा है वहीं डीएम ने कृषि वैज्ञानिकों के तर्कों को मानने से इनकार किया और कहा कि यदि ऐसा होता तो सभी खेत का मक्का दाना विहीन होता | जिला पदाधिकारी ने कहा कि पायोनियर कंपनी के 3535 नंबर के बीज वाले मक्का में भरपूर दाना है वहीं उसी कंपनी के 3522 नंबर वाले में दाना बिल्कुल नहीं है | तभी तो उन्होंने बीजो मुखिया द्वारा 3535 लगे खेत में पुरा दाना पाया वहीं विपीन यादव द्वारा पायोनियर 3522 लगे खेत में दाना विहीन फसल देखा |

यह भी जानिए कि डीएम ने कृषि वैज्ञानिकों को विश्लेषण करने की सलाह देते हुए आशंका व्यक्त किया कि कदाचित बीज के प्रोसेसिंग में गलती हुई है | जहाँ डीएम मो.सोहैल ने एक ओर पीड़ित किसानों से बिना किसी तरह की रसीद के ही आवेदन जमा लेने के बाबत सभी प्रखंड पदाधिकारियों को निदेश भेजा है वहीं दूसरी ओर पायोनियर 3522 में खराबी के लिए बीज कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करने की कार्यवाई आरंभ कर दी है | इस बाबत डीएम द्वारा राज्य सरकार को पत्र भेजा जा रहा है वहीं केंद्र सरकार की जांच टीम को मधेपुरा बुलाई जा रही है | किसानों को मानसिक व आर्थिक परेशानी नहीं हो इसके लिए प्रभावित किसानों को 4% ब्याज पर लोन मुहैया कराने की बात चल रही है | अब तक जिले के 1860 किसानों ने शिकायत की है |

यह भी बता दें कि जहाँ डीएम द्वारा फसल सर्वेक्षण के दौरान डीएओ यदुनंदन प्रसाद यादव, बीएओ विनोद कुमार श्रीवास्तव, सीओ शशि भूषण कुमार, कृषि समन्वयक आनंद कुमार एवं कृषि सलाहकार रजनीश कुमार आदि कुछ ग्रामीण किसानों को साथ लिए चल रहे थे वहीं अतिथि गृह के सामने शहीदों को सम्मान वाले शिलापट्ट स्थल निर्माण को लेकर समाजसेवी डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने विचार-विमर्श करते हुए स्थापना के वरीय उपसमाहर्ता मो.अल्लामा मुख्तार, भवन निर्माण के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार सिंह, सहायक अभियंता मधुसूदन कुमार कर्ण आदि से अनुरोध किया कि इस शहीद पार्क में अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ-साथ साफ-सफाई की भी व्यवस्था बिहार दिवस के आयोजन से पूर्व कर ली जाय |

सम्बंधित खबरें


इरादे हो नेक, हौसले सदाबहार……. आइए ! मिलकर बनायें अपना बिहार- MLC डॉ.संजीव कुमार

कोसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद डॉ.संजीव कुमार सिंह के द्वारा सदन में “नियोजित शिक्षकों के वेतन के विरुद्ध बैंक से लोन दिये जाने” के बाबत एक अल्प सूचित प्रश्न पूछा गया | सदन में MLC डॉ.संजीव ने माननीय अध्यक्ष महोदय से कहा कि जब राज्य सरकार के किसी भी कर्मी को वेतन के विरुद्ध लोन देने का प्रावधान है तो नियोजित शिक्षकों को इसके लिए इतनी परेशानी क्यों उठानी पड़ती है |

बता दें कि कोसी के शिक्षक प्रतिनिधि डॉ.संजीव कुमार सिंह के इस सवाल के जवाब में प्रभारी वित्त मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने यही कहा- “राज्य सरकार इस मामले को राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में उठायेगी |”

यह भी जानिये कि MLC डॉ.संजीव कुमार सिंह ने सदन में माननीय अध्यक्ष महोदय के समक्ष सवाल उठाते हुए कहा कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा वर्ग दशम एवं बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं की परीक्षाओं से संबंधित सारी प्रक्रियाएं ‘ऑन लाइन’ कर दी गई है जो स्वागत योग्य है | परंतु, अधिकांश विद्यालयों/महाविद्यालयों को कंप्यूटर संबंधी सुविधाएं नहीं रहने के कारण वसुधा केंद्र या साइबर कैफे पर निर्भर करना पड़ता है | जिसके फलस्वरूप पंजीयन से लेकर परीक्षा प्रपत्रों में अनेक त्रुटियां रह जाती हैं और इन गलतियों के कारण प्रभारी शिक्षकों या प्राचार्यों को बेवजह दंड भुगतना पड़ता है | महोदय, क्या सरकार उक्त समस्या के समाधान हेतु ऐसे संस्थानों में कंप्यूटर कक्ष के साथ-साथ कंप्यूटर आदि की व्यवस्था बिहार विद्यालय परीक्षा समिति में जमा राशि के माध्यम से कराना चाहेगी ?

बता दें कि विधान पार्षद डॉ.संजीव ने सदन में आगे माननीय अध्यक्ष महोदय से पुनः अनुरोध किया कि विगत माध्यमिक परीक्षाओं में परीक्षार्थियों के कभी जूते खोले गये तो कभी चश्मे उतारे गये- ऐसी स्थिति में वे सहज होकर परीक्षा कैसे दे पायेंगे ? अच्छा होगा कि भविष्य में नजदीक के केंद्रों पर परीक्षा देने की व्यवस्था हो और जिन विद्यालयों में चहारदीवारी नहीं है वहां बाउंड्रीवाल बनाया जाय | परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व यानि गेट से बाहर ही सहजतापूर्वक सघन जांच करा ली जाय |

और यह भी जानिए कि ताजिंदगी MLC रहने वाले शारदा बाबू के समय से अद्यतन उनके पुत्र एमएलसी डॉ.संजीव के कार्यकाल में भी वित्त रहित शिक्षकों एवं समान काम के लिए समान वेतन भुगतानादि की चर्चाएं करते रहने वाले बी.एन.मंडल कॉमर्स कॉलेज के फाउंडर एवं भू.ना.मंडल विश्वविद्यालय में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी द्वारा शिक्षकों के कई महीनों से वेतन/पेंशन नहीं मिलने के सवाल को उठाते हुए विधान पार्षद डॉ.संजीव कुमार सिंह ने सदन में माननीय अध्यक्ष जी से यही कहा-

“महोदय ! विभागीय लापरवाही और संवेदनशीलता की कमी के कारण ही 6 महीने से शिक्षकों को वेतन/पेंशन नहीं मिला है | क्या सरकार वेतन/पेंशन भोगियों को इस विलंब के कारण हुई परेशानियों के बाबत सूद सहित वेतन/पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करेगी- राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के उच्च न्यायालयों के न्यायादेशों के अनुसार…….!!”

यूँ कहने के लिए सरकार के पास पैसे नहीं है जबकि शिक्षा विभाग द्वारा 1625 करोड़ की राशि सरेंडर किये जाने का समाचार चंद रोज कबल दैनिक जागरण में छपा है |

नोट- एमएलसी डॉ.संजीव को शिक्षकों के हितार्थ सदन में दहाड़ते हुए देखना व सुनना चाहते हैं तो नीचे क्लिक करें |

सम्बंधित खबरें


केन्द्र सरकार अब 6 माह का ट्रेनिंग देकर ही पैदा करेगा डॉक्टर

1956 ईस्वी. से राज्यों एवं केन्द्र सरकारों द्वारा मनोनीत एवं निर्वाचित केवल चिकित्सीय सदस्यों द्वारा गठित पारदर्शी संस्था MCI (मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया) को खत्म कर NMC (नेशनल मेडिकल कमीशन) गठन करने हेतु भारत सरकार ‘बिल’ पारित करने जा रही है I देशभर के डॉक्टरों ने गोलबंद होकर इस बिल के विरोध में सड़क से सदन तक चरणबद्ध आंदोलन करने की घोषणा की है I

बता दें कि IMA (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के प्रमंडलीय सचिव डॉ. सच्चिदानंद यादव, जिला सचिव डॉ. दिलीप कुमार सिंह, डॉ.बी.एन.भारती, डॉ.पी.के. मधुकर, डॉ.आलोक निरंजन, डॉ. बरुण कुमार, डॉ. एन.एन. सिंह आदि ने कहा कि इस विधेयक के पास हो जाने से गैरचिकित्सक सदस्यों, जिन्हें आधुनिक चिकित्सा विज्ञान का कोई ज्ञान नहीं है, का साम्राज्य स्थापित हो जाएगा I सोचिए तो सही गैरचिकित्सक द्वारा चिकित्सकों के लिए कानून-नियम बने- यह कितनी बड़ी विडंबना है I

यह भी बता दें कि विधेयक पास होने पर प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों को मनमाना फीस तय करने का अधिकार मिलेगा I और तब इस मनमाने फीस के बोझ तले गरीब व मेधावी छात्रों के डॉक्टर बनने के सपने पर ग्रहण लग जाएगा I इतना ही नहीं, “ब्रिज कोर्स” के नाम पर मनमाना पैसा उगाही कर अन्य धारा के ग्रेजुएट्स को मात्र 6 माह ट्रेनिंग देकर मॉडर्न मेडिकल सिस्टम में कार्य करने की अनुमति देना बिल्कुल उसी तरह है जैसे एक कार ड्राइवर को बायाँ दायाँ ट्रेनिंग देकर हवाई जहाज उड़ाने का लाइसेंस देना !

Civil Surgeon Dr.Gadadhar Pandey along with Lady Doctors Dr.Poonan Kumari, Dr.Rashmi Bharti, Dr.Naidu Kumari & Secretary Red Cross Society Dr.A.K.Mandal, Divisional Secretary IMA Dr.S.N.Yadav and others waiting to co-operate Cycle Rally on 11th March against NMC Bill.
Civil Surgeon Dr.Gadadhar Pandey along with Lady Doctors Dr.Poonan Kumari, Dr.Rashmi Bharti, Dr.Naidu Kumari & Secretary Red Cross Society Dr.A.K.Mandal, Divisional Secretary IMA Dr.S.N.Yadav and others waiting to co-operate Cycle Rally on 11th March against NMC Bill.

यह भी जानिए कि महिला चिकित्सक डॉ.पूनम कुमारी, डॉ.नायडू कुमारी, डॉ. रश्मि भारती आदि ने मधेपुरा अबतक को बताया कि इस विधेयक के लागू होने से वर्षों MBBS, MS की पढ़ाई करते हुए तमाम परीक्षाएं उत्तीर्ण होने के बाद भी “एग्जिट परीक्षा” देना चिकित्सकों के लिए प्रताड़ना है- जो पूरी तरह पैसा उगाही करने वाले गैरचिकित्सक माफियाओं का साम्राज्य स्थापित करना है I चिकित्सा क्षेत्र में भ्रष्टाचार को चरम तक ले जाना है I

आज 11 मार्च को वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ.ए,के.मंडल, डॉ.मिथिलेश कुमार, डॉ.अखिलेश कुमार, डॉ.एल.के.लक्ष्मण और साइकिल पर सवार समस्त चिकित्सकों द्वारा विधेयक के विरोध में रासबिहारी उच्च विद्यालय के मैदान से शहर में निकाली जाने वाली साइकिल रैली को सिविल सर्जन डॉ.गदाधर पांडे ने हरी झंडी दिखाई | डॉ.पांडे ने कहा कि आगामी 25 मार्च को विरोध प्रदर्शन करने हेतु दिल्ली में महापंचायत का आयोजन किया गया है | सबों ने इस विधेयक को जनविरोधी, छात्र विरोधी, गरीब विरोधी और भ्रष्टाचार बढ़ाने वाला बताते हुए यही कहा कि एनएमसी बिल आने के बाद कॉर्पोरेट घरानों को फायदा होगा क्योंकि देश के मेडिकल कॉलेजों के 40% सीट पर कारपोरेट घराने के लोगों का अधिकार होगा | इस बिल के खत्म होने तक आईएमए अपना राष्ट्रव्यापी आंदोलन जारी रखेगा ……|

सम्बंधित खबरें


नेहरू युवा केंद्र खासकर ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारता है…… !

