मधेपुरा बीपी मंडल कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग के परिसर में कोसी कमिश्नरी के मधेपुरा, सहरसा एवं सुपौल कॉलेज आफ इंजीनियरिंग के छात्र-छात्राओं के लिए खेल एवं सांस्कृतिक उत्सव -2023 “अभ्युदय” का शुभारंभ 17 दिसंबर को 10:00 बजे पूर्वाह्न से प्राचार्य प्रो.अरविंद कुमार अमर की अध्यक्षता में सहरसा एवं सुपौल जिले के अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर सी प्रसाद एवं डॉ. एन मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति व अन्य अतिथियों की मौजूदगी में समारोह के मुख्य अतिथि प्रो.(डॉ.)भूपेन्द्र नारायण यादव मधेपुरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ.भूपेन्द्र मधेपुरी ने अपने संबोधन में जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो.(डॉ.)भूपेंद्र प्रसाद एवं अतिथि के रूप में तीनों जिले के नोडल ऑफिसर इंजीनियर मुरलीधर प्रसाद इंजीनियर अजय प्रभाकर व इंजीनियर अचिंत रंजन, बीएन मंडल विश्वविद्यालय के सीनेटर प्रो.(डॉ.) नरेश कुमार एवं एसएनपीएम के पूर्व प्राचार्य डॉ.निरंजन कुमार सहित सभी छात्र-छात्राओं को तीनों जिले के इतिहास से रू-ब-रू कराते हुए यही कहा कि खेल में हार जाना खेल का अंत नहीं होता, खेल में हार मान लेना खेल का अंत होता है। जिद्दी बनिए और जीतने तक खेलते रहिए। देश की एकता-अखंडता के लिए खेल आवश्यक होता है। खेल हमारे जीवन का अनिवार्य हिस्सा बन गया है। आजकल खेल स्कूल, कॉलेज एवं करियर में भी स्थान बनाने लगा है। अंत में डॉ.मधेपुरी ने यही कहा कि खेल सामाजिक सद्भाव, मानसिक विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण के लिए जरूरी होता है। खेल अनुशासन, ईमानदारी एवं धैर्य को बढ़ाता है। खेल हर खिलाड़ी के अंदर समूह के प्रति ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना उत्पन्न करता है। जहां सहरसा के प्राचार्य डॉ. आर सी प्रसाद ने कहा कि बिना हार का स्वाद चखे, सफलता नहीं मिलती वहीं सुपौल के प्राचार्य डॉ.ए.एन मिश्रा ने खिलाड़ियों से यह कहा कि इतनी तैयारी करो कि कोसी की टीम बाहर खेलने जाए। जेएनकेटी के प्राचार्य डॉ.भूपेंद्र प्रसाद ने कहा कि खेल में अच्छा करने वाले को सभी जानने लगते हैं और उसकी इज्जत बढ़ जाती है।
अंत में प्राचार्य प्रो.अरविंद कुमार अमर द्वारा अपने मंच संचालकों एवं सहयोगी डॉ.एस डी सिंह सहित सभी अतिथियों का अंगवस्त्रम एवं पौध देकर स्वागत करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। तत्पश्चात सुपौल क्रिकेट टीम टॉस जीतकर बोलिंग पसंद किया और सहरसा क्रिकेट टीम बैटिंग करने लगी। यह खेल उत्सव का कार्यक्रम 22 दिसंबर तक चलेगा जिसमें विभिन्न विधाओं के प्रतिभागीगण वॉलीबॉल, बैडमिंटन, हाई जंप, लॉन्ग जंप, 100 मीटर दौड़, टग ऑफ वॉर, शॉट पुट थ्रो, शतरंज, टेबल टेनिस, कैरम डिबेट, क्विज, पोस्टर मेकिंग, गीत गायन कंपटीशन सहित डांस व रंगोली प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। 22 दिसंबर को ही पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।