पृष्ठ : मधेपुरा अबतक

बनें श्रृंखला के भागीदार……. नशामुक्त बने बिहार !

बिहार की नीतीश सरकार द्वारा शराबबंदी के समर्थन में यह आह्वान किया गया था कि राज्य के बच्चे-बूढ़े एवं माता-बहनें सभी 21 January को 10:00 से 10:30 तक अपने-अपने घर के सामने मानव श्रृंखला (Human Chain) का हिस्सा बनेंगे जिसका समय अब 12:15 से 1:00 बजे तक बदल दिया गया है |

यह भी बता दें कि मानव श्रृंखला को सफल बनाने हेतु जिले से लेकर पंचायत के गांव-गांव एवं टोले-टोले तक में संयोजक समितियां बनने लगी तथा श्रृंखला में शामिल होने के लिए घर-घर निमंत्रण दिया जाने लगा | हर डगर, हर मोड़ पर एक दूसरे से यही कहते सुने जाते हैं- बनें श्रृंखला के भागीदार……. नशामुक्त बने बिहार ! और अब तो चौक-चौराहों से लेकर चाय-पान की दुकानों पर लोग यही कहते हैं- ऐतिहासिक होगी मानव श्रृंखला ! और दो करोड़ से अधिक लोग होंगे समर्थन श्रृंखला में शामिल !!

यह भी जानिए कि 11 हजार किलोमीटर से भी अधिक लंबी बननी है शराबबंदी (Liquor  Ban in Bihar) के समर्थन में मानव श्रृंखला जिसमें होंगे दो करोड़ से अधिक जागरुक बिहारवासी के लगभग 5 करोड़ कर्मठ हाथ | गौरतलब है कि इस मानव श्रृंखला की सेटेलाइट से तस्वीर ली जानी  है | दो दिनों से राज्य के मुख्य सचिव ने इसरो(ISRO) की टीम के साथ ‘ तारामंडल ’ में बैठक की, विचार-विमर्श किया तथा ऐतिहासिक मानव श्रृंखला की तस्वीर सेटेलाइट द्वारा लेकर बिहार की इतनी लंबी मानव श्रृंखला का विश्व रिकॉर्ड ( World Record of Human Chain) बनाकर देश-दुनिया को एक नया संदेश देंगे |

बता दें कि 3 सेटेलाइट के जरिये मानव श्रृंखला की तस्वीर ली जायेगी | छह हेलीकॉप्टर बिहार के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण करेंगे जिससे निगरानी के साथ-साथ वीडियो रिकॉर्डिंग भी होगी | 30 मिनट की फिल्म भी बनेगी |

Madhepura SDM Sanjay Kumar Nirala motivating people at Kumarkhand.
Madhepura SDM Sanjay Kumar Nirala motivating people at Kumarkhand.

यूँ तो मधेपुरा जिले के डायनेमिक डी.एम. मो.सोहैल (DM Md.Sohail) की टीम भी कमर कस ली है कि इस बार भी मधेपुरा इतिहास का हिस्सा बनेगा | तभी तो सदर अनुमंडलाधिकारी संजय कुमार निराला मानव श्रृंखला की सफलता हेतु कुमारखंड प्रखंड में पूर्वाभ्यास में मुस्तैद देखे गये | तमाम पदाधिकारियों के साथ, जो मानव श्रृंखला शंकरपुर से होकर कुमारखंड में जुड़ेगी, उसका स्थल निरीक्षण एस.डी.एम. संजय कुमार निराला ने किया | मौके पर डीसीएलआर रवि शंकर शर्मा, बीडीओ डॉ.मणिमाला कुमारी, सीओ मनोज वर्णवाल, एम ओ चंदन कुमार, पी.ओ. भोला दास, बीईओ अमरेन्द्र ठाकुर, जे.ई.पीके  प्रवीण एवं एलएस आदि पदाधिकारीगण मौजूद देखे गये | सभी अनुमंडलों एवं प्रखंडों में मानव श्रृंखला की तैयारी जोरों पर है |

सूबे के मुखिया नीतीश कुमार की “ सात निश्चय “ यात्रा भी तो युवाओं को जागृत करने में लगी है | हर जगह चर्चा हो रही है- सेटेलाइट ही श्रृंखला का फोटो खींचेगा, हेलीकॉप्टर निगरानी करेगा, श्रृंखला टूटने का भी चित्र ड्रोन द्वारा लिया जायगा | इसरो के वैज्ञानिकों- बी.नरेंद्र, पी श्रीनिवासन, डॉ.डी.गुप्ता, वाई के श्रीवास्तव आदि के निरीक्षण में कार्यक्रम संचालित होगा |

शराबबंदी की घोषणा के बाद से आपराधिक घटनाओं जैसे- हत्या, लूट, डकैती, फिरौती, बलात्कार आदि में आ रही कमी की चर्चाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा हैं | कुछ विपक्षी पार्टियों को छोड़कर शेष सभी राजनीतिक पार्टियां तो शराबबंदी को समाजिक क्रांति कहने लगी है |

सम्बंधित खबरें


कोसी के अतिचर्चित गीतकार ‘सुधाकर’ हुए सम्मानित !

कोसी अंचल के सुमधुर गीतों के संवेदनशील गायक ही नहीं बल्कि प्रेम और सौंदर्य, विरह और मिलन, आशा और निराशा के गीतों के साथ-साथ दर्द और पीड़ा के महानगायक सुबोध कुमार सुधाकर को कौशिकी क्षेत्र हिन्दी साहित्य सम्मेलन के सचिव डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर अंगवस्त्रम, पाग व पुष्पगुच्छादि के अतिरिक्त “कौशिकी साहित्य रत्न” से भी सम्मानित किया गया | समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार हरिशंकर श्रीवास्तव शलभ ने की तथा उद्घाटन पूर्व सांसद व संस्थापक कुलपति डॉ.रमेन्द्र कुमार यादव रवि ने |

इस सम्मान समारोह में कोसी के तीनों जिले के मूर्धन्य साहित्यकारों की भावपूर्ण उपस्थिति देखी गयी | जहां सुपौल जिले के साहित्यकार ध्रुव नारायण सिंह ‘राई’, शंभु नाथ अरुणाभ, अलका वर्मा डॉ.विश्वनाथ सर्राफ दिखे वहीं सहरसा-मधेपुरा के डॉ.अरविंद श्रीवास्तव, डॉ.विश्वनाथ विवेका. डॉ.शांति यादव, डॉ.विनय कुमार चौधरी, डॉ.सिद्धेश्वर काश्यप सहित मंडल विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर हिन्दी के विभागाध्यक्ष डॉ.इंद्र नारायण यादव की गरिमामयी उपस्थिति अंत तक बनी रही | सबों ने सुकवि सुधाकर के गीतों की चतुर्वेणी की जी भर कर सराहना की |

आरंभ में सुकवि सुधाकर ने अपनी विभिन्न काव्य पुस्तकों- बीन के तार, खोल तरी पतवार, चल नदिया के पार आदि से दर्जनों प्रेम-सौंदर्य एवं दर्द-पीड़ा के गीतों का ‘एकल काव्य पाठ’ किया और जमकर तालियां बटोरी |

जहां एक ओर भू.ना.मंडल विश्वविद्यालय के विद्वान संस्थापक कुलपति डॉ.आर.के. यादव ‘रवि’ ने उनके गीतों की शास्त्रीय समीक्षा की और प्रेम को सर्वाधिक व्यापक बताया, वहीं दूसरी ओर उन्होंने माता और पुत्र के बीच प्रेम; पति-पत्नी के बीच ‘प्रेम’ के साथ-साथ धरती के कण-कण में ‘प्रेम’ की व्यापकता को विस्तार से प्रदर्शित किया |

यह भी बता दें कि जहां अध्यक्ष कवि शलभ ने कहा कि सुधाकर के गीतों में आह्लाद और अवसाद के सरस समन्वय हैं जो उनके कोमल व्यक्तित्व को प्रतिबिंबित करते हैं वहीं तिलकामांझी विश्वविद्यालय में प्रतिकुलपति रहे डॉ.के.के.मंडल, सुरेंद्र भारती, प्राचार्य श्यामल किशोर यादव एवं मिश्रीलाल आदि ने सुकवि सुबोध के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर भरपूर प्रकाश डालते हुए उनकी सृजनात्मक ऊर्जा की सराहना की |

समारोह में सुधी श्रोता के रूप में कविवर सुधाकर के सम्मान में अंत तक अपनी उपस्थिति बनाये रखनेवाले मान्य साहित्यानुरागियों सहित सियाराम यादव मयंक, प्राण मोहन यादव, रंगकर्मी विकास कुमार, पूर्व सैनिक दिलीप कुमार, संतोष कुमार सिन्हा, रघुनाथ यादव, डॉ.सुरेश कुमार भूषण सहित तुलसी पब्लिक स्कूल के निदेशक एवं कौशिकी के उप सचिव श्यामल कुमार सुमित्र की पूरी टीम को सम्मेलन के सचिव डॉ.मधेपुरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया |

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा में अब इंग्लिश के साथ हिन्दी स्पेलिंग बी.चैंपियनशिप भी !

स्पेलिंग बी.चैंपियनशिप (Spelling Bee Championship) के बैनर तले आरंभ में केवल इंग्लिश में लेकिन अब (पूर्व में यहां के आरक्षी अधीक्षक रहे कुमार आशीष के विशेष आग्रह पर) हिन्दी में भी जिले के सभी स्कूलों के 1 से 10 वर्ग तक के 6 ग्रुपों- किडोस-1, किडोस-2, सब जूनियर (वर्ग 3 & 4), जूनियर (वर्ग 5 & 6), सीनियर (वर्ग 7 & 8) एवं सुपर सीनियर (वर्ग 9 & 10) के स्कूली बच्चों के बीच द्वितीय अंतर विद्यालय हिन्दी शब्द स्पर्धा दिसंबर माह में आयोजित किया गया था जिसमें 625 प्रतियोगी बच्चे शरीक हुए थे |

Dr.Madhepuri encouraging the kids in the final exam of Hindi Spelling Bee Championship 2016 at the campus of Samidha Groups , Madhepura
Dr.Madhepuri encouraging the kids in the final exam of Hindi Spelling Bee Championship 2016 at the campus of Samidha Groups , Madhepura.

बता दें कि आयोजन समिति के सचिव सावंत कुमार रवि, सोनी राज, अमित कुमार अंशु आदि ने दिनांक 8 जनवरी 2017 का स्थानीय समिधा ग्रुप ( Samidha Group ) के सभा भवन में 625 में से चयनित 60 प्रतियोगी बच्चे-बच्चियों की फाइनल लिखित व मौखिक परीक्षाएं ली | जांचोपरांत छहों ग्रुपों में से प्रत्येक ग्रुप के 10 में से 3- प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किये गये 18 प्रतिभागियों को विशेष रुप से पुरस्कृत किये जायेंगे तथा शेष 42 प्रतिभागियों को इस “हिन्दी स्पेलिंग बी.चैंपियनशिप” में सम्मिलित होने के उपलक्ष में आयोजित समारोह में “Participation Certificate” प्रदान किये जायेंगे |

Dr.Bhupendra Narayan Madhepuri & Sawant Ravi amidst the Hindi Spelling Bee Kids at Samidha Groups Hall
Dr.Bhupendra Narayan Madhepuri & Sawant Ravi amidst the Hindi Spelling Bee Kids at Samidha Groups Hall.

पुरस्कार वितरण समारोह के उद्घाटनकर्ता होंगे एसपी विकास कुमार (भारतीय पुलिस सेवा) एवं मुख्य अतिथि होंगे समाजसेवी व संरक्षक डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी एवं अध्यक्षता करेंगे Bhupendra Narayan Mandal University (BNMU) के कुलानुशासक डॉ.विश्वनाथ विवेका | समय एवं तारीख की जानकारी कार्यालय कार्यकाल में दे दी जाय |

यह भी बता दें कि परीक्षा समाप्ति के बाद संस्थान के संरक्षक Dr.Madhepuri ने बच्चों के बीच आकर अपनी पुस्तक- “छोटा लक्ष्य एक अपराध है” (Small Aim is a Crime) के कुछ उद्धरणों से उपस्थित बच्चों को रू-ब-रू कराते हुए अंत में गाँधीयन मिसाइल मेन (Missile Man of India) Dr.APJ Abdul Kalam के पूरे नाम की जानकारी दी तथा विभिन्न नामों के बीच रिश्तों-संबंधों के बारे में रोचक ढंग से पूछताछ भी की तथा यह कहते हुए हौसला अफजाई भी किया- सफलता के लिए कठिन परिश्रम करना पड़ता है, ऊंचाई पाने के लिए पढ़ना पड़ता है तथा सूरज की तरह चमकने के लिए सूरज की तरह जलना पड़ता है |

सम्बंधित खबरें


मधेपुरा में त्रिदिवसीय भारत लोक रंग महोत्सव आयोजित

भारत सरकार के कला-संस्कृति विभाग के पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता द्वारा मधेपुरा में त्रिदिवसीय “भारत लोकरंग महोत्सव” का आयोजन शहीद चुल्हाय मार्ग स्थित बी.पी. मंडल टाउन हॉल में 4-6 जनवरी 2017 तक महेन्द्र कुमार एवं सुभाष चंद्र की पूरी टीम के सहयोग से किया गया |

यह भी बता दें कि जहाँ पटना में गुरु गोविंद सिंह के 350वें प्रकाश-पर्व पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल खोलकर सीएम नीतीश कुमार की सराहना की वहीं मधेपुरा में एसपी विकास कुमार, डी.डी.सी मिथिलेश कुमार एवं समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी सहित श्यामल किशोर यादव, वार्ड पार्षद श्वेत कमल उर्फ़ बउवाजी ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया तथा उड़ीसा, महाराष्ट्र एवं असम-बिहार आदि से आये संस्कृति प्रेमी पुरुष व महिला कलाकारों के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की |

Artists from Rajasthan performing in Bharat Lok Rang Mahotasav at BP Mandal Nagar Bhavan, Madhepura
Artists from Rajasthan performing in Bharat Lok Rang Mahotasav at BP Mandal Nagar Bhavan, Madhepura

इस अवसर पर जहाँ डी.डी.सी. मिथिलेश कुमार एवं आरक्षी अधीक्षक विकास कुमार ने भारतीय कला एवं संस्कृति को ऊंचाई देने एवं अक्षुण्ण रखने के लिए लोकरंग महोत्सव की आवश्यकता पर बल दिया वहीँ समाजसेवी डॉ.मधेपुरी ने स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया |

Marathi Artis Performing Lavani Dance in Bharat Lok Rang Mahotasav at BP Mandal Town Hall, Shahid Chulhaye Marg , Madhepura.
Marathi Artis Performing Lavani Dance in Bharat Lok Rang Mahotasav at BP Mandal Town Hall, Shahid Chulhaye Marg , Madhepura.

जहाँ पहले दिन उड़ीसा के डॉ.बी.साहू ने मुगल तमाशा पर विस्तार से प्रकाश डाला वहीं दूसरे दिन महाराष्ट्र से मंचीय महारत प्राप्त देवानंद ने अपनी सजी-सजायी हुई टीम के साथ नृत्य की धड़कन से श्रोताओं में कंपन पैदा करने में सौ फीसदी कामयाबी हासिल की | पुरानी लोक गाथा पर आधारित ‘तमाशा’ की बेहतरीन एवं रंगीन प्रस्तुति कर खूब बाहवाही लूटी |

अंतिम दिन भी कला संस्कृति को समर्पित महेन्द्र कुमार एवं सुभाष चंद्र आदि ने असाम-बिहार के अंतर्राष्ट्रीय कला-संस्कृति से एक दूसरे को आपस में जोड़ते हुए कहा कि लघुनाटक, नृत्य, गीत-संगीत सहित विलुप्त हो रहे कला-संस्कृति को पुनर्जीवित एवं पुर्नर्स्थापिक करने में पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र एवं उसके निदेशक डॉ.ओम प्रकाश भारती समर्पित होकर इस दिशा में काम कर रहे हैं |

सम्बंधित खबरें


देश की तरक्की के लिए युवा आगे बढ़ें- डॉ. मधेपुरी

भाग-दौड़ भरी जिंदगी के गुजरे वर्षों में साहुगढ़ गांव के एक सेवानिवृत सैनिक दिलीप यादव देश की सेवा करते-करते अब सामाजिक सेवा भी नायाब तरीके से कर लिया करते हैं | विगत 3 वर्षों से जयपालपट्टी चौक पर राधाकृष्ण स्वीट्स कॉर्नर चलाने वाले सैनिक दिलीप यादव अपने आस-पास से दुकान पर आनेवाले युवाओं पर नजर रखते हैं | उनमें देश प्रेम एवं सामाजिक सद्भाव की भावनाओं को परखते हैं | आचरण, विचार एवं व्यवहार में स्वयं को सर्वश्रेष्ठ साबित करनेवाले एक युवा को प्रतिवर्ष समाजसेवी डॉ.भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी द्वारा सम्मानित करवाते हैं |

इस वर्ष भी जब लोग एक-दूसरे को नये वर्ष की शुभकामनाएं प्रेषित कर रहे होते हैं तभी सेवानिवृत्त सैनिक दिलीप यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी शिक्षाविद डॉ.मधेपुरी के कर कमलों द्वारा, सैनिक श्री यादव के मापदंडों पर खड़ा उतरनेवाले, युवाश्री कक्कू कुमार को पुरस्कृत किया जा रहा होता है |

इस अवसर पर शिक्षाविद प्रो.श्यामल किशोर यादव, डॉ.अरुण कुमार एवं वार्ड पार्षद ध्यानी यादव आदि की उपस्थिति में डॉ.मधेपुरी ने कहा कि एक सैनिक द्वारा देश सेवा के बाद इस तरह समाजसेवा करते रहना निश्चय ही अनुकरणीय ही नहीं बल्कि सर्वाधिक प्रशंसनीय कार्य है | इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन करना शहर के लिए अच्छी बात है | उन्होंने कहा कि अपसंस्कृतिवाद की चपेट में आकर युवावर्ग भटकाव की स्थिति में आ गया है- जिससे समाज कमजोर होता जा रहा है | अंत में डॉ.मधेपुरी ने कहा कि देश की तरक्की के लिए युवा वर्ग को आगे आना होगा |

यह भी कि प्रो.श्यामल किशोर यादव, डॉ.अरुण कुमार एवं लोकप्रिय वार्ड पार्षद ध्यानी यादव ने अपने संबोधनों में यही कहा कि उपयोगी होने के बावजूद मोबाइल एवं कंप्यूटर के गलत इस्तेमाल से युवावर्ग द्वारा देश की तरक्की के लिए मिलनेवाली शक्ति कमजोर पड़ रही है | सबों ने बेहतर कल के लिए इस तरह के कार्यक्रमों की सराहना की | मौके पर प्रो.हरेकृष्ण यादव, पारो यादव, आनंद अग्रवाल, सीताराम यादव, शंभू यादव, ललन यादव, गजेंद्र-अभिषेक-श्रवण, सिंटू, विक्की आदि की उपस्थिति में वार्ड नंबर 18 के एक युवा कुणाल राज को भी विशेषरूप से सम्मानित किया गया |

                        (साभार दैनिक जागरण)

सम्बंधित खबरें


मेहनतकशों की पीड़ा को महसूसता रहा दुष्यन्त !

किसान संसद के अध्यक्ष आद्यानंद यादव एवं सचिव शंभू शरण भारतीय द्वारा गजलकार दुष्यंत कुमार की पुण्यतिथि समारोह डी.आर.डी.ए. के झल्लू बाबू सभागार में आयोजित किया गया जिसका शुभारंभ तो किया डीडीसी मिथिलेश कुमार ने परंतु मुख्य अतिथि के रुप में डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी, रुपेश रूपक, शम्भू नाथ अरुणाभ, ध्रुव नारायण सिंह राई, डॉ.विश्वनाथ सर्राफ, अभिनंदन मंडल, सियाराम मयंक, ई.हरिश्चंद्र मंडल सहित सभी कवियों की कविताओं एवं गज़लों में दलितों शोषितों और मेहनतकश किसानों की आहत भावनाओं की स्पष्ट झलक अंत तक देखने को मिलती रही |

मौके पर जिला आदिवासी कला केंद्र के संस्थापक संजय कुमार सहित भित्ति चित्रकला को कागज एवं कैनवास पर करीने से अंकित करने की मुहिम में जुटे रेखा टुडू, अनीता मुर्मू, चांदमुनी मुर्मू, सुनिता हांसदा, सूरजमुनी सोरेन, खुशबू बास्की, सुनीता मरांडी, सुनीता हसदा एवं सुनीता बास्की की पेंटिंग की सराहना की गयी तथा डीडीसी मिथलेश कुमार द्वारा अंगवस्त्रम एवं नगद राशि भेंटकर उन्हें सम्मानित किया गया |

यह भी बता दें कि एस.सी.ई.आर.टी. के- कला समेकित अधिगम शिक्षण प्रणाली में जिला प्रतिनिधि सुजीत कुमार सिंह, औषधीय किसान रामदेव रमण सहित आनंद कुमार, उमेश कुमार, भारती कुमारी, डॉ.सुरेश भूषण, मधुमाला भारतीय, श्वेता शरण भारतीय, दीपशिखा भारतीय, गोलू कुमार, वशिष्ठ कुमार, सोनू कुमार सुमन सहित दर्जनों दर्शकों की उपस्थिति में जहां अभिनंदन मंडल और डॉ.विश्वनाथ सर्राफ के गीत-गजल तालियां बटोरती रहीं वहीं सचिव शंभू शरण भारतीय एवं उनके गुरु डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी की गजलें सुधी श्रोताओं को गम्भीर चिंतन की गहराई में उतारती रही ।

काफी देर तक चले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जहां किसान संसद के अध्यक्ष आद्यानंद ने की, वहीं संचालन सचिव शंभू शरण भारतीय तथा धन्यवाद ज्ञापन रामदेव रमण ने किया |

 

सम्बंधित खबरें


बी.एन. मंडल स्टेडियम में प्रदर्शनी व डिजनीलैंड मेला

जिला मुख्यालय स्थित बी.एन. मंडल स्टेडियम में विशाल प्रदर्शनी सह डिजनीलैंड मेला का उद्घाटन एएसपी राजेश कुमार एवं एसडीएम संजय कुमार निराला ने किया । डिजनीलैंड मेला 18 जनवरी तक आयोजित की जायेगी |डिजनीलैंड मेला सह हस्तशिल्प प्रदर्शनी में यूपी, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, असम, राजस्थान, पश्चिम बंगाल के हैंडीक्राफ्ट के उत्पाद का स्टॉल लगाया गया है ।

यह भी बता दें कि सहारनपुर के हैंडीक्राफ्ट, असम का बम्बू हस्तशिल्प, यूपी के कारपेट व गलीचा, पश्चिम बंगाल के जूट के उत्पाद व आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मुंबई के मशहूर अत्याधुनिक उत्पाद मेले का आकर्षण का केंद्र बिंदु होगा ।

इस आशय की जानकारी देते हुए मधेपुरा अबतक को डिजनीलैंड के प्रबंधक रंजीत साहा ने बताया कि मधेपुरा शहर में पहली बार इस तरह के मेले का आयोजन किया जा रहा है । इसमें देश के विभिन्न राज्यों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जा रही है ।

डिजनीलैंड मेला में खाने-पीने के विभिन्न प्रकार स्टॉल लगाए गए हैं । वही दो दर्जन से अधिक प्रकार के झूले भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा । प्रदर्शनी सह डिजनीलैंड मेला के प्रबंधक ने बताया कि दिन के 2:00 बजे से रात के 8:00 बजे तक मेला का संचालन होगा ।

अंत में जहाँ एसडीएम संजय कुमार निराला ने दर्शकों से यही कहा कि मेला सामाजिक सद्भावना को बल देता है वहीँ एएसपी राजेश कुमार ने पूर्ण सुरक्षा की गारेंटी देते हुए कहा कि 8 बजे रात तक बेख़ौफ़ मेला में घूमिये-फिरिए और मनोरंजन कीजिये | उन्होंने कहा कि सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है |

सम्बंधित खबरें


उठाओ कलम ! सरकलम हो रहा है……..!!

भारतीय जन लेखक संघ के बैनर तले राष्ट्रीय परिसंवाद सह कवि सम्मेलन का आयोजन टी.पी. कॉलेजिएट के प्रांगण में किया गया | स्कूली बच्चियों द्वारा दिल्ली से आये साहित्यकार प्रो.रतन लाल, प्रो.सूरज मंडल, मध्य प्रदेश भोपाल से प्रो.प्रतिमा यादव, सचिव श्री अवधेश सिंह, झारखंड से प्रो.विकास कुमार सहित बिहार के विभिन्न जिलों से पधारे नामचीन साहित्यानुरागियों के स्वागत में सुमधुर स्वर के साथ स्वागतगान प्रस्तुत किया गया | साथ ही जलेस के राष्ट्रीय महासचिव महेन्द्र नारायण पंकज व जिला सचिव गजेंद्र कुमार द्वारा आगत अतिथियों का अंगवस्त्रम-सम्मानपत्रम के साथ भावपूर्ण स्वागत-सत्कार किया गया | लगे हाथ सुकवि जयकांत ठाकुर ने सम्मेलन में पधारे सभी कलमजीवियों को अपने मार्मिक शब्दों एवं सर्वोत्कृष्ट भावों से लैस गीत- “उठाओ कलम ! सरकलम हो रहा है……!!” गाकर सर्द मौसम में भी गर्माहट पैदा कर दिया |

जहां उद्घाटनकर्ता के रूप में हिन्दू कॉलेज दिल्ली के प्रो.(डॉ.)रतन लाल ने संविधान एवं परंपराओं की चर्चाएं विस्तार से करते हुए अपने संबोधन में कहा कि मन में बैठे मनुवादी विचारों का दहन करना जरूरी है वहीं उन्होंने बुद्धिजीवी लेखकों के अंतर्मन में विरोध के तेवर होने की चर्चा करते हुए यह भी कहा कि इतिहास हमें नजरअंदाज करने का खेल खेल रहा है |

Dr.Shanti Yadav receiving Angabastram & Certificate by Dr.Pratima Yadav of Bhopal, Madhya Pradesh.
Dr.Shanti Yadav receiving Angabastram & Certificate by Dr.Pratima Yadav from Bhopal, Madhya Pradesh.

मुख्य अतिथि के रुप में मध्य प्रदेश (भोपाल) से आई विदुषी डॉ.प्रतिमा यादव ने जहां अपने सारगर्भित संबोधन में किस्से एवं कहानियों का उदाहरण देते हुए यही कहा कि धीरे-धीरे क्रांति यात्रा शव यात्रा में बदल जाती है वहीं डॉ.यादव ने संदेश स्वरूप यही कहा कि उच्च मानव की श्रेणी में आने की कोशिश निर्भीकतापूर्वक करनी चाहिए तथा मेहनत करके अपनी मुकाम हासिल करने का हौसला भी बनाये रखना चाहिए तभी मुख्यधारा से बिछड़े हुए साहित्यकारों की सृजनात्मक पहचान बन पायेगी |

जहां भाजलेस के राष्ट्रीय महासचिव महेन्द्र नारायण पंकज के समर्पण की सबों ने सराहना की वहीं श्री पंकज ने संगठन के उद्देश्यों की जानकारी सभी लेखनकर्मियों को विस्तार से दी |

Audience enjoying the performances of the function.
Audience enjoying the performances of the function.

यह भी बता दें कि जहां सचिव अवधेश सिंह, डॉ.शांति यादव, प्रो.श्यामल किशोर यादव, डॉ.सूरज मंडल, डॉ.विनय कुमार चौधरी सहित अन्य साहित्यसेवियों ने पिछड़े-आंदोलनों को प्रवाह देने के लिए साहित्य लेखन की चर्चा की और संकल्प लिया वहीं सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे डॉ.इन्द्र नारायण यादव व स्वागताध्यक्ष के रूप में विद्यालय प्रधान डॉ.सुरेश कुमार भूषण ने यही कहा कि भविष्य में साहित्यिक-लेखन को मजबूती प्रदान करने हेतु हमें जूझना होगा |

इस अवसर पर हरिश्चन्द्र मंडल, जयकांत ठाकुर, प्रो.दयानंद, डॉ.जगदीश नारायण प्रसाद, डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी, डॉ.अविनाश कुमार आदि ने अपने विचार व्यक्त किये |

दूसरे सत्र में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ.शांति यादव एवं संचालन प्रमोद कुमार सूरज ने किया | देर रात तक सुरेंद्र भारती, अलका वर्मा, अनुपम जी, संतोष सिन्हा, शंभू शरण भारती, राकेश कुमार द्विजराज एवं दूर-दूर से आये युवा कवियों ने भी अपनी मनभावन प्रस्तुति से श्रोताओं का मनोरंजन करते रहे |

सम्बंधित खबरें


पप्पू ने कहा पहले नीतीश लालू की संपत्ति की जांच कराएं

मधेपुरा के सांसद और जनअधिकार पार्टी के संरक्षक राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा है कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सही मायने में बेनामी संपत्ति को बाहर लाना चाहते हैं तो पहले आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार सहित अपनी पार्टी के विधायकों और सांसदों की संपत्ति की जांच कराएं। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो बेनामी संपत्ति के नाम पर उनका कुछ कहना लोगों की आँखों में धूल झोंकने के बराबर होगा। गौरतलब है कि पप्पू ने ये बातें रविवार को पटना में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में कही।

लालू-नीतीश पर निशाना साधने के साथ-साथ पप्पू ने भाजपा को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मांग की कि भाजपा द्वारा विभिन्न जिलों में पार्टी कार्यालय खोले जाने के लिए खरीदी गई जमीन की जांच हो। उन्होंने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से तमाम राजनीतिक पार्टी को आरटीआई के दायरे में लाने के लिए कानून बनाने और राजनीतिक दलों के खातों की निगरानी की भी मांग की।

नोटबंदी के मुद्दे पर जनअधिकार पार्टी के संरक्षक ने कहा कि केन्द्र सरकार ने कालाधन के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर 500 और 1000 रुपये पर रोक लगाकर आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि सरकार को नोटबंदी को लेकर हाईकोर्ट द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी के कारण उद्योग और व्यवसाय ठप्प पड़ गया और एक बड़ी आबादी बेरोजगार हो गई है। मधेपुरा के सांसद ने केन्द्र सरकार पर कैशलेस सोसाइटी बनाने के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि देश के कई अर्थशास्त्री ने नोटबंदी को अव्यावहारिक करार दिया है।

प्रेस कांफ्रेस में पप्पू ने घोषणा की कि उनकी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर आगामी 20 दिसंबर को रेल चक्का जाम और 22 दिसंबर को सड़का जाम करेगी।

चलते-चलते पप्पू यादवजी से एक बात पूछे बिना नहीं रहा जा रहा कि आज जिस लालू की सम्पत्ति की जांच कराने वो नीतीश से कह रहे हैं, आज भी उसी लालू की पार्टी से वो संसद में हैं और हाल-हाल तक खुद को उनका ‘राजनीतिक वारिस’ बताते नहीं थक रहे थे। नैतिकता का तकाजा यह है कि वे पहले संसद की सदस्यता से इस्तीफा दें और उसके बाद लालू के लिए जो चाहे बोलें। और जहाँ तक बात भाजपा की है, लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा से उनकी ‘नजदीकियां’ और उसके शीर्ष नेताओं से उनकी ‘मुलाकातें’ कोई छिपी हुई बात नहीं है।

सम्बंधित खबरें


अपने ‘निश्चय’ से मधेपुरा की ‘चेतना’ छू गए मुख्यमंत्री

निश्चय यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल मधेपुरा पहुँचे। उन्होंने यहाँ कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की और स्थानीय बीएन मंडल स्टेडियम में ‘चेतना सभा’ को संबोधित किया। मधेपुरावासियों से अपने ‘विज़न’ को साझा करते हुए उन्होंने एक बार फिर विश्वास दिलाया कि उनके साहसिक और करिश्माई नेतृत्व में मधेपुरा समेत बिहार के सभी जिले विकास के पथ पर अबाध चलते रहेंगे।

गौरतलब है कि शुक्रवार से पूरे राज्य में युवा कौशल विकास कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मधेपुरा में इसका शुभारंभ स्वयं मुख्यमंत्री ने किया। मधेपुरा बायपास रोड स्थित समिधा ग्रुप कम्प्यूटर संस्थान पहुंचकर उन्होंने कौशल विकास केन्द्र तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके उपरान्त बीएन मंडल स्टेडियम में आयोजित चेतना सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के कौशल से बिहार का विकास होगा। युवाओं को प्रतिभा निखारने के लिए कम्प्यूटर की समुचित जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी मात्र 13 प्रतिशत छात्र ही उच्च शिक्षा ले पाते हैं। इसमें बढ़ोतरी के लिए सरकार प्रयासरत है। छात्रों को चार लाख रुपये का क्रेडिट कार्ड दिया जा रहा है। युवाओं को रोजगार खोजने के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपये भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी कॉलेजों में वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। हर जिले में इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक, आईटीआई व पारा मेडिकल कॉलेज तथा जीएनम व एएनएम स्कूल खोले जाएंगे।

सात निश्चय योजना की बाबत मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी सफलता से बिहार की 75 प्रतिशत समस्याएं खत्म हो जाएंगी। आने वाले चार वर्षों में हर घर में शौचालय होगा। हर घर नल का जल होगा। हर गांव की गली पक्की होगी और नालियों का निर्माण होगा। साथ ही हर घर में बिजली का कनेक्शन होगा। इसके लिए सर्वे अंतिम चरण में है और लोगों की सूची बनाई जा रही है।

शराबबंदी को मजबूत निर्णय बताते हुए नीतीश कुमार ने लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि शराबबंदी से समाज का वातावरण बदल गया है। उन्होंने बड़े विश्वास के साथ कहा कि यदि पूरे देश में शराब बंद कर दी जाए तो भारत विकास में चीन को भी पीछे छोड़ देगा। आगे उन्होंने कहा कि 21 जनवरी को शराबबंदी के दूसरे चरण की शुरुआत विशाल मानव-श्रृंखला के साथ की जाएगी जिससे बिहार का संदेश पूरे विश्व में जाएगा।

अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने मधेपुरा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया तथा सुखासन गांव में सात निश्चय के तहत हो रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। सुखासन जाने के क्रम में वे मधेपुरा के पूर्व सांसद स्वर्गीय आरपी यादव के तुनियाही स्थित समाधि स्थल भी गए। शाम में उन्होंने स्थानीय झल्लू बाबू सभागार में अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।

शुक्रवार के अतिव्यस्त कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने मधेपुरा में ही रात्रि विश्राम किया और आज सुबह 9 बजे देवाधिदेव महादेव के दर्शन हेतु सुप्रसिद्ध सिंहेश्वर स्थान गए। विगत कुछ वर्षों से आयोजित हो रहे और इस इलाके के आकर्षण का केन्द्र बन चुके ‘सिंहेश्वर महोत्सव’ का श्रेय उन्हें ही जाता है।

मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान उनके साथ जिले के प्रभारी सह ऊर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव, आपदा प्रबंधन मंत्री प्रो. चन्द्रशेखर, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री अब्दुल गफूर, विधान परिषद के उपसभापति हारून रसीद, विकास आयुक्त शिशिर सिन्हा, डीजीपी पीके ठाकुर, डीएम मो. सोहैल आदि मौजूद रहे। अपने ‘निश्चय’ से मधेपुरा की ‘चेतना’ को छूकर मुख्यमंत्री निश्चय यात्रा के अगले पड़ाव सहरसा के लिए रवाना हो गए।

मधेपुरा अबतक के लिए डॉ. ए. दीप

सम्बंधित खबरें