भारत सरकार के ‘युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय’ के अधीन क्रियाशील है नेहरू युवा केंद्र संगठन, जो भारत के सभी राज्यों के प्रत्येक जिले में कार्यरत है | यह नेहरू युवा केंद्र विशेष रूप से ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का कार्य करता चला आ रहा है |

बता दें कि जगमग नगरों से दूर बसे गाँव में रहने वाले युवाओं के अंदर सोयी प्रतिभाओं को जगाता है यह नेहरू युवा केंद्र मधेपुरा | टूटे-फूटे कच्चे घरों में बिखरी एवं खोई प्रतिभाओं को मुख्यधारा में लाने हेतु निरंतर प्रयास करती है इस केंद्र के कोऑर्डिनेटर अजय कुमार गुप्ता की पूरी टीम |

Chief Guest Dr.Madhepuri boosting players at BN Mandal Stadium Madhepura.
Chief Guest Dr.Madhepuri boosting players at BN Mandal Stadium Madhepura.

यह भी जानिए कि नये वर्ष के साथ ही जिले के सभी तेरहो प्रखंड में अलग-अलग निर्धारित तिथियों के अनुरूप प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गई | प्रत्येक प्रखंड में कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स आदि खेल का आयोजन किया गया | प्रत्येक विधा में चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तर पर अपनी क्षमता व दक्षता दिखाने का अवसर दिया गया | तदनुरूप तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलों का आयोजन टी.पी.कॉलेज परिसर में एवं समापन बी.एन.मंडल स्टेडियम में किया गया |

बता दें कि समापन के दिन मुख्य अतिथि के रुप में पुरस्कार वितरण के लिए आमंत्रित किये गये समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल से सामाजिक सौहार्द और भाईचारा के साथ-साथ देश की एकता और अखंडता भी जुड़ी हुई है | डॉ.मधेपुरी ने हाथ की पाँचों उंगलियों को अलग-अलग खेल, रेल, सिनेमा, हिंदी और महात्मा गांधी बताते हुए कहा कि यह  पांचो तत्व भारत की एकता और अखंडता को हमेशा बनाये रखेगा |

अंत में मुख्य अतिथि डॉ.मधेपुरी ने दौड़ में प्रथम-द्वितीय एवं तृतीय आये उदय कुमार मेहता, शिवकुमार एवं अखिलेश को मोमेंटो एवं सर्टिफीकेट हस्तगत कराया | फिर कबड्डी में विजेता टीम ‘ग्वालपाड़ा’ एवं उपविजेता टीम ‘पुरैनी’ को तथा फुटबॉल में विजेता टीम ‘मिठाही’ एवं उपविजेता टीम ‘जोगवनी’ को अध्यक्षता कर रहे नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक श्री अजय कुमार गुप्ता सहित श्री कुंवर जी, श्री जयकुमार, मो.इसराइल, श्री महेश पासवान आदि सहित डॉ.मधेपुरी द्वारा पुरस्कृत किया गया |

मौके पर माया के अध्यक्ष राहुल यादव, सुधांशु शेखर, ललन कुमार एवं स्थानीय खेल प्रेमी अंत तक मौजूद रहे |

सम्बंधित खबरें


विरासत की श्रेष्ठता अपनाएं तो समाज आगे बढ़ेगा- डॉ.मधेपुरी

मधेपुरा का किरण पब्लिक स्कूल, जो अपनी उत्कृष्टताओं के चलते अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संस्था द्वारा जिले के प्रथम प्रमाणित स्कूल बना, अपने स्थापना काल से ही प्रतिवर्ष हर महीने भिन्न-भिन्न प्रकार की शैक्षिक एवं खेलकूद से संबंधित प्रतियोगिताएँ आयोजित करता है और वर्ष में एक दिन उत्साह के साथ समारोह पूर्वक आयोजित “Prize Distribution Ceremony” में सर्वाधिक अंक व विशिष्ट स्थान प्राप्त करने वाले तीन-तीन छात्र-छात्राओं को चयनित कर प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित किया जाता है |

बता दें कि विभिन्न विधाओं में चयनित छोटे-बड़े सभी छात्रों को पुरस्कृत करने हेतु आयोजित समारोह का शुभारंभ उद्घाटनकर्ता के रूप में SDM संजय कुमार निराला, मुख्य अतिथि समाजसेवी साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी, स्कूल की निदेशिका किरण प्रकाश व प्रबंध निदेशक अमन प्रकाश आदि ने सम्मिलित रूप से दीप प्रज्वलित कर किया |

यह जानें कि अतिथियों के स्वागत व सत्कार के बाद भाषण, वाद-विवाद, क्विज एवं अन्य शैक्षिक विधाओं एवं विभिन्न प्रकार के खेलों में प्रथम-द्वितीय-तृतीय आये प्रतिभागियों को मोमेंटो आदि देकर उद्घाटनकर्ता, मुख्य अतिथि व अन्य द्वारा पुरस्कृत एवं प्रोत्साहित किया गया |

इस अवसर पर उद्घाटनकर्ता एसडीएम ने छात्रों को समय से स्कूल आने की सीख देते हुए अपने स्कूली जीवन की चर्चाएं की | उन्होंने कहा कि एक दिन प्रार्थना समाप्त होने के बाद स्कूल आने पर उन्हें अकेले प्रार्थना करना पड़ा था, तब से वे सदा समय पर स्कूल आते रहे, कभी लेट नहीं हुए |

मुख्य अतिथि डॉ.मधेपुरी ने अपनी विरासत की श्रेष्टताओं की चर्चा करते हुए आधुनिक बिहार के निर्माता एवं प्रथम विधि मंत्री (बिहार) शिव नंदन प्रसाद मंडल की चर्चा की एवं बच्चों से यही कहा कि वे हमेशा यही चिंतन किया करते थे –

“…..No Soul should remain uneducated on the Earth.”

डॉ.मधेपुरी ने अपने संबोधन में कहा कि किरण पब्लिक स्कूल के संस्थापक जयप्रकाश बाबू भी अपनी विरासत की ऐसी-ऐसी श्रेष्टताओं को अपना कर ही इस स्कूल की स्थापना की होगी जिसे यहाँ के सभी शिक्षक कर्मियों द्वारा प्रतिदिन ऊंचाई प्रदान किया जा रहा है | उन्होंने समर्पित सभी शिक्षकों को कोटि-कोटि साधुवाद दिया |

मौके पर निदेशिका किरण प्रकाश, प्रबंध निदेशक अमन प्रकाश ने अपने उदगार से बच्चों को प्रोत्साहित किया | प्राचार्य किशोर कुमार ने मंच संचालित किया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी किया |

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा की बेटी ‘ललिता’ बनेगी एक दिन पीटी उषा …..!

‘ललिता’ मधेपुरा की बेटी ! पूरा नाम सुमन भारती ‘ललिता’ ! अभावों का कुबेर है वह !  21 वर्षीय ललिता ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के बूते कोई भी मंजिल पाई जा सकती है |

बता दें कि 1997 में जन्म ग्रहण करने वाली ललिता के सिर से 2000 आते-आते माता-पिता का साया उठ गया | उसके बाद ललिता के पालनहार बने नाना-नानी को भी 2008 में आई कुसहा त्रासदी ने छीन ली | और तब से ललिता की जिंदगी में शुरू हुए संघर्ष का दौर आज तक जारी है लेकिन उसके जुनून के सामने कोई टिक नहीं पाता है | छोटी सी उम्र में अनाथ होने के बावजूद ललिता के अंदर कभी जज्बे की कमी नहीं रही | तब से जख्मों पर मरहम लगा-लगाकर ट्रैक पर नंगे पाँव दौड़ लगाती रही ललिता | मधेपुरा की बेटी अब कोसी का ही नहीं बल्कि बिहार का भी नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रही है |

यह भी जानिये कि मैराथन दौर में राष्ट्रीय स्तर पर 5 मेडल हासिल करने वाली ललिता राज्य स्तर पर 7 बार गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी है | राष्ट्रीय फलक पर कोसी का नाम रोशन करने के बाद ललिता का अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना है |

यह भी बता दें कि जहाँ 2013 में भारतीय रेल द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता एवं 2014 में ऑल इंडिया सोसाइटी की प्रतियोगिता में ललिता विनर व रनर रही वहीं 2015 के नेशनल एथलेटिक्स में प्रथम स्थान पाकर ललिता ने बिहार का नाम रोशन किया | फिर जहां 2016 में नेशनल मैराथन में गोल्ड मेडल जीतकर बिहार का परचम लहराया वहीं 2017 में पटना के गांधी मैदान में आयोजित मैराथन की विनर बनी और बंगाल में आयोजित नेशनल एथलेटिक्स की रनर रही |

ऐसी धाविका को मदद के रेस में सरकारी तंत्र भी रह जाता है पीछे, तभी तो रनिंग ट्रैक पर कमाल करने और धमाल मचाने के लिए नाइट गार्ड की नौकरी करनी पड़ती है ललिता को | फिलहाल मधेपुरा जिला के डंडारी गाँव में माता स्व. मीरा एवं पिता स्व. लक्ष्मी यादव के घर जन्मी अनाथ ललिता को उत्साहित एवं प्रोत्साहित करने के लिए गुरु सह कोच शंभू कुमार हैं जिसे ललिता अपने जीवन का आदर्श मानती है |

सम्बंधित खबरें


106 दीपों की श्रृंखला प्रज्वलित कर मनेगा गौरवशाली बिहार दिवस- डीएम

डायनेमिक डीएम मो.सोहैल (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में समाहरणालय सभा कक्ष में 5 मार्च को आयोजित बैठक में पदाधिकारियों एवं गणमान्यों द्वारा दो दिवसीय ‘बिहार दिवस’ को हर्षोल्लास के साथ समारोह पूर्वक मनाये जाने का निर्णय लिया गया |

बता दें कि जिले के सभी विद्यालयों के बच्चे-बच्चियों द्वारा 22 मार्च को प्रभात फेरी निकाली जायेगी जिसमें बिहार के गौरव को बढ़ाने वाले नारे लगाये जायेंगे | प्रभात फेरी में बच्चों के हाथ में तख्तियों पर बाल विवाह बन्दी, दहेज बन्दी, नशान्दी के साथ-साथ शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों सहित आधुनिक बिहार के विकास का गौरवगान भी किया जायेगा | हर आम व खास जन स्वच्छता अभियान के साथ-साथ वन विभाग से सहयोग लेकर अपने-अपने क्षेत्र में वृक्षारोपण भी करेंगे |

यह भी जानिये कि शाम में सरकारी भवनों को नीली रोशनी से सजाया जायेगा | साथ ही आमजन को भी जानकारी दी जा रही है कि वे अपने-अपने भवन पर भी 106 दीपों की श्रंखला प्रज्वलित कर बिहार की गरिमा को गौरवान्वित करें | गांव में चौपाल एवं शहर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाय | प्रखंडस्तर से लेकर जिला स्तर तक दो दिवसीय विकास मेला, कृषि मेला, खेलकूद एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया | मेला में मनरेगा, जीविका……. आदि के अतिरिक्त सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाया जायेगा | खेलकूद प्रतियोगिता महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के लिए आयोजित किया जाएगा | ये सारे आयोजन कला संस्कृति एवं युवा निदेशालय के गाइड लाइन के आलोक में होगा |

दो दिनों के कार्यक्रमों को आकर्षक बनाने हेतु स्थानीय कलाकारों एवं बाहर के नामचीन कलाकारों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुति किये जाने का निर्णय लिया गया | साथ ही कला स्थायी समिति के सदस्य मो.शौकत अली के प्रस्ताव मुशायरा व कवि सम्मेलन एवं डीआरडीए उद्यान में झल्लू बाबू की प्रतिमा की स्वीकृति के साथ-साथ स्थाई समिति के सदस्य व समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी के प्रस्ताव “जिला अतिथि गृह के पूरब वाले अनामित पार्क” का नाम महामहिम डॉ.कलाम पार्क और सामने वाले चिल्ड्रेन पार्क को शहीद चुल्हाय चिल्ड्रन पार्क “नामित करने के प्रस्ताव की सहमति के साथ जिलापदाधिकारी मो.सोहैल ने कहा कि शहीद पार्क होने से शहीद दिवस और कारगिल दिवस मनाने हेतु उपयुक्त स्थान हो जायेगा | साथ ही डॉ.मधेपुरी के प्रस्ताव- “जिले के जो क्रान्तिवीर आजादी के आंदोलन में शहीद हुए हैं और उद्यतन जो सैनिक देश की रक्षा के लिए शहीद हुए हैं उनका नाम शिलापट्ट पर अंकित हो”- को अध्यक्ष ने स्वीकृति देते हुए सक्षम पदाधिकारी को निर्माण करने हेतु निर्देश दिया और डॉ.मधेपुरी से शहीदों के नाम उपलब्ध कराने का अनुरोध किया |

कलाकारों के चयन हेतु डीडीसी मुकेश कुमार की अध्यक्षता में 9 सदस्यीय कमेटी गठित की गई | इस अवसर पर जिले के कप्तान विकास कुमार (आई.पी.एस.) एवं एसडीएम संजय कुमार निराला ने कहा कि समस्त कार्यक्रमों में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी | शांति व्यवस्था पर हरवक्त प्रशासन की नजर रहेगी |

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा रेल फैक्ट्री से ट्रायल पर बाहर निकला पहला इंजन

मधेपुरा ग्रीन फील्ड रेल फक्ट्री में बना पहला AC विद्युत इंजन आखिर ट्रायल पर कारखाने से बाहर निकल ही गया | बता दें कि दौरम मधेपुरा स्टेशन के मुख्य रेल लाइन से कारखाना जानेवाला 2 किलोमीटर लंबी ट्रैक पर ट्रायल पर निकला पहला एससी विद्युत इंजन को देखने के लिए आसपास के नर-नारियों एवं बच्चे-बूढ़ों की भीड़ जुट गई जबकि 120 किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाला इंजन ट्रायल के समय मात्र 30 किलोमीटर की रफ्तार से ही दौड़ रहा था | ट्रायल के बाद इंजन पुन: रेल कारखाना लौट गया |

मधेपुरा रेल फैक्ट्री के डिप्टी चीफ इंजीनियर के.के.भार्गव ने ट्रायल को सफल बताते हुए मधेपुरा अबतक को बताया कि दो पार्ट में बटे इंजन को जोड़कर एक इंजन तैयार किया गया है | 12,000 हॉर्स पावर का एक एसी विद्युत इंजन तैयार किये जाने की जगह छह-छह हज़ार हार्स पावर के दो पार्ट को मिलाकर तैयार किया गया है | श्री भार्गव ने कहा कि इंजन चलाने के लिए चालक दोनों तरफ होते हैं, बीच में नहीं | उन्होंने यह भी कहा कि पहले जहाँ भारत में साढ़े तीन हजार टन वजन खींचने वाला इंजन बनता था वहीं मधेपुरा रेल फैक्ट्री में यह 6,000 टन वजन खींचने वाला इंजन बनकर ट्रायल पर निकला है |

यह भी जानिए कि ट्रायल पर निकले इस रेल इंजन की लंबाई लगभग 35 मीटर है जो दो पार्ट में बना है | अलग तरह का रेल इंजन चलता देखकर लोगों की भीड़ जुटना स्वाभाविक है | तभी तो दर्शक दनादन इस इंजन का अपने-अपने मोबाइल में तस्वीर कैद करने लगे |

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा के लाल दीपक प्रकाश किलकारी खेल अवार्ड से सम्मानित

मधेपुरा जिले के घैलाढ़ प्रखंड के परमानपुर गाँव का रहने वाला युवा है दीपक प्रकाश रंजन | रंजन बैडमिंटन को अपना जीवन समर्पित कर दिया है | दीपक लगभग 14 वर्षों से बैडमिंटन से जुड़ा है | वह बैडमिंटन में जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर के अनेक प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर चुका है |

बता दें कि ग्रामीण क्षेत्र में जन्मा, पला व बढ़ा लड़का दीपक रंजन बिहार सीनियर बॉल बैडमिंटन टीम के सदस्य होने के साथ-साथ सब-जूनियर, जूनियर विद्यालय एवं महाविद्यालयों के खिलाडियों को अपने प्रशिक्षण के माध्यम से तरासने व आगे ले जाने में तल्लीन रहता रहा है |

यह भी जानिये कि हाल ही में किलकारी बिहार बाल भवन पटना द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्मश्री उषा किरण खान एवं संस्था किलकारी की निदेशिका ज्योति परिहार ने प्रशिक्षक दीपक प्रकाश रंजन को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया है |

यह भी बता दे कि दीपक प्रकाश अब तक कई राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन प्रतियोगिता में अपनी लोहा मनवा चुका है | वे बैडमिंटन के मंजे हुए प्रशिक्षक हैं | दीपक के माता-पिता अपने लाल के कारनामों पर बेहद प्रसन्न हैं | पुलिस विभाग में कार्यरत पिताश्री शिवकुमार यादव एवं वार्ड सदस्या माताश्री सुलोचना देवी भी अपने कार्यों के प्रति समर्पित रहने के कारण काफी लोकप्रिय बने हुए हैं |

सम्बंधित खबरें