एसडीएम राजीव रंजन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में उदाकिशुनगंज अनुमंडल का 40वां स्थापना दिवस समारोह 21 मई 2022 (शनिवार) को मनाया गया। कार्यक्रम का आरंभ स्कूली बच्चों के प्रभात फेरी, डीएवी एवं एसबीजेएस आदि विद्यालयों के बीच खेलकूद संपन्न कराया गया। दोपहर बाद देर शाम तक स्कूली बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें उदाकिशुनगंज अनुमंडल का यशोगान किया गया।
बता दें कि तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ.जगन्नाथ मिश्र ने 21 मई 1983 को उदाकिशुनगंज अनुमंडल का उद्घाटन किया था। वर्तमान में स्कूली बच्चे एवं उनके शिक्षकों द्वारा शिक्षा का अधिकार, नशा मुक्ति एवं दहेज उन्मूलन, जल-जीवन-हरियाली, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत आदि के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया।
इसी उदाकिशुनगंज में कुछ महीने पूर्व तक डीसीएलआर ललित कुमार सिंह द्वारा इलाके के युवाओं को मुफ्त कोचिंग दिए जाने के फलस्वरूप अनेक युवजनों को प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफलता मिली। डीसीएलआर ललित कुमार सिंह द्वारा मधेपुरा के समाजसेवी-साहित्यकार डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी को भी क्विज प्रतियोगिता आदि कार्यक्रमों में बुलाया जाता रहा था। भला क्यों नहीं वे दोनों तो गांधीयन मिसाइल मैन डाॅ.एपीजे अब्दुल कलाम के अत्यंत करीबी रह चुके हैं।
डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन “मैं हूं उदाकिशुनगंज” को कोटि-कोटि धन्यवाद व साधुवाद ज्ञापित किया जिनके सदस्यों ने हरिहर साहा कॉलेज के प्रांगण में भरपूर पौधरोपण किया। धन्यवाद ज्ञापित किया उस अनुमंडल के सभी मुखिया, सरपंच सहित सभी जनप्रतिनिधियों को जिन्होंने संकल्प लिया है उदाकिशुनगंज को एक साथ मिलकर विकास के पथ पर और आगे ले जाने का…